कभी सात फेरे लेकर साथ निभाने की कसमें खाने वाला रिश्ता, एक खौफनाक साजिश में बदल जाएगा, शायद ही किसी ने सोचा होगा. मध्यप्रदेश में धार जिले के एक छोटे से गांव में पत्नी ने ही अपने पति की मौत की कहानी लिख दी, जिसे लूट की वारदात का रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन सच्चाई ज्यादा देर छिप नहीं सकी.
प्रेमी के साथ मिलकर मर्डर
धार जिले के गोंदी खेड़ा चारण गांव में हुई इस हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश को गिरफ्तार किया है. पुलिस जांच में सामने आया कि प्रियंका ने अपने पति देवकृष्ण पुरोहित से पीछा छुड़ाने के लिए प्रेमी के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी.
एक लाख रुपये की सुपारी और लूट का नाटक
जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपी कमलेश ने अपने साथी सुरेंद्र को हत्या के लिए एक लाख रुपये की सुपारी दी थी. वैज्ञानिक साक्ष्यों और सख्त पूछताछ के बाद प्रियंका ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. फिलहाल पुलिस फरार आरोपी सुरेंद्र की तलाश में जुटी हुई है.
15 साल की उम्र में हो गयी थी शादी
पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के अनुसार, प्रियंका की शादी महज 15 साल की उम्र में हुई थी. बाल विवाह के कारण दोनों अलग-अलग अपने परिवारों के साथ रहते थे. 21 साल की उम्र पूरी होने के बाद प्रियंका को पति के साथ रहने के लिए कहा गया, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं थी. इसी दौरान उसका प्रेम संबंध कमलेश से हो गया, जो आगे चलकर इस खौफनाक वारदात की वजह बना.
लोगों के जुटने पर रोने- धोने का नाटक
घटना की रात देवकृष्ण और प्रियंका घर में सो रहे थे. उसी दौरान सुरेंद्र ने घर में घुसकर सोते हुए देवकृष्ण के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद घटना को लूट का रूप देने के लिए प्रियंका को बांधकर दूसरे कमरे में छोड़ दिया गया और कुछ समय बाद उसे शोर मचाने के लिए कहा गया. लोगों के जुटने पर प्रियंका ने रोने- धोने का नाटक शुरू कर दिया.
सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए. शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद गहन पूछताछ में पूरी साजिश का खुलासा हो गया. पुलिस ने महज 36 घंटे में प्रियंका और कमलेश को गिरफ्तार कर लिया.