Egg yolk color health benefits: अंडे खाना हर किसी को पसंद होता है. इसकी लोग अलग-अलग तरह की डिश बनाकर खाते हैं जैसे उबालकर, ऑमलेट, अंडा करी, कटलेट आदि. एक पूरे अंडे में लगभग 6 ग्राम प्रोटीन होता है जिसमें से आधा प्रोटीन सफेद हिस्से और आधा प्रोटीन अंडे की जर्दी में होता है. जब लोग अंडे को कोई डिश बनाने के लिए फोड़ते हैं तो अक्सर उसकी जर्दी का रंग अलग-अलग दिखता है. कभी हल्का पीला, कभी गोल्डन तो कभी नारंगी. ऐसे में अक्सर हमारे मन में सवाल आता है कि किस रंग की जर्दी वाला अंडा अधिक ताकतवर होता है.
वैसे तो कई लोग मानते हैं कि गहरा रंग बेहतर पोषण की निशानी है जबकि कुछ इसे सिर्फ मुर्गी की नस्ल का अंतर समझते हैं. तो आइए आज साइंस के मुताबिक, जानते हैं कि अंडे की जर्दी का रंग अलग-अलग क्यों होता है और उनमें से सबसे हेल्दी कौन सा होता है.
साइंस डायरेक्ट के मुताबिक, अंडे की जर्दी का रंग पीला, गोल्डन या नारंगी हो सकता है, लेकिन सिर्फ रंग देखकर यह कहना सही नहीं कि कौन सा अंडा ज्यादा हेल्दी है. जर्दी का रंग मुख्य रूप से मुर्गी की डाइट पर निर्भर करता है.
हेल्थलाइन का कहना है, जब मुर्गियां खुले मैदान में घूमती हैं और ताजी घास, कीड़े-मकोड़े या मक्का खाती हैं तो उनके अंडे की जर्दी गहरे नारंगी रंग की होती है. गहरे रंग की जर्दी इस बात का संकेत है कि मुर्गी का खान-पान प्राकृतिक और पोषक तत्वों से भरपूर रहा है.
इसके विपरीत पिंजरे में रहने वाली मुर्गियां जिन्हें केवल अनाज दिया जाता है, उनके अंडे की जर्दी हल्की पीली रह जाती है.
हेल्थलाइन का कहना है कि अंडे की जर्दी प्रोटीन, फैट-से घुलने वाले विटामिन और जरूरी मिनरल्स का अच्छा सोर्स होती है. द जर्नल और साइंस रिसर्च बताती हैं कि गहरे रंग की जर्दी में कैरोटेनॉयड्स ज्यादा हो सकते हैं लेकिन इससे न्यूट्रिशन में कोई बड़ा फर्क नहीं आता.
पोषण के नजरिए से देखें तो गहरे नारंगी रंग की जर्दी में विटामिन-A, विटामिन-E और ओमेगा-3 फैटी एसिड की मात्रा अधिक होने की संभावना रहती है.
मेडिकल न्यूज टुडे की रिपोर्ट बताती है कि गहरे रंग की जर्दी में ल्यूटिन और जेक्सैन्थिन जैसे एंटीऑक्सीडेंट्स ज्यादा होते हैं जो आंखों की रोशनी के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं. हालांकि, प्रोटीन और फैट की कुल मात्रा लगभग सभी अंडों में एक समान ही होती है लेकिन माइक्रो न्यूट्रिएंट्स के मामले में नारंगी जर्दी थोड़ा आगे रहती है.
एक्सपर्ट्स का मानना है कि पास्चर-रेज्ड (Pasture-raised) मुर्गियों के अंडे, जिनकी जर्दी सुनहरी या नारंगी होती है, सेहत के लिए अधिक फायदेमंद होते हैं.
WebMD के अनुसार, ये अंडे न केवल स्वाद में बेहतर होते हैं, बल्कि इनमें सूजन कम करने वाले गुण भी पाए जाते हैं इसलिए अगर आप अपनी डाइट में बेस्ट क्वालिटी शामिल करना चाहते हैं तो गहरे रंग की जर्दी वाला ऑपशंस चुनें.
(Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सामान्य जानकारी और एक्सपर्ट्स की राय पर आधारित है. इसे किसी भी तरह की मेडिकल सलाह या इलाज का विकल्प न समझें.)