जयपुर के सिविल लाइंस इलाके स्थित सुशीलपुरा वार्ड 45 में पेयजल संकट को लेकर जनता का गुस्सा खुलकर सामने आ गया. पिछले कई दिनों से लोग साफ पानी के बजाय सीवरेज का गंदा पानी पीने को मजबूर हैं. लगातार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी.
मामला उस समय और गरमा गया जब भाजपा विधायक गोपाल शर्मा मौके पर पहुंचे. पहले से नाराज लोगों की भीड़ ने विधायक के सामने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं. खासकर महिलाओं ने साफ पानी की समस्या को लेकर तीखी नाराजगी जाहिर की और तत्काल समाधान की मांग की.
यह भी पढ़ें: आर्ट के लिए हाथी को किया गुलाबी, जयपुर के इस शूट पर लोगों ने फोटोग्राफर की लगा दी क्लास
स्थिति तब और चौंकाने वाली हो गई जब भीड़ में मौजूद एक युवक ने सीवरेज के गंदे पानी से भरा गिलास विधायक को थमा दिया और उसे पीने के लिए कहा. इस घटना ने मौके का माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण बना दिया.
गंदा पानी पीने की चुनौती, विधायक ने किया इनकार
बताया गया कि विधायक ने गिलास को सूंघकर ही पानी पीने से इनकार कर दिया. इस पर मौजूद महिलाओं ने कहा कि वे पिछले एक महीने से इसी गंदे पानी को पीने को मजबूर हैं और विधायक से भी एक बार इसे पीकर देखने की बात कही.
यह पूरा घटनाक्रम मंगलवार का बताया जा रहा है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया है.
देखें वीडियो...
स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिससे उनका आक्रोश बढ़ता गया.
विधायक की सफाई और समाधान का दावा
वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक गोपाल शर्मा ने सफाई दी कि सुशीलपुरा क्षेत्र में नई सीसी सड़क निर्माण के दौरान तकनीकी कारणों से सीवरेज और पेयजल लाइनों में अस्थायी समस्या आ गई थी.
उन्होंने कहा कि मौके पर पहुंचकर उन्होंने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए हैं. विधायक के मुताबिक, गिलास में दिया गया पानी गंदा था, जिसे सूंघकर ही पहचान लिया गया.
उन्होंने यह भी कहा कि समस्या को दूर करने के लिए अधिकारी दिन-रात काम कर रहे हैं और जल्द ही स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है.