scorecardresearch
 

Roof Cooling Tips: गर्मी और तेज धूप से छत बन गई आग का गोला, तुरंत आजमाएं ये देसी तरीके, बिना AC-कूलर घर रहेगा ठंडा!

भीषण गर्मी और नौतपा में अगर आपकी छत भी भट्टी जैसी तप रही है, तो बिना AC के घर को 5 से 8 डिग्री तक ठंडा रखने के लिए ये 5 आसान और सस्ते ट्रिक्स अपनाएं. इसके अलावा हम आपको इस आर्टिकल में शाम को छत में पानी देने का सही समय भी बताएंगे.

Advertisement
X
गर्मियों में छत तप जाती है. (PHOTO:ITG/AI)
गर्मियों में छत तप जाती है. (PHOTO:ITG/AI)

Roof Cooling Tips: गर्मी अपने प्रचंड रूप में हैं और पारा लगातार बढ़ता जा रहा है. 25 मई से नौतपा की शुरुआत भी हो चुकी है, ऐसे में धूप सीधे आसमान से आग बरसा रही है. इसकी वजह से शाम तक घरों की छतें दिनभर धूप में तपकर भट्टी जैसी गर्म हो जाती हैं और रात के समय नीचे के कमरों को तंदूर बना देती हैं. अगर आपके घर में AC नहीं है, या आप बिजली का भारी-भरकम बिल बचाना चाहते हैं, तो अपनी छत को ठंडा करने के लिए ये ट्रिक्स ट्राई कर लें.

पूरे दिन तेज धूप की वजह से छत इस कदर गर्म हो जाती है कि उन पर नंगे पैर चलना भी मुश्किल हो जाता है. छत के तपने की वजह से ही पूरा घर गर्म होता है और रात को पंखे से भी गर्म हवा ही आती है. ऐसे में आप इन आसान और सस्ती ट्रिक्स को अपनाकर आप बिना AC के भी अपने घर को अंदर से पांच से आठ डिग्री तक कूल रख सकते हैं.  

छत को ठंडा रखने के असरदार तरीके

चूने का पेंट करें

छत पर चूने का पेंट करें, क्योंकि सफेद रंग सूरज की किरणों को रिफ्लेक्ट करता है. वैज्ञानिक भाषा में कहें तो यह अल्बेडो इफेक्ट की तरह काम करता है, जो धूप को सोखने के बजाय वापस आसमान की तरफ भेज देता है.  बाजार से मोटा चूना लाएं, उसे पानी में भिगोएं और उसमें थोड़ा सा फेविकोल या नमक मिला लें. अब इस मिक्सचर के दो से तीन कोट पूरी छत पर कर दें. यह सबसे सस्ता और बेहद असरदार तरीका है.

Advertisement

हरी नेट या तिरपाल बांधें 

नर्सरी या पौधों की दुकानों पर मिलने वाली हरी जालीदार नेट धूप की तीव्रता को 70 प्रतिशत तक कम कर देती है. इसलिए गर्मियों में इसे छत पर लगाना काफी फायदेमंद साबित हो सकता है. अपने घर की छत से चार से पांच फीट की ऊंचाई पर बांस या पाइप के सहारे इस हरी नेट को कसकर बांध दें. इससे छत की फर्श पर सीधी धूप नहीं पड़ेगी और नीचे के कमरों की सीलिंग ठंडी रहती है. 

छत पर टेरेस गार्डन बनाएं 

मिट्टी और पौधे प्राकृतिक रूप से गर्मी को सोख लेते हैं, इसलिए अपनी छत पर खासतौर पर गर्मियों में तो टेरेस गार्डन जरूर बनाना चाहिए. छत पर हरियाली होने से वहां का तापमान अपने आप कम हो जाता है. छत के उन हिस्सों में गमले या ग्रो-बैग्स रखें जहां सबसे ज्यादा धूप आती है. आप चाहें तो घास की हरी मैट भी बिछा सकते हैं. सुबह-शाम पौधों में पानी देने से छत एकदम ठंडी रहेगी और नीचे कमरे भी बिल्कुल नहीं तपेंगे.

खस की चटाइयां या बोरे बिछाएं 

अपने घर की छत पर खस की चटाइयां या बोरे बिछाएं. यह एक बेहद देसी और आजमाया हुआ देसी नुस्खा है, जो तुरंत राहत देता है.  छत पर जूट के खाली बोरे या खस की चटाइयां बिछा दें. दोपहर के समय करीब 12 से 4 बजे के बीच इन पर थोड़ा पानी छिड़क दें. पानी के वाष्पीकरण से छत का तापमान बिल्कुल गिर जाएगा.

Advertisement

थर्मोकोल शीट्स का इस्तेमाल 

थर्मोकोल गर्मी का बहुत खराब संवाहक होता है, यानी यह गर्मी को आगे नहीं बढ़ने देता. इसलिए छत को ठंडा रखने के लिए थर्मोकोल शीट्स का इस्तेमाल काफी असरदार होगा. अगर आपकी छत पर कोई आता-जाता नहीं है, तो आप भारी वजन वाली थर्मोकोल शीट्स को छत पर बिछाकर उन पर ईंटें रख सकते हैं. यह धूप को सीधे फर्श तक पहुंचने से रोकती हैं.

शाम को छत पर पानी छिड़कने का सही तरीका

कई लोग दोपहर की धूप ढलते ही 5 बजे छत पर पानी छिड़कना शुरू कर देते हैं, जिससे छत की उमस और भाप नीचे के कमरों में बैठ जाती है. इसलिए पानी हमेशा सूरज डूबने के बाद  यानी शाम 7 बजे के बाद छिड़कें. इससे छत की गर्मी पूरी तरह शांत हो जाएगी और रात को कमरा बिल्कुल ठंडा रहेगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement