Chandra Grahan 2026 Timing In India: 3 मार्च यानी आज साल का पहला चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है. यह पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा, जो कि भारत में भी दृश्यमान होगा. इसी वजह से भारत में आज इसका सूतक काल भी मान्य है. यह खंडग्रास चंद्रग्रहण होगा, जो कि सिंह राशि और पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में लगेगा. आज दिखने वाला चंद्र ग्रहण ग्रस्तोदित होगा, जो कि बहुत ही विशेष माना जा रहा है.
ज्योतिषियों के मुताबिक, इस चंद्र ग्रहण का सूतक काल शाम 6 बजकर 46 मिनट पर समाप्त होगा, जब चंद्र ग्रहण का भी समापन होगा. तो आइए जानते हैं कि भारत में आज कितने बजे से चंद्र ग्रहण दिखेगा और क्या रहेगी इस ग्रहण की पीक टाइमिंग.
कितने बजे दिखेगा चंद्रग्रहण?
साल का पहला चंद्र ग्रहण 3 मार्च यानी आज दोपहर 3 बजकर 20 मिनट पर शुरू होगा और शाम 6 बजकर 46 मिनट पर समाप्त होगा. इस तरह ग्रहण की कुल अवधि लगभग 3 घंटे 27 मिनट रहेगी. खगोलविदों की मानें तो चंद्र ग्रहण आज शाम 5 बजकर 04 मिनट पर अपने पीक पर होगा. इसी समय चंद्र ग्रहण का प्रभाव सबसे ज्यादा होगा.
कहां कहां दिखाई देगा ये चंद्र ग्रहण? (Chandra Grahan 2026 When and Where to Watch)
यह चंद्र ग्रहण भारत के पूर्वी हिस्सों में ज्यादा स्पष्ट रूप से दिखाई देगा, जबकि अन्य क्षेत्रों में आंशिक रूप से नजर आ सकता है. भारत के अलावा यह ग्रहण ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण-पूर्व एशिया, प्रशांत महासागर और अमेरिका के कुछ हिस्सों में भी दिखाई देगा.
चंद्र ग्रहण 2026 देश-दुनिया पर प्रभाव
यह चंद्र ग्रहण सिंह राशि में लग रहा है. इस ग्रहण से सिंह और कुंभ राशि प्रभावित होंगी. इस ग्रहण से दुनिया में सत्ता में उथल-पुथल होने की संभावना है. इस ग्रहण के बाद से युद्ध की स्थितियां ज्यादा नकारात्मक हो सकती हैं. इस ग्रहण की वजह से बड़े राजनेतों की सत्ता पर असर पड़ सकता है.
सूतक के दौरान क्या न करें (Chandra Grahan 2026 Sutak kaal Precautions)
ग्रहण के दौरान अन्न का त्याग कर देना चाहिए. किसी प्रकार के नकारात्मक कार्य को करना निषेध रहता है. इस दौरान आध्यात्मिक चिंतन और सात्विक आहार विहार रखना चाहिए. कच्चे हो या पके हुए अन्न को ग्रहण के दौरान नहीं रखना चाहिए और तेल में तले पदार्थ और दूध-दही इत्यादि में तुलसी का पत्ता डाल देना चाहिए. ग्रहण के दौरान पूरी तरह से अन्न-जल का त्याग कर देना चाहिए. अपने इष्टदेव का ध्यान और ओम नम: शिवाय का जप करना चाहिए.
चंद्र ग्रहण के दौरान क्या करें (Chandra Grahan 2026 Dos)
1. चंद्र ग्रहण के दौरान सिर्फ भगवान के मंत्रों का जप करना चाहिए, जो कि दस गुना फलदायी माना जाता है.
2. चंद्र ग्रहण के बाद शुद्ध जल से स्नान करके, गरीबों का दान देना चाहिए.
3. चंद्र ग्रहण के बाद पूरे घर को शुद्ध करना चाहिए. ऐसा करने से घर की सभी नकारात्मक शक्तियां दूर हो जाती है.
4. ग्रहण के समय गायों को घास, पक्षियों को अन्न, जरूरत मंदों को वस्त्र दान देने से अनेक गुना पुण्य प्राप्त होता है.
चंद्र ग्रहण का क्या हो सकता है प्रभाव
ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार, चंद्र ग्रहण का असर सबसे ज्यादा मन और भावनाओं पर पड़ता है. इस दौरान तनाव, भ्रम और नकारात्मक सोच बढ़ सकती है. इसलिए इस समय शांत रहना और बड़े फैसलों से बचना बेहतर माना जाता है.