आजकल लोग जैसे ही कपड़े गंदे होते हैं, वैसे ही उन्हें तुरंत वॉशिंग मशीन में धुलने के लिए डाल देते हैं. इससे न केवल काम आसान होता है, बल्कि कपड़े भी बिल्कुल साफ और चमकदार होकर निकलते हैं. लेकिन क्या हो अगर आप देखें कि आपके कपड़े वॉशिंग मशीन से साफ होकर नहीं, बल्कि उल्टा और ज्यादा दागदार होकर निकलें? वॉशिंग मशीन से निकलने कपड़ों लगे अजीबोगरीब काले, भूरे या सफेद दाग देखना किसी डरावने सपने से कम नहीं है.
अगर आपकी वॉशिंग मशीन भी कपड़ों को साफ करने के बजाय गंदा कर रही है, तो यकीन मानिए ये संकेत है कि उसे मदद की जरूरत है. अक्सर आपको लगता है कि शायद डिटर्जेंट खराब है या आपने बहुत ज्यादा कपड़े भर दिए हैं, लेकिन ऐसा नहीं है. तो फिर क्या कारण है आपकी वॉशिंग मशीन कपड़े साफ करने के बजाय गंदे कर रही है और इस समस्या से कैसा छुटकारा पाया जा सकता है? आज इस खबर में हम आपको इसका कारण और इसे ठीक करने का तरीका बताएंगे.
वॉशिंग मशीन साफ की जगह गंदे क्यों कर रही कपड़े?
1. मशीन के अंदर जमा गंदगी: अगर आपके कपड़े दागदार निकल रहे हैं तो इसकी वजह वॉशिंग मशीन के अंदर छिपी गंदगी हो सकती है. दरअसल, समय के साथ वॉशिंग मशीन के अंदर डिटर्जेंट, सॉफ्टनर और धूल-मिट्टी जमने लगती है. ये गंदगी ड्रम, रबर सील और डिटर्जेंट ट्रे में इकट्ठी होती है. अगर इसे ज्यादा समय तक साफ न किया जाए, तो यही जमा मैल निकलकर कपड़ों से चिपक जाता है और कपड़ों को दागदार बनाता है.
2. बैक्टीरिया और फंगस भी हैं जिम्मेदार: वॉशिंग मशीन के कुछ हिस्सों में बैक्टीरिया और फंगस को पनपे की जगह मिल जाती है. खासकर रबर सील और डिटर्जेंट ड्रॉअर में ये ज्यादा पनपते हैं. ये कीटाणु कपड़ों पर पहुंचकर बदबू, दाग और कई बार एलर्जी जैसी समस्याएं पैदा करते हैं.
3. ज्यादा डिटर्जेंट भी कर सकता है नुकसान: कुछ लोगों को लगता है कि ज्यादा डिटर्जेंट डालने से कपड़ों की सफाई ज्यादा अच्छे से होती है, लेकिन ऐसा नहीं है. अगर आप जरूरत से ज्यादा साबुन या सर्फ डालते हैं तो झाग ज्यादा बनते हैं और कपड़ों पर चिपक जाते हैं. परेशानी की बात ये है कि ये पूरी तरह धुल नहीं पाता है. इसका नतीजा ये होता है कि कपड़ों पर साबुन के दाग और चिपचिपापन रह जाता है.
4. ओवरलोडिंग से भी बिगड़ता है खेल: अगर आप वॉशिंग मशीन में जरूरत से ज्यादा कपड़े भर देते हैं, तो भी दिक्कत हो सकती है. दरअसल, इससे कपड़े ठीक से घूम नहीं पाते हैं. इसकी वजह से ये होता है कि पानी और डिटर्जेंट हर हिस्से तक नहीं पहुंचता और सफाई ढंग से नहीं हो पाती है.
5. हार्ड वाटर का असर: अगर आपके घर में हार्ड वाटर आता है, तो ये भी कपड़ों की सफाई ढंग से न होने का बड़ा कारण बन सकता है. इसमें मौजूद कैल्शियम और मैग्नीशियम मशीन के अंदर एक सफेद परत बना देते हैं और डिटर्जेंट की सफाई क्षमता को कम कर देते हैं. इससे कपड़ों का रंग फीका पड़ा जाता है और वो दागदार दिखने लगते हैं.
6. मशीन में खराबी भी हो सकती है वजह: कभी-कभी कपड़ों पर दिखने वाले दाग मशीन की खराबी का भी संकेत होते हैं. अगर कपड़ों पर जंग जैसे दाग दिखें, तो मशीन के अंदर रस्ट हो सकता है. तेल जैसे दाग दिखें, तो ग्रीस या ऑयल लीक की समस्या हो सकती है.
कपड़ों को दागों से बचाने के आसान तरीके
1. महीने में एक बार मशीन की सफाई करें: मशीन की सफाई करने के लिए उसमें गर्म पानी डालकर खाली रन चलाएं और वॉशिंग मशीन क्लीनर का इस्तेमाल करें.
2. सही मात्रा में डिटर्जेंट डालें: कपड़े धोने के लिए अंदाजे से नहीं, हमेशा पैक पर लिखी मात्रा को ही डिटर्जेंट डालें.
3. मशीन को ओवरलोड न करें: मशीन में कभी भी कपड़े ठूस-ठूसकर न भरें. इससे उन्हें घूमने के लिए प्रॉपर जगह नहीं मिलती है.
4. हर वॉश के बाद दरवाजा खुला रखें: वॉशिंग मशीन में कपड़े धोने के बाद हमेशा उसका दरवाजा थोड़ी देर के लिए खुला छोड़ दें. इससे नमी सूख जाएगी और फंगस नहीं बनेगी.
5. हार्ड वॉटर का ध्यान रखें: समय-समय पर डीसकेलिंग करें या वॉटर सॉफ्टनर इस्तेमाल करते रहें.
6. मशीन की टेस्टिंग करते रहें: वॉशिंग मशीन की रबर सील, फिल्टर और जंग या लीकेज जैसी समस्याओं को समय-समय पर चेक करते रहें.