scorecardresearch
 

गर्मी में बिना AC के भी घर रहेगा कश्मीर जैसा ठंडा! अपनाएं ये असरदार तरीके

बढ़ती गर्मी में बिना एसी और भारी बिजली बिल के घर को ठंडा रखना अब मुमकिन है. दादी-नानी के पारंपरिक नुस्खों जैसे खस के पर्दे, मिट्टी के घड़े और सही क्रॉस वेंटिलेशन को अपनाकर आप अपने घर को प्राकृतिक तौर पर कूल बना सकते हैं. जानें गर्मी भगाने के बेहतरीन देसी तरीके.

Advertisement
X
घर को ठंडा रखने के लिए देसी तरीके सबसे बेस्ट हैं. (PHOTO:ITG/AI)
घर को ठंडा रखने के लिए देसी तरीके सबसे बेस्ट हैं. (PHOTO:ITG/AI)

Keep Home Cool without AC: गर्मी का मौसम आते ही घर का माहौल पूरी तरह बदल जाता है. सुबह-सुबह सब ठीक लगता है, लेकिन जैसे-जैसे सूरज ऊपर चढ़ता है, कमरों की दीवारें तपने लगती हैं. दोपहर तक तो हाल ऐसा हो जाता है कि घर किसी तंदूर की तरह तपने लगता है. पंखा अपनी पूरी रफ्तार से चलता रहता है, लेकिन उससे आने वाली हवा भी गर्म ही महसूस होती है. ऐसे में हर कोई गर्मी से आराम चाहता है, लेकिन सच यह भी है कि हर घर में एसी-कूलर होना या उसे लगातार चलाना आसान नहीं होता.

बचपन में दादी-नानी के घरों में बिना एसी के भी ठंडक महसूस होती थी, वहां मौसम को समझकर अपनाए गए ऐसे उपाय थे, जो घर को प्राकृतिक तरीके से ठंडा रखते थे. आज भले ही हमारे घर मॉडर्न हो गए हों, लेकिन गर्मी से राहत पाने के ये देसी नुस्खे अब भी उतने ही असरदार हैं.

थोड़ी-सी समझदारी और पुराने तरीकों का साथ लेकर आप बिना एसी के भी अपने घर को ठंडा-ठंडा रख सकते हैं. कई बार राहत मशीनों में नहीं, बल्कि उन्हीं असरदर देसी तरीकों में छिपी होती है जिन्हें हम पीछे छोड़ आए हैं.

खस के पर्दे: गर्मियों में खस के पर्दे सबसे पुराने और असरदार उपायों में से एक हैं. इन्हें खिड़की या दरवाजे पर लगाकर हल्का पानी छिड़क दें. जैसे ही हवा इनसे गुजरती है, ठंडी और खुशबूदार हो जाती है. यह बिल्कुल नेचुरल एयर कूलिंग का काम करते हैं, खास बात इनको लगाने से बिजली की बचत भी होती है.

Advertisement

इनडोर प्लांट्स: आपने अक्सर देखा होगा कि सड़क पर जहां ज्यादा पेड़-पौधें होते हैं, वहां ठंडा महसूस होता है. उसी तरह अगर आप गर्मियों में घर के अंदर पौधे रखते हैं, तो इससे घर भी ठंडा महसूस होता है. प्लांट्स सिर्फ सजावट नहीं, बल्कि तापमान कंट्रोल करने का भी तरीका है. स्नेक प्लांट, मनी प्लांट, एरेका पाम और एलोवेरा जैसे पौधे कमरे की हवा को साफ रखते हैं और आसपास की गर्मी कम करने में मदद करते हैं. 

मिट्टी के घड़े और सुराही: फ्रिज का ठंडा पानी भले तुरंत राहत दे, लेकिन मिट्टी के घड़े का पानी शरीर और मौसम दोनों के लिए बेहतर माना जाता है. घड़े में रखा पानी नेचुरल तरीके से ठंडा रहता है. फ्रिज के पानी से जुकाम लगने का खतरा रहता है, जबकि सुराही का पानी ठंडा और अच्छा दोनों होता है.

दोपहर में पर्दे रखें बंद: धूप सीधे घर में आने से कमरा जल्दी गर्म हो जाता है. इसलिए दोपहर के समय मोटे पर्दे या ब्लाइंड्स बंद रखें. इससे बाहर की गर्म हवा अंदर नहीं आती है और घर की ठंडक बनी रहती है. अगर हल्के रंग के पर्दे हों तो और बेहतर, क्योंकि वे गर्मी कम सोखते हैं, इसलिए कोशिश करें कि गर्मी में लाइट कलर के पर्दे लगाएं.

Advertisement

रात में खोलें खिड़कियां: शाम और रात के समय जब बाहर का टेम्परेचर कम हो जाता है तभी अपने घर की खिड़कियां खोलें. ऐसा करने से एक तो क्रॉस वेंटिलेशन बनेगा और दूसरा दिनभर की गर्मी बाहर निकल जाएगी. सुबह जल्दी भी कुछ देर ताजी हवा आने दें.

खस के पर्दे, मिट्टी के घड़े, इनडोर प्लांट्स और सही वेंटिलेशन जैसे आसान उपाय न सिर्फ घर का तापमान कम करते हैं, बल्कि माहौल को भी फ्रेश, शांत और सुकूनभरा बना देते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement