
Creamy cold coffee recipe: कॉफी पीना अक्सर अधिकतर लोगों को पसंद होता है. बस ये हो सकता है कि किसी को हॉट कॉफी पसंद होती है, किसी को एक्सप्रेसो तो किसी को कोल्ड कॉफी. गर्मी के मौसम में अधिकतर लोग कोल्ड कॉफी प्रिफर करते हैं और इसके लिए वो अलग-अलग कैफे में जाकर क्रीमी कॉफी का टेस्ट लेते हैं. वहीं कुछ लोग जब घर पर कैफे जैसी कोल्ड कॉफी बनाने की कोशिश करते हैं तो उसमें वो बाजार वाला झाग और थिकनेस नहीं आ पाती.
लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि नोएडा के एक मशहूर कैफे में 250 रुपये की एक कॉफी बेचने वाले भैया से जब हमने बातों ही बातों में पूछा कि उनकी कॉफी इतनी क्रीमी और थिक क्यों होती है, तो उन्होंने अपनी सीक्रेट रेसिपी शेयर की. तो आइए आज आप भी जान लीजिए बिना किसी फैंसी मशीन के घर पर कैसे आप क्रीमी और झागदार कॉफी बनाए.

घर पर कोल्ड कॉफी बनाने वाले लोग दूध, बर्फ और कॉफी को एक साथ मिक्सी में डालकर चला देते हैं और उन्हें लगता है उनकी कॉफी बनकर तैयार हो गई है. लेकिन कैफे वाले भैया ने बताया, 'कोल्ड कॉफी में असली खेल कॉफी के बीटन पेस्ट का होता है. इसे बनाने के लिए एक छोटे बर्तन या कप में 2 चम्मच कॉफी और 2 चम्मच पिसी हुई चीनी लें और उसमें 1 चम्मच गुनगुना पानी मिलाएं.'
'अब इसे तब तक फेंटें जब तक इसका रंग डार्क ब्राउन से हल्का बादामी (लाइट क्रीम) न हो जाए और यह गाढ़ा न दिखने लगे. यही वो बेस है जो आपकी कॉफी को क्रीमी टेक्सचर देता है. इसे आप चाहें तो हाथ से फेंट सकते हैं या फिर इलेक्ट्रिक बीटर का इस्तेमाल कर सकते हैं. हालांकि हम लोग एक साथ अधिक मात्रा में बनाकर रखते हैं क्योंकि हमारी खपत अधिक होती है.'
कैफे वाले भैया ने बताया, 'हम कॉफी बनाने के लिए हमेशा फुल क्रीम वाला दूध ही इस्तेमाल करते हैं. टोंड या पतला दूध वो क्रीमी स्वाद नहीं दे पाएगा. एक और बात याद रखें कि कोल्ड कॉफी बनाने के लिए जो फुल क्रीम दूध लें वो अधिक ठंडा होना चाहिए. अगर आप मिक्सी का जार इस्तेमाल कर रहे हैं, तो जार को भी 10 मिनट के लिए फ्रीजर में रख दें. ठंडे बर्तन में जब ठंडा दूध और कॉफी पेस्ट मिलता है तो हवा के बुलबुले ज्यादा देर तक टिकते हैं और कॉफी ऊपर तक झाग से भर जाती है.'
'अब यदि आप कैफे जैसी कोल्ड कॉफी का स्वाद घर पर लेना चाहते हैं तो गिलास के कॉर्नर पर चॉकलेट सिरप डालें और उसे थोड़ी देर के लिए फ्रिज में सेट होने दें ताकि सिरप बहे नहीं. अब मिक्सी के ठंडे जार में तैयार किया हुआ कॉफी पेस्ट, ठंडा दूध और 2-3 बर्फ के टुकड़े डालें. इसे लगातार चलाने के बजाय 'पल्स' मोड पर 30-40 सेकंड के लिए चलाएं. इससे झाग स्टेबल बनता है.'
'तैयार कॉफी को चॉकलेट डेकोरेटेड ग्लास में डालें और ऊपर से थोड़ा सा कोको पाउडर या कॉफी पाउडर स्प्रिंकल करें.'
लीजिए, आपकी ₹250 वाली कैफे स्टाइल कोल्ड कॉफी तैयार है और मुश्किल से 1 गिलास कोल्ड कॉफी बनाने में 20-30 रुपये का खर्च आएगा.