scorecardresearch
 

How to Cure Mouth Ulcers: गर्मियों में मुंह के छालों से हैं परेशान? आजमाएं ये देसी नुस्खे तुरंत मिलेगा आराम

गर्मियों में शरीर की बढ़ती गर्मी और पानी की कमी से अक्सर मुंह के छाले हो जाते हैं. शहद, नारियल तेल, तुलसी और ठंडी छाछ जैसे आसान घरेलू उपायों की मदद से आप न सिर्फ दर्द और जलन को कम कर सकते हैं, बल्कि इन्हें जड़ से खत्म भी कर सकते हैं.

Advertisement
X
गर्मियों खूब सारा पानी पीना चाहिए. (PHOTO:ITG/AI )
गर्मियों खूब सारा पानी पीना चाहिए. (PHOTO:ITG/AI )

How to Cure Mouth Ulcers: गर्मी के मौसम में पेट से जुड़ी समस्याएं और मुंह में छाले होना काफी आम है, लेकिन यह दोनों ही दिक्कतें काफी परेशान कर देती हैं. तेज गर्मी, शरीर में बढ़ी हुई गर्मी, पानी की कमी, मसालेदार भोजन, पेट की गड़बड़ी और विटामिन की कमी इसकी बड़ी वजह बन सकती है.

खाने-पीने, बोलने और यहां तक कि मुस्कुराने में भी मुंह के अंदर होने वाले यह छोटे-छोटे छाले तकलीफ देते हैं. हालांकि इनमें दवाइयों से ज्यादा घरेलू नुस्खे काम आ सकते हैं, जिनको दादी-नानी के जमाने से लोग इस्तेमाल करते आ रहे हैं. अगर आप भी गर्मियों में बार-बार होने वाले मुंह के छालों से परेशान हैं, तो कुछ आसान देसी नुस्खे आपको तुरंत राहत दिला सकते हैं.

शहद

शहद में एंटी-बैक्टीरियल और हीलिंग गुण होते हैं, इसलिए यह छालों पर जल्दी असर करता है. इसके लिए आपको अपनी साफ उंगली या कॉटन की मदद से छाले पर थोड़ा शहद लगाना है. दिन में दो से तीन बार ऐसा करने से जलन कम होती है और छाले जल्दी भरने लगते हैं.

नारियल तेल

नारियल तेल भी मुंह के छालों के लिए फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि इसमें मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण दर्द और सूजन को कम करते हैं. छाले पर हल्का सा नारियल तेल लगाएं. इससे ठंडक मिलती है और घाव जल्दी ठीक होता है.

Advertisement

तुलसी के पत्ते

तुलसी के पत्ते भी एक बेहतरीन घरेलू उपाय हैं. अगर रोजाना आप 4 से 5  ताजे तुलसी के पत्ते चबाएं और ऊपर से थोड़ा पानी पी लें. इससे मुंह की सफाई होती है और छालों में आराम मिलता है.

छाछ या दही

अगर छालों में जलन ज्यादा हो रही हो तो ठंडी छाछ या दही का सेवन करें. ये शरीर की गर्मी को शांत करते हैं और पेट को ठंडक देते हैं. समर सीजन में रोजाना एक कटोरी दही या एक गिलास छाछ पीना फायदेमंद हो सकता है.

फिटकरी का पानी

छालों के दौरान फिटकरी के पानी से कुल्ला करना भी आराम देता है, एक गिलास गुनगुने पानी में चुटकी भर फिटकरी मिलाकर कुल्ला करें. इससे बैक्टीरिया कम होते हैं और छाले जल्दी सूखते हैं. हालांकि इस बात का ध्यान रखें कि फिटकरी के पानी का ज्यादा इस्तेमाल न करें.

पानी

इन सब देसी नुस्खों के अलावा गर्मियों में दिनभर खूब पानी पिएं, मौसमी फल खाएं और ज्यादा मसालेदार, तला-भुना खाना कम करें. तरबूज, खीरा, नारियल पानी और बेल का शरबत जैसे ठंडी चीजें शरीर को हाइड्रेट रखती हैं.

Disclaimer: अगर छाले 10-15 दिनों तक बने रहें, बहुत ज्यादा दर्द हो या बार-बार हों, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें. कई बार यह किसी अंदरूनी समस्या का संकेत भी हो सकता है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement