आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में जब भी लोग रसोई में काम करने जाते हैं, तो वो फटाफट खाना बनाना चाहते हैं. ऐसे में वो अक्सर जल्दबाजी में रसोई में लगी सिंक को 'कूड़ेदान' समझ बैठने की गलती कर देते हैं. कैसे? तो वो ऐसे कि वो प्लेट की बची-कुची ग्रेवी हो या चाय की पत्ती, उसे सिंक में ही बहा देते हैं. ये सब सिंक में बहाने के बाद वो खूब सारा पानी चला देते हैं, जिससे सिंक साफ हो जाती है.
लेकिन क्या आप जानते हैं कि ये बेशक सिंक ऊपर से साफ हो गई हो, लेकिन ये सब उसके अंदर पाइपों में जमा होता रहता है और कुछ समय में आपका ड्रेनेज सिस्टम ब्लॉक हो जाता है या कहें रसोई की नाली फंस जाती है.
प्लंबर की मानें तो ड्रेन सिर्फ पानी के लिए बना है, कचरे के लिए नहीं. ऐसे में ऐसी एक-दो नहीं बल्कि बहुत सी चीजें हैं जिन्हें प्लंबर सिंक में बहाने से मना करते हैं. आज इस आर्टिकल में हम आपको उन्हीं चीजों के बारे में बताएंगे. आइए जानते हैं वे कौन सी चीजें हैं जो आपके सिंक और आपकी जेब, दोनों पर भारी पड़ सकती हैं.
1. कॉफी पाउडर: आजकल लोग चाय की तरह ही कॉफी भी खूब पीते हैं. ऐसे में घर पर अक्सर कॉफी बनती है. कॉपी का बचा हुआ पाउडर पानी में घुलता नहीं है. अगर आप इसे सिंक में बहाते हैं तो ये पाइप के अंदर जाकर जमा होता रहता है और धीरे-धीरे कीचड़ जैसा बन जाता है. समय के साथ यही पाइप ब्लॉक होने की बड़ी वजह बनता है.
2. अंडे के छिलके: इस लिस्ट में अंडे के छिलकों का नाम भी शामिल है. अगर आप अंडे के छिलकों को सिंक में डाल देते हैं तो ये छोटे-छोटे टुकड़ों में टूटकर पाइप में फंस जाते हैं. ये दूसरे कचरे को भी अपने साथ रोक लेते हैं, जिससे ब्लॉकेज जल्दी हो जाता है.
3. तेल और चिकनाई: गरम तेल भले ही सिंक में से तुरंत बह जाता हो, लेकिन ठंडा होते ही ये जमकर पाइप की दीवारों से चिपक जाता है. यही ड्रेन जाम होने की सबसे आम वजहों में से एक है.
4. चावल और पास्ता: अगर आप प्लेट में बचे चावल और पास्ता सिंक में फेक देते हैं, तो बता दें आपका पाइप बहुत जल्दी फंस सकता है. ये पानी में जाकर फूल जाते हैं. अगर इन्हें सिंक में डाला जाए, तो ये पाइप के अंदर ही फूलकर रास्ता बंद कर सकते हैं.
5. रेशेदार सब्जियां: प्याज और सेलरी जैसी सब्जियों की लंबी और रेशेदार बनावट पाइप में जाकर उलझ जाती है. इससे कचरा फंसने लगता है और धीरे-धीरे ड्रेन जाम हो जाता है.
6. दवाइयां: अगर आप दवाइयां भी सिंक में फेंक देते हैं, तो आज ही बंद कर दें. दवाइयां पाइप को जाम तो नहीं करतीं, लेकिन पानी में घुलकर पानी के सोर्स को नुकसान पहुंचाती हैं. इसलिए इन्हें ड्रेन में डालने से बचें.
7. पेंट: पेंट में मौजूद केमिकल्स पाइप को नुकसान पहुंचा सकते हैं और पानी को भी दूषित कर देते हैं. इसे कभी भी सिंक या ड्रेन में नहीं डालना चाहिए.
8. फल-सब्जियों के स्टिकर: फलों और सब्जियों पर लगे स्टिकर भी इसमें शामिल हैं. छोटे-छोटे स्टिकर पाइप में चिपक जाते हैं और धीरे-धीरे कचरा जमा होने का कारण बनते हैं.
9. बीज: बीज जैसी सख्त चीजें पाइप या किचन डिस्पोजल को नुकसान पहुंचा सकती हैं. इससे रिपेयर का खर्च भी बढ़ सकता है.
10. आलू के छिलके: अगर आप गलती से भी आलू के छिलकों को सिंक में डाल चुके हैं, तो हो सकता है आपकी नाली ब्लॉक हो जाए. दरअसल, आलू के छिलके पानी के साथ मिलकर चिपचिपा पेस्ट बना लेते हैं, जो पाइप में जमा होकर उसे चोक कर देता है.
11. ब्लीच: ब्लीच एक बहुत तेज केमिकल है, जो पाइप को नुकसान पहुंचा सकता है. इसके अलावा, ये खतरनाक गैस भी बना सकता है, इसलिए इसका इस्तेमाल सावधानी से करें.
12. शहद: इस लिस्ट में आखिरी नाम शहद का आता है. शहद बेहद चिपचिपा होता है. ये पाइप में जाकर चिपक जाता है और धीरे-धीरे ब्लॉकेज का कारण बन सकता है.