scorecardresearch
 

स्कॉर्पियो से पहुंचे नकली अफसर, फर्जी इनकम टैक्स रेड, 15 मिनट में 50 तोला सोना-कैश लेकर गायब

धार में बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में ठेकेदार के घर फर्जी इनकम टैक्स रेड डालकर लाखों की लूट को अंजाम दिया. नकली अधिकारियों के रूप में पहुंचे आरोपियों ने तलाशी के नाम पर घर से करीब 50 तोला सोना और चार लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए नाकेबंदी की गई है.

Advertisement
X
 आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस (Photo: Screengrab)
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस (Photo: Screengrab)

मध्य प्रदेश के धार में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में एक ठेकेदार के घर फर्जी इनकम टैक्स छापेमारी कर लाखों की लूट को अंजाम दे दिया. आरोपियों ने खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर घर में प्रवेश किया और तलाशी के बहाने करीब 50 तोला सोना, चार लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए.

नकली अफसर बनकर आए थे बदमाश

घटना बाग क्षेत्र के ब्राह्मण मोहल्ले की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार एमपीईबी ठेकेदार राजकुमार मालवीय के घर सुबह करीब 9:40 बजे बिना नंबर की स्कॉर्पियो में सवार बदमाश पहुंचे. इनमें से दो आरोपी खाकी वर्दी में थे, जबकि तीन अन्य सिविल ड्रेस में थे. उन्होंने दरवाजा खटखटाकर खुद को इनकम टैक्स विभाग का अधिकारी बताया और ब्लैक मनी की शिकायत का हवाला देते हुए घर की तलाशी लेने की बात कही.

पीड़िता कृष्णा मालवीय के अनुसार आरोपियों ने घर में घुसते ही अलमारी और अन्य जगहों की तलाशी शुरू कर दी. उन्होंने अलमारी की चाबी भी ले ली और घर के अलग-अलग कमरों में जाकर जांच करने लगे. इस दौरान बदमाशों ने परिवार के लोगों को एक कमरे में बैठाकर उनके मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिए.

Advertisement

15 मिनट में 50 तोला सोना लेकर हुए फरार

करीब 15 मिनट तक घर की तलाशी लेने के बाद आरोपियों ने अलमारी से करीब 50 तोला सोने के जेवर, चार लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन अपने साथ ले लिए. इसके बाद वो तेजी से वहां से फरार हो गए. घटना के बाद परिवार को शक हुआ कि ये असली अधिकारी नहीं थे.

मामले की सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए साइबर टीम की भी मदद ली जा रही है.
 

---- समाप्त ----
इनपुट: छोटू शास्त्री
Live TV

Advertisement
Advertisement