Surya Gochar 2026: वैदिक ज्योतिष में सूर्य को आत्मबल, प्रतिष्ठा और नेतृत्व का कारक ग्रह माना जाता है.जब सूर्य अपनी उच्च राशि में प्रवेश करते हैं, तो इसका प्रभाव काफी शक्तिशाली माना जाता है. इस साल 14 अप्रैल 2026 को सुबह 9:38 बजे सूर्य मेष राशि में प्रवेश करेंगे. मेष सूर्य की उच्च राशि है, इसलिए इस गोचर को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सूर्य लगभग एक महीने तक यानी 15 मई 2026 तक इसी राशि में रहेंगे, जिससे सभी राशियों के जीवन में अलग-अलग तरह के बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
सूर्य का यह गोचर कुछ राशियों के लिए विशेष रूप से अनुकूल साबित हो सकता है. इस दौरान करियर में आगे बढ़ने के मौके मिल सकते हैं, आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है. कई लोगों के लंबे समय से अटके काम पूरे होने की संभावना है. खासतौर पर 5 राशियों को इस अवधि में सफलता, सम्मान और खुशखबरी मिलने के संकेत हैं. आइए जानते हैं इन राशियों पर इसका क्या असर पड़ सकता है.
मेष राशि (Aries)
सूर्य का आपकी ही राशि में प्रवेश आपके आत्मबल और ऊर्जा को काफी बढ़ा सकता है. इस दौरान आपके भीतर नेतृत्व करने की क्षमता और निर्णय लेने का साहस मजबूत होगा. कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत पहचान दिला सकती है .नई जिम्मेदारियां मिलने के संकेत हैं. स्वास्थ्य में भी सुधार देखने को मिल सकता है.समाज में आपकी प्रतिष्ठा बढ़ सकती है. अगर आप कोई नया काम शुरू करना चाहते हैं, तो यह समय अनुकूल माना जा सकता है.
सिंह राशि (Leo)
यह गोचर आपके लिए रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला साबित हो सकता है. प्रेम संबंधों में बेहतर समझ बन सकती है. रिश्तों में चल रही गलतफहमियां दूर होने की संभावना है. पढ़ाई या प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लोगों को सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं. आर्थिक मामलों में भी लाभ के योग बन सकते हैं .
तुला राशि (Libra)
सूर्य का यह गोचर आपके संबंधों और साझेदारी के क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. जीवनसाथी के साथ तालमेल बेहतर हो सकता है, वैवाहिक जीवन में खुशियां बढ़ सकती हैं. बिजनेस से जुड़े लोगों को पार्टनरशिप में फायदा मिल सकता है. साथ ही, नए लोगों से संपर्क बनने से भविष्य में लाभ के अवसर मिल सकते हैं. सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में भी आपकी पहचान मजबूत हो सकती है.
धनु राशि (Sagittarius)
इस अवधि में आपके लिए रचनात्मक और सकारात्मक अवसर बढ़ सकते हैं. नौकरी और व्यापार में नए प्रोजेक्ट मिलने की संभावना है. आर्थिक स्थिति में सुधार आ सकता है. निवेश से लाभ मिलने के संकेत बन सकते हैं. परिवार के साथ अच्छा समय बिताने का मौका मिलेगा. किसी शुभ समाचार से घर का माहौल खुशहाल हो सकता है.
मकर राशि (Capricorn)
सूर्य का यह गोचर आपके लिए घर और परिवार से जुड़े मामलों में सकारात्मक बदलाव ला सकता है. परिवार के सदस्यों के साथ संबंध मजबूत हो सकते हैं. घर में सुख-शांति का माहौल रहेगा. करियर में धीरे-धीरे प्रगति देखने को मिल सकती है. लंबे समय से चल रही किसी समस्या का समाधान मिल सकता है. जमीन-जायदाद या संपत्ति से जुड़े मामलों में भी लाभ के संकेत मिल सकते हैं.