क्रिकेट में प्रतिभा की कोई उम्र नहीं होती. कभी 13 साल का वैभव सूर्यवंशी दुनिया को चौंका देता है, तो कभी 4 साल 4 महीने का एक नन्हा बल्लेबाज इंटरनेट पर सनसनी बन जाता है. इस बार सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने लोगों को यही सोचने पर मजबूर कर दिया है कि भारतीय क्रिकेट की अगली पीढ़ी शायद उम्मीद से भी ज्यादा तेजी से तैयार हो रही है.
वीडियो की शुरुआत होती है एक छोटे से बच्चे से, जो सिर पर हेलमेट, पैड और दस्ताने पहनकर पूरी तैयारी के साथ क्रीज पर खड़ा है. सामने उससे कई गुना बड़ा गेंदबाज. देखने वाले सोचते हैं कि यह सिर्फ एक क्यूट वीडियो होगा, लेकिन अगले कुछ सेकंड में जो होता है, वही इसे वायरल बना देता है.
इंडोर नेट्स में गेंद फेंकी जाती है और नन्हा बल्लेबाज बिना किसी झिझक के बल्ला घुमाता है. कभी सीधा ड्राइव, कभी पुल जैसा शॉट, तो कभी गेंद की लाइन में आकर शानदार टाइमिंग. उसकी आंखें गेंद का पीछा ऐसे कर रही थीं मानो सालों से नेट्स में पसीना बहा रहा हो. सबसे ज्यादा हैरानी उसकी हैंड-आई कोऑर्डिनेशन ने पैदा की, जो कई बड़े खिलाड़ियों में भी इतनी सहज नहीं दिखती.
वीडियो में मजेदार मोड़ तब आता है जब गेंदबाज खुद बच्चे की बल्लेबाजी देखकर मुस्कुरा देता है. वह उसके पास जाता है, उसकी तारीफ करता है और उसके पैर छू लेता है...यही खेल भावना लोगों का दिल जीत लेती है.
99 missed calls from RR management 😂😂 to this 4 year old boy 😍
— Tara 💚 (@TaraGreenz) May 27, 2026
Respect for the bowler 🙏🙏🔥💚 pic.twitter.com/ujIiTvVItw
'राजस्थान रॉयल्स अभी से नंबर मांग रही होगी...'
वीडियो पोस्ट करने वाले ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि राजस्थान रॉयल्स का मैनेजमेंट शायद अभी से इस बच्चे के फोन पर कॉल कर रहा होगा. बस फिर क्या था, कमेंट सेक्शन में कल्पनाओं का IPL शुरू हो गया.
एक यूजर ने लिखा,
- क्या क्रिकेट को मिल गया एक और नन्हा जीनियस?
दूसरे ने सीधे तुलना कर दी,
- क्या एक और वैभव सूर्यवंशी तैयार हो रहा है?
एक और यूजर ने मजाक में कहा,
- सूर्यवंशी को नया ओपनिंग पार्टनर मिल गया!
यानी लोगों ने इस बच्चे को भविष्य का स्टार घोषित करने में देर नहीं लगाई.
... लेकिन हर कोई सिर्फ तारीफ नहीं कर रहा
जहां एक तरफ लोग उसकी प्रतिभा पर फिदा हैं, वहीं कुछ यूजर्स ने बचपन और पढ़ाई को लेकर भी चिंता जताई.
एक कमेंट आया,
- उसे स्कूल जाने दीजिए, उसका जीवन बर्बाद मत कीजिए.
हालांकि इस पर भी जवाब तुरंत मिल गया -
अगर उसका सपना क्रिकेटर बनने का है, तो सिर्फ स्कूल जाना भी उसके लिए समय की बर्बादी हो सकता है.
यानी बहस शुरू हो गई कि प्रतिभा को जल्दी निखारा जाए या बच्चे को सामान्य बचपन जीने दिया जाए.
ये भी पढ़ें - अगला वैभव सूर्यवंशी बनाने की सनक? 'नहीं… मैं नहीं खेलूंगा', फिर भी बच्चे को तेज गेंदबाज के आगे खड़ा कर दिया
क्यों खास है यह वीडियो?
सोशल मीडिया पर बच्चों के खेलते हुए वीडियो अक्सर वायरल होते हैं, लेकिन इस क्लिप की खासियत सिर्फ उम्र नहीं है. असली बात यह है कि 4 साल का बच्चा गेंद की लंबाई पहचान रहा है, बल्ले का फेस सही रख रहा है और आत्मविश्वास के साथ शॉट खेल रहा है. यही वजह है कि वीडियो को लाखों लोग देख रहे हैं और शेयर कर रहे हैं.
बेशक, अभी उसे अगले विराट कोहली या वैभव सूर्यवंशी कहना जल्दबाजी होगी. लेकिन इतना जरूर है कि इस नन्हे बल्लेबाज ने अपने कुछ सेकंड के वीडियो से क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचित कर दिया है.
और शायद यही वजह है कि इंटरनेट फिलहाल एक ही सवाल पूछ रहा है- 'क्या भारतीय क्रिकेट का अगला चमत्कार अभी से तैयार हो रहा है?'