How To Clean Keyboard: आज कल ज्यादातर लोग ऑफिस में घंटों-घंटों तक लैपटॉप या कंप्यूटर पर काम करते रहते हैं. काम करने के दौरान वो कुछ खाते हैं या कुछ दूसरा काम करते हैं, तो उससे उनके लैपटॉप या कंप्यूटर का कीबोर्ड गंदा हो जाता है. कीबोर्ड के बटन के नीचे धूल, खाने के टुकड़े, बाल और गंदगी जमा हो जाती है. ये बहुत ही आम बात है, जिसे अक्सर लोग इग्नोर कर देते हैं.
अगर आप भी उन्हीं में से हैं, जिन्होंने काफी लंबे समय से अपने कीबोर्ड की सफाई नहीं है तो सावधान हो जाइए. आपके कीबोर्ड के बटन के बीच छिपी गंदगी न सिर्फ देखने में खराब लगती है, बल्कि आपको बीमार करने के साथ ही कंप्यूटर-लैपटॉप की परफॉर्मेंस पर भी असर डाल सकती है. खास बात ये है कि आपको इसे साफ करने के लिए कोई महंगा स्प्रे या गैजेट्स खरीदने की जरूरत नहीं है. अगर आप सोच रहे हैं कि हम आपको 'गोपी बहू' की तरह लैपटॉप धोकर साफ करना बताने वाले हैं, तो आप गलत है. घर में पड़े कबाड़ की मदद से आप सिर्फ 60 सेकंड में अपने कीबोर्ड को फिर से बिल्कुल साफ और नया जैसा बना सकते हैं. कैसे? चलिए जानते हैं.
कैसे 60-सेकंड में साफ कर सकते हैं कीबोर्ड?
घर पर बिना किसी महंगे क्लीनर और स्प्रे की मदद से अगर आप कीबोर्ड साफ करना चाहते हैं तो आपको सिर्फ घर में बेकार पड़े एक पुराना टूथब्रश की जरूरत होगी.
इसे करने के लिए बस हल्के हाथ से कीबोर्ड के बटन के बीच-बीच में ब्रश चलाइए. ब्रश के छोटे-छोटे रेशे कीबोर्ड के बटनों के अंदर तक जाकर गंदगी निकाल देते हैं. जैसे आपके घर को कोने में छिपी गंदगी को निकालने के लिए झाड़ू का इस्तेमाल किया जाता है, वैसे ही ये कीबोर्ड के लिए झाड़ू की तरह काम करता है और छिपी हुई धूल बाहर निकाल देता है.
सही तरीके से कैसे करें सफाई?
टूथब्रश की मदद से आप कीबोर्ड अच्छे से साफ तो कर सकते हैं, लेकिन इसकी सफाई करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है.
कीबोर्ड साफ करने से पहले कंप्यूटर या लैपटॉप बंद कर दें.
इतना ही नहीं इसका प्लग भी निकाल दें.
इसका बाद कीबोर्ड को थोड़ा तिरछा करके हल्के हाथों से ब्रश चलाएं, ताकि गंदगी नीचे गिर जाए. ध्यान रहे बहुत जोर से ब्रश न चलाएं.
अगर आपका कीबोर्ड ज्यादा गंदा है, तो ब्रश पर हल्का सा अल्कोहल (स्पिरिट) लगाकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं. लेकिन इसकी मात्रा बहुत कम होनी चाहिए.
कीबोर्ड साफ करने की ये ट्रिक न केवल बहुत सस्ती है, बल्कि बहुत आसान भी है. आप इसकी मदद से जल्दी-जल्दी कीबोर्ड साफ कर सकते हैं.