गर्मियों के मौसम में लोग ज्यादातर पानी से भरपूर फल खाना पसंद करते हैं. ये फल न केवल उनके शरीर में पानी की कमी पूरी करते हैं, बल्कि ठंडक भी देते हैं. ऐसे में खरबूजा और तरबूज लोगों को गर्मियों में खाना बहुत पसंद होता है. लेकिन अगर फ्रिज से निकला ठंडा-ठंडा तरबूज मिल जाए, तो दिन बन जाता है. हालांकि, तरबूज खाना आसान नहीं होता है क्योंकि हर बाइट के साथ काले-काले बीज मुंह में आने लगते हैं. इन काले बीजों के साथ तरबूज खाने में सिर्फ बच्चों को ही नहीं, बल्कि बड़ों को भी परेशानी होती है. इन बीजों को निकालने बैठे तो बहुत समय खर्च हो जाता है. अगर हम कहें कि इन बीजों को निकालने में आधा समय निकल जाता है तो ये गलत नहीं होगा.
अगर आप भी इसी झंझट की वजह से तरबूज खाने से कतराते हैं, तो अब टेंशन छोड़िए. आज हम आपको जापान की एक खास 'सीडलेस कटिंग ट्रिक' बताने वाले हैं, जो सोशल मीडिया पर छाई हुई है. आप मिनटों में बिना किसी मेहनत के सारे बीज अलग कर सकते हैं.
तरबूज काटने का जापानी तरीका:
इस जापानी तरीके से तरबूज अगर आप काटेंगे तो बीज अपने आप बाहर आ जाएंगे. चलिए जानते हैं कैसे:
1. ये तरीका फॉलो करने के लिए सबसे पहले तरबूज को किसी फिक्स जगह या चॉपिंग बोर्ड पर रखना होगा. तरबूज गोल होता है इसलिए वो लुढ़क सकता है. इस लिए तरबूज के ऊपर और नीचे के सिरे को थोड़ा-सा काट लें. इससे तरबूज टेबल पर एकदम स्टेबल खड़ा रहेगा और आपको काटने में आसानी होगी.
2. अब एक तेज धार वाले बड़े चाकू से तरबूज को बिल्कुल बीच से दो हिस्सों में काट लें.
3. इसके बाद कटे हुए तरबूज के लाल हिस्से को ध्यान से देखें. आपको उसमें हल्की-हल्की नेचुरल लाइनें दिखाई देंगी जो बीच से बाहर की तरफ जा रही होती हैं.
4. अब इन लाइनों को फॉलो करते हुए तरबूज को तिकोने स्लाइस में काटें. जैसे ही आप लाइन के ऊपर से चाकू चलाएंगे, आप देखेंगे कि सारे बीज स्लाइस के किनारों पर बिल्कुल साफ नजर आने लगेंगे.
5. अब आपको तरबूज के पल्प के अंदर चाकू मारने की जरूरत नहीं है. बस एक चम्मच या चाकू की नोक लें और किनारे पर दिख रहे बीजों की उस लाइन को हल्का सा खुरच दें. एक ही बार में सारे बीज बाहर गिर जाएंगे और आपके पास बचेगा बिना बीजों वाला तरबूज.