Small Bedroom Tips: घर वो सुकूनभरी जगह होती है, जहां पहुंचते ही दिनभर की आधी थकान अपने आप दूर हो जाती है. घर का हर कोना आराम देता है, लेकिन बेडरूम वो जगह है जहां आप सच में रिलैक्स करते हैं. यहीं आप सोते हैं और दिनभर की थकान उतारते हैं. ऐसे में बेडरूम का आरामदायक होना बेहद जरूरी है और उसमें रखा बेड इसकी सबसे अहम चीज होती है.
दरअसल, घर का बेडरूम चाहे छोटा हो या बड़ा, उसमें सबसे ज्यादा जगह बेड ही घेरता है. अगर बेड बहुत बड़ा हो जाए तो कमरे में चलने-फिरने तक की जगह कम पड़ जाती है. वहीं अगर बेड बहुत छोटा हो तो आराम से सोना मुश्किल हो जाता है. आजकल ज्यादातर घरों और फ्लैट्स में कमरे पहले की तुलना में छोटे होते हैं. ऐसे में सही बेड साइज चुनना बहुत जरूरी हो जाता है. अगर आप भी छोटे कमरे के लिए बेड खरीदने का सोच रहे हैं, तो पहले ये समझ लें कि किस साइज का बेड आपके कमरे के लिए सही रहेगा.
छोटे कमरे में बेड का सही साइज क्यों जरूरी है?
बेडरूम चाहे बड़ा हो या छोटा उसमें रखा सबसे बड़ा फर्नीचर बेड ही होता है. अगर इसका साइज सही नहीं चुना गया तो पूरा कमरा भरा-भरा और बिखरा-बिखरा लगने लगता है. ऐसे में सही साइज का बेड लेने से कमरे में चलने-फिरने की जगह भी बचती है और बाकी चीजें जैसे अलमारी, साइड टेबल या ड्रेसिंग टेबल रखने में भी दिक्कत नहीं होती.
भारत में आमतौर पर मिलने वाले बेड साइज
भारतीय बाजारों में कई तरह के बेड साइज मिलते हैं. ऐसे में कमरे के साइज के हिसाब से सही बेड चुनना बहुत जरूरी होता है, ताकि कमरे में जगह भी बनी रहे और सोने में भी आराम मिले.
सिंगल बेड: इसका साइज आमतौर पर करीब 3×6 फीट होता है. ये एक व्यक्ति के लिए सही रहता है और छोटे कमरों में आसानी से फिट हो जाता है.
डबल बेड: इसका साइज लगभग 4×6 फीट होता है. ये दो लोगों के लिए बेसिक स्पेस देता है और छोटे बेडरूम में भी लगाया जा सकता है.
क्वीन साइज बेड: आमतौर पर इसका साइज करीब 5×6.5 फीट होता है. ये दो लोगों के लिए ज्यादा आरामदायक माना जाता है.
किंग साइज बेड: इसका साइज लगभग 6×6.5 फीट होता है. ये काफी बड़ा होता है और ज्यादा जगह वाले बड़े बेडरूम के लिए बेहतर माना जाता है.
छोटे कमरे के लिए कौन सा बेड सबसे बेहतर
सिंगल बेड: अगर आपका कमरा बहुत छोटा है या बच्चों का कमरा है, तो सिंगल बेड सबसे अच्छा ऑप्शन है. इससे कमरे में काफी जगह बच जाती है और बाकी फर्नीचर भी आसानी से रखे जा सकते हैं.
डबल बेड: छोटे या मीडियम साइज के कमरे के लिए डबल बेड भी अच्छा ऑप्शन माना जाता है. इसमें दो लोग आराम से सो सकते हैं और कमरा भी ज्यादा भरा-भरा नहीं लगता.
क्वीन साइज बेड: अगर कमरे का साइज थोड़ा बड़ा है, जैसे 10×12 फीट के आसपास, तो क्वीन साइज बेड लेना अच्छा रहता है. इसमें सोने की जगह भी ज्यादा मिलती है और कमरे में थोड़ी मूवमेंट स्पेस भी बची रहती है.
छोटे कमरे में जगह बचाने के आसान टिप्स
अगर आपका बेडरूम छोटा है तो उसका मतलब ये नहीं है कि आप उसे सुंदर और कंफर्टेबल नहीं बना सकते. कुछ आसान टिप्स से जगह का सही इस्तेमाल किया जा सकता है.