मध्यप्रदेश के खरगोन में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की ठीबगांव शाखा से 41 लाख 58 हजार 95 रुपए के गबन मामले में फरार चल रही महिला कैशियर ऋतु गोस्वामी (44) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने दावा किया है कि गबन की रकम में से 35 लाख रुपए से अधिक उसने ऑनलाइन गेम ‘स्टार मेकर’ में गंवा दिए.
पुलिस ने आरोपी के पास से 1 लाख 49 हजार रुपए नकद, तीन मोबाइल फोन और बैंक का आईडी कार्ड बरामद किया है. जांच में यह भी सामने आया है कि गबन की रकम का कुछ हिस्सा परिवार के साथ घूमने-फिरने और हवाई यात्राओं पर खर्च किया गया.
खरगोन पुलिस के मुताबिक, ऋतु किसी लिंक के जरिए ‘स्टार मेकर’ गेम से जुड़ी थी. पूछताछ में उसने बताया कि गेम खेलते-खेलते वह बड़ी रकम हार गई. फिलहाल पुलिस उसके दावों और पैसों के लेनदेन की जांच कर रही है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने पति, बच्चे और सास-ससुर को हवाई यात्रा कराकर मुंबई, दिल्ली और इंदौर की सैर भी कराई थी. अब तक केवल 1.49 लाख रुपए बरामद हुए हैं, जबकि बाकी रकम कहां खर्च हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है.
जांच में सामने आया कि बैंक से रकम लेकर फरार होने के बाद ऋतु मुंबई स्थित अपने ससुराल पहुंच गई थी. उसने परिजनों को बताया था कि वह बैंक से छुट्टी लेकर आई है.
पुलिस का कहना है कि परिवार के मोबाइल नंबर भी बंद करा दिए गए थे, ताकि बैंक या पुलिस उनसे संपर्क न कर सके. आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम मुंबई और दिल्ली तक पहुंची.
एसपी रवींद्र वर्मा ने बताया कि मुख्य आरोपी से पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी है. मामले में सहायक कैशियर त्रयंबक वाणी और शाखा प्रबंधक राजेश राठौड़ अब भी फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है.