How To Clean Old Dirty Mattress: घर के हर कोने की साफ-सफाई लगभग रोज की जाती है. चाहे फिर वो रसोई हो या फिर बेडरूम. ज्यादातर लोग अपने बेडरूम को साफ रखने के लिए हर दो-तीन दिन में बिस्तर पर बिछी चादर बदलते हैं, लेकिन जिस गद्दे पर वो सोते हैं उसे साफ करना भूल जाते हैं. अगर भूलते भी नहीं हैं तो उसे साफ करना बहुत झंझटभरा काम लगता है. सालों तक लगातार इस्तेमाल होने के कारण गद्दे में पसीने और नमी की वजह से अजीब सी बदबू आने लगती है. कभी-कभी चाय, कॉफी या खाने-पीने की चीजें गिरने से इस पर गंदे और पक्के निशान भी बन जाते हैं.
ज्यादातर लोग गद्दे को गंदा देखकर उसे साफ करने बजाय तुरंत बदलने और नया खरीदने की सोचने लगते हैं. ऐसा कर पाना हर बार मुमकिन नहीं है क्योंकि ऐसा करने के लिए हजारों रुपये खर्च करने पड़ते हैं. अगर आपता गद्दा भी बुरी तरह से गंदा हो गया है और आप भी नया खरीदने की सोच रहे हैं तो रुक जाएं. दरअसल, घर में ही मौजूद कुछ चीजों की मदद से आप अपने पुराने गद्दे को बिल्कुल नया जैसा बना सकते हैं. चलिए जानते हैं कैसे आप चुटकियों में अपने पुराने गद्दे को साफ कर सकते हैं और अपने 15-20 हजार रुपये बचा सकते हैं.
बेकिंग सोडे से करें गद्दे की सफाई
बेकिंग सोडा सिर्फ रसोई में ही इस्तेमाल नहीं किया जाता है. ये साफ-सफाई में भी बहुत काम आता है. इसकी मदद से आप गद्दे की भी गहराई से सफाई की जा सकती है. इससे बिना किसी झंझट के गद्दे की बदबू भी दूर हो जाती है.
इस्तेमाल का तरीका: बेकिंग सोडा को गद्दे की सफाई के लिए इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले थोड़ा सा बेकिंग सोडा लेकर उसे अपने पूरे गद्दे पर अच्छी तरह से फैला दें. आप इसे किसी ब्रश की मदद से भी छिड़क सकते हैं. सोडा छिड़कने के बाद गद्दे को करीब 30 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें. आधा घंटे में ये गद्दे में मौजूद तमाम कीटाणुओं और गंदी बदबू को सोख लेगा.
आधे घंटे बाद एक साफ ब्रश उठाएं और गद्दे को हल्के हाथों से रगड़ें. जहां दाग ज्यादा गहरे हों, वहां थोड़ा ज्यादा ध्यान दें. रगड़ने के बाद गद्दे पर फैला बेकिंग पाउडर साफ कर लें और साफ-सुथरी चादर बिछा दें. आपका गद्दा एकदम साफ हो जाएगा.
सफेद सिरका, नींबू और प्रेस से करें सफाई
अगर गद्दे पर बहुत पुराने दाग-धब्बे लग गए हैं, जो इसे बदरंग बना रहे हैं. अगर हटाना नामुमकिन लग रहा है, तो सफेद सिरका, नींबू और प्रेस का ये घरेलू नुस्खा आपके बहुत काम आएगा.
इस्तेमाल का तरीका: एक कटोरी में थोड़ा सा बर्तन धोने वाला लिक्विड लें. इसमें एक चम्मच सफेद सिरका और आधे नींबू का रस अच्छी तरह मिला लें. आप चाहें तो इसमें चुटकी भर बेकिंग सोडा भी डाल सकते हैं. इसके बाद एक साफ सूती कपड़ा लें और उसे इसमें डुबोकर अच्छी तरह निचोड़ लें. इस भीगे हुए कपड़े को गद्दे के दाग वाले हिस्से पर फैला कर रख दें. अब प्रेस को गर्म करें और इस कपड़े के ऊपर रखकर हल्के हाथों से दबाते हुए घुमाएं.
गर्म प्रेस की भाप और इस घोल के असर से गद्दे में जमी सारी धूल, गंदगी और जिद्दी से जिद्दी दाग बेहद आसानी से कपड़े में आ जाएंगे और गद्दा एकदम चमक उठेगा.