पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले आज चुनावी प्रचार थम जाएगा. उससे भी पहले आज बंगाल के हुगली में चुनावी हिंसा की खबर सामने आई है. जहां आरामबाग से तृणमूल कांग्रेस सांसद मिताली बाग की कार पर हमला हुआ है. ममता बनर्जी की सांसद मिताली बाग अभिषेक बनर्जी की रैली में शामिल होने जा रही थीं, तभी रास्ते में उनकी गाड़ी को निशाना बनाया गया. हमले के दौरान कार में तोड़फोड़ की गई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. तृणमूल कांग्रेस सांसद मिताली बाग ने इस हमले के पीछे बीजेपी कार्यकर्ताओं का हाथ होने का आरोप लगाया है. मिताली बाग का कहना है कि चुनाव के दौरान विपक्षी नेताओं को डराने और प्रचार रोकने की कोशिश की जा रही है. वहीं, इस घटना के बाद टीएमसी कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमले में शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पहले चरण की वोटिंग के दिन बंगाल में मुर्शिदाबाद समेत कुछ जगहों पर झड़प और मारपीट की खबरें आई थीं.