अप्रैल के महीने से चिलचिलाती गर्मी का प्रकोप शुरू हो चुका है. बाहर लू और घर के अंदर पसीने वाली उमस में अभी से सभी लोग हाय गर्मी..हाय गर्मी कर रहे हैं. इससे छुटकारा पाने के लिए लोग ठंडी चीजों की तरफ भागते हैं. ऐसी गर्मी में घर भी किसी भट्टी की तरह तपता है और लोगों को अगर कोई चीज ठंडक देती है वो है एसी की ठंडी हवा. ये हवा लोगों को किसी 'वरदान' से कम नहीं लगती. जिस कमरे में एसी चलता है उसमें पैर रखते ही जो सुकून मिलता है, उसका कोई मुकाबला नहीं है. लेकिन क्या आपने कभी गौर किया है कि घंटों एसी में बैठने के बाद आपकी स्किन खिंची-खिंची सी क्यों लगती है या गले में हल्की खुश्की क्यों महसूस होती है?
दरअसल, एसी हवा को ठंडा करने के चक्कर में कमरे की सारी नमी सोख लेता है. इससे हवा रेगिस्तान जैसी सूखी हो जाती है, जो आपकी सेहत और स्किन दोनों पर भारी पड़ सकती है. इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए आपको किसी महंगे इलेक्ट्रिक गैजेट की नहीं, बल्कि घर में मौजूद पानी की बाल्टी की जरूरत है. ये देसी जुगाड़ सुनने में थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन ये है बहुत काम का.
एसी हवा को बना देता है बहुत सूखा
एसी चलने पर कमरे की हवा से नमी खत्म हो जाती है. इसका असर आपके शरीर पर साफ दिखता है. ज्यादा देर तक या फिर लगातार एसी वाले कमरे में बैठे रहने से स्किन बिल्कुल रूखी हो जाती है, होंठ फटने लगते हैं, आंखों में जलन होने लगती है. इसके साथ ही आपके गले और नाक में सूखापन भी आने लगता है.
एसी में ज्यादा देर तक बैठने से उन लोगों को भी बहुत समस्या होती है, जिन लोगों को साइनस या सांस की दिक्कत होती है. इससे उनकी परेशानी और ज्यादा बढ़ जाती है.
एसी वाले कमरे में पानी की बाल्टी रखने से क्या होता है?
इन सभी समस्याओं से बचने के लिए एसी वाले कमरे में पानी भरी बाल्टी रखने के लिए कहा जाता है. जब आप कमरे में पानी की बाल्टी रखते हैं, तो उसमें से धीरे-धीरे पानी हवा में घुलता है. इससे कमरे में नमी बनी रहती है. ये तरीका बिल्कुल नेचुरल और बिना बिजली के नेचुरल ह्यूमिडिफायर की तरह काम करता है. अगर आप पानी की बाल्टी कमरे में रखते हैं तो उसके बहुत फायदे होते हैं, जैसे
घर का माहौल भी रहता है बेहतर
एसी की हवा ठंडी तो होती है, लेकिन सूखी भी होती है. ये सिर्फ आपके शरीर पर ही नहीं, बल्कि घर के माहौल और उसमें रखे सामान पर भी बुरा असर डालती है. लंबे समय तक सूखी हवा में रहने से लकड़ी के फर्नीचर में दरारें पड़ सकती हैं, घर के पौधे मुरझाने लगते हैं और हल्के बिजली के झटके लगने की समस्या भी बढ़ जाती है. ऐसे में कमरे में पानी से भरी बाल्टी रखने से हवा में हल्की नमी बनी रहती है, जिससे ये सभी समस्याएं काफी हद तक कम हो जाती हैं.
अच्छी नींद में करती है मदद
एसी में सोते समय अक्सर लोगों को गला सूखने, नाक बंद होने या बार-बार नींद टूटने जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. इसका एक सबसे बड़ा कारण कमरे की सूखी हवा होती है. अगर कमरे में थोड़ी नमी बनी रहती है, तो सांस लेना आसान हो जाता है, शरीर को ज्यादा आराम मिलता है और नींद भी गहरी और सुकून भरी आती है. इसका मतलब साफ है इस देसी जुगाड़ से आपकी नींद की क्वालिटी बेहतर हो सकती है.
कैसे करें इस्तेमाल?
जरूरी बात: ध्यान रखें कि एसी कमरे की हवा को बहुत ज्यादा तेजी से सुखाता है. ऐसे में ये तरीका कारगर तो होता है, लेकिन अगर आप अच्छा रिजल्ट चाहते हैं और अफॉर्ड कर सकते हैं तो कमरे में एक ह्यूमिडिफायर लगाना बेहतर विकल्प होता है.