How To Clean Muskmelon Seeds: गर्मियों में सभी लोग ठंडी-ठंडी ड्रिंक्स पीना पसंद करते हैं. ड्रिंक्स पीने के साथ ही वे लोग पानी से भरपूर फल भी खूब खाते हैं. जरा सोचिए गर्मी की दोपहर हो और सामने फ्रिज में रखा एकदम ठंडा, मीठा और रसीला खरबूजा आ जाए तो आपके शरीर को अंदर तक से ठंडक मिल जाती है. आप बड़े चाव से खरबूजा काटते हैं, उसका स्वाद लेते हैं, लेकिन एक चीज ऐसी है जिसे आप बिना सोचे-समझे डस्टबिन के हवाले कर देते हैं वो हैं खरबूजे के बीज.शायद आप ये भूल जाते हैं कि जिन बीजों को कचरा समझकर फेंक रहे हैं, वो मगज के नाम से बाजार में बादाम-काजू के भाव बिकते हैं. ये छोटे से बीज गुणों की खान हैं. अक्सर लोग इन्हें इसलिए फेंक देते हैं क्योंकि इन्हें साफ करना किसी सिरदर्द से कम नहीं लगता. चिपचिपे बीज को घंटों की मेहनत करके साफ करना और फिर सुखाने बहुत ही झंझट भरा काम है. लेकिन क्या हो अगर हम कहें कि अब आपको एक-एक बीज को हाथ से रगड़ने की जरूरत नहीं है? जी हां, एक ट्रिक ऐसी है, जिसमें आप बिना हाथ लगाए भी खरबूजे के बीजों को साफ कर सकते हैं, वो भी मिक्सी की मदद से.
मिक्सी से खरबूजे के बीज निकालने का आसान तरीका
1. बीज निकालें: सबसे पहले खरबूजे को काटकर चम्मच से उसका बीज वाला हिस्सा एक बाउल में निकाल लें. इससे आपको आगे की प्रॉसेस ठीक से करने में मदद मिलेगी.
2. मिक्सी का इस्तेमाल करें: अब गूदा और बीज मिक्सी जार में डालें और मिक्सी को लगातार चलाने की बजाय सिर्फ 2–3 बार पल्स मोड पर आधा-आधा सेकंड चलाएं. इससे ये होगा कि खरबूजे का गूदा अलग हो जाएगा और बीज पूरी तरह से सेफ रहेंगे.
3. पानी से सफाई करें: अब मिक्सी से निकले मिश्रण को एक बड़े बर्तन में डालकर उसमें पानी भर दें. कुछ ही देर में आप देखेंगे कि बीज नीचे बैठ जाएंगे और गूदा ऊपर तैरने लगेगा. आप अब आसानी से ऊपर से गूदा हटाकर बीजों को साफ पानी से धो सकते हैं.
4. सुखाकर रखें: अब साफ किए हुए बीजों को किसी कपड़े या प्लेट पर फैलाकर अच्छी तरह सुखा लें. पूरी तरह सूखने के बाद इन्हें एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करें, ताकि ये लंबे समय तक खराब न हों.
बीज स्टोर करने का सही तरीका
बीज निकालने के बाद उन्हें स्टोर करने का सही तरीका पता होना भी बहुत जरूरी है. सालभर स्टोर करने के लिए साफ किए हुए बीजों को कपड़े या प्लेट पर फैलाएं. इसके बाद 1–2 दिन तक अच्छी धूप में सुखाएं और जब पूरी तरह सूख जाएं तब एयरटाइट डिब्बे में रखें.