इंदौर के सफाईकर्मियों के लिए अभद्र शब्दों का उपयोग करने वाले मौलाना शादाब खान को चंदन नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधि मंडल ने चंदन नगर थाने में मौलाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था.
दरअसल, चंदन नगर इलाके के रहने वाले मौलाना शादाब खान का आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वायरल वीडियो में मौलाना कहता नजर आ रहा है, ''अब हम अपनी बहन-बेटियों और भाभियों को कचरा डालने नहीं देंगे. और कहेंगे कि हम पैसा भरते हैं और कचरे का टैक्स भरते हैं तो तेरे (सफाईकर्मी) मुंह पर और ₹60 मारेंगे... ₹2 रोज के हिसाब से. लेकिन कचरे की डलिया तू उठाकर डालेगा. हमारी बहन बेटियां गाड़ी में कचरा नहीं डालेंगी...''
मौलाना ने अपने वायरल वीडियो में आगे कहा, ''मैंने देखा है कि जो भाभी, मां या जवान बेटियां कचरा गाड़ी में डालती हैं, तब उनकी कमीज ऊपर हो जाती है और उनका पेट नजर आता है. और ये नीच नजर वाले उनको घूर कर देखते हैं...सोचिए हमारी बहू, बेटी, मां का नाखून भी कोई गैर व्यक्ति देखें तो हमें गवारा नहीं, इसलिए हमें खुद अपने घर से इसकी शुरुआत करना पड़ेगी.''
यह भी पढ़ें...
वाल्मिकी समाज ने जताई थी आपत्ति
मौलाना ने वीडियो जारी कर वाल्मिकी समाज से माफी भी मांगी थी. वाल्मिकी समाज ने मौलाना के वायरल वीडियो पर आपत्ति जताई थी. वाल्मिकी समाज के मनोज परमार ने कहा था कि मौलाना की माफी मांगने से काम नहीं चलेगा. उसका मकान टूटना चाहिए. हम उसके मुंह पर 60 रुपये की जगह 60 हज़ार फेंक सकते हैं. उसको माफ नहीं करेंगे. यह वाल्मीकि समाज की मर्यादा का हनन करने का मामला है.
देखें वीडियो...
परमार ने कहा था कि इंदौर में स्वच्छता सर्वेक्षण भी सिर पर है और ऐसे में सफाई कर्मचारी काम बंद करते हैं, तो इससे न केवल इंदौर की स्वच्छता को बट्टा लगेगा बल्कि इंदौर नगर निगम की छवि भी धूमिल होगी. इसलिए सफाई मित्र अपना कार्य जारी रखेंगे. लेकिन 2 दिन काम बंद रहेगा. हालांकि, वायरल वीडियो में वाल्मीकि समाज पर विवादित टिप्पणी करने वाले चंदननगर क्षेत्र के रहने वाले मौलाना शादाब खान के क्षेत्र में 2 दिन सफाई और कचरा नहीं उठाने की बात भी उन्होंने कही है.
जेल भेजा गया है मौलाना- थाना प्रभारी
मामले पर जानकारी देते हुए चंदन नगर थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने कहा है कि कुछ दिन पहले मौलाना का वीडियो वायरल हुआ था. उसमें निगम कर्मियों की शिकातय पर मामला दर्ज किया गया था. शुक्रवार को मौलाना को गिरफ्तार किया गया और जेल भेज दिया गया है. वायरल वीडियो में अशब्द कहे गए थे, वीडियो 8 महीने पुराना है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.