राजस्थान की धौलपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 12 करोड़ 69 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में छह साल से फरार चल रहे 43 हजार रुपये के इनामी बदमाश अमित गौतम को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर भरतपुर रेंज की ओर से 40 हजार और जयपुर पश्चिम पुलिस की ओर से 3 हजार रुपये का इनाम घोषित था. प्रवर्तन निदेशालय भी लंबे समय से उसकी तलाश कर रहा था.
धौलपुर एसपी विकास सांगवान ने बताया कि एडिशनल एसपी वैभव शर्मा के सुपरविजन में साइबर सेल और निहालगंज थाना पुलिस पिछले छह महीनों से आरोपी की तलाश में जुटी थी. लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने उसे दिल्ली के लाजपत नगर इलाके से गिरफ्तार किया.
यह भी पढ़ें: 1 मंच, 3 धर्म और 66 जोड़े... धौलपुर के सामूहिक विवाह में गरीब-अनाथ बेटियों की धूमधाम से हुई शादी
पुलिस के अनुसार आरोपी अमित गौतम ने अपने साथी अरुण अग्रवाल के साथ मिलकर करीब 200 लोगों को निवेश के नाम पर ठगी का शिकार बनाया था. वह खुद को बड़ा निवेशक बताकर कम समय में अधिक मुनाफा देने का झांसा देता था.
निवेश के नाम पर ठगी का जाल
जांच में सामने आया कि आरोपी भरोसा जीतने के लिए शुरुआत में कुछ लोगों को पैसा लौटाता था, जिससे लोगों का विश्वास बढ़ता था. इसके बाद वह बड़ी रकम निवेश करवाकर फरार हो जाता था. ठगी को अंजाम देने के लिए उसने कई फर्जी कंपनियां बना रखी थीं, जिनके जरिए लोगों को निवेश के नाम पर फंसाया जाता था.
एसपी सांगवान के बताया कि आरोपी लग्जरी गाड़ियां, महंगी घड़ियां और मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर खुद को प्रभावशाली दिखाता था, ताकि लोग आसानी से उसके झांसे में आ जाएं. इसी दिखावे के जरिए वह लोगों का भरोसा जीतकर बड़ी रकम हड़प लेता था.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जिन लोगों के पास निवेश के लिए पैसे नहीं होते थे, उन्हें आरोपी बैंक से लोन दिलवाकर भी निवेश करवाता था.
हाईप्रोफाइल लोगों को बनाता था निशाना
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने उदयपुर से एम फार्मा की पढ़ाई की थी और मेडिकल क्षेत्र की जानकारी होने के कारण वह डॉक्टरों, इंजीनियरों और व्यापारियों को निशाना बनाता था. मेडिकल और फार्मेसी से जुड़ी जानकारी के कारण उसका लक्ष्य उच्च शिक्षित और हाईप्रोफाइल लोग रहते थे.
आरोपी लग्जरी लाइफस्टाइल का शौकीन था और उसी छवि का इस्तेमाल कर लोगों को अपने जाल में फंसाता था. उसके खिलाफ जयपुर, उदयपुर और धौलपुर में करीब 20 मामले दर्ज हैं. पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है.