Suji Veg Idli Recipe: बिना दाल-चावल भिगोए मिनटों में बनाएं सॉफ्ट और स्पंजी सूजी वेज इडली, स्वाद ऐसा कि पड़ोसी भी पूछेंगे रेसिपी
Suji Veg Idli Recipe: अक्सर सुबह के समय हम ऐसा नाश्ता ढूंढते हैं जो बनाने में आसान हो, टेस्टी हो, पेट भी भरे और हेल्दी भी हो. ऐसे में सूजी वेज इडली एक परफेक्ट ऑप्शन है. आज हम आपको इसे बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे.
Advertisement
X
नाश्ते में खाना है कुछ हेल्दी और टेस्टी? ट्राई करें सब्जियों से भरपूर सूजी वेज इडली, स्वाद और सेहत का अनोखा संगम (Photo- ITG)
Suji Veg Idli Recipe: सुबह का नाश्ता दिन का सबसे जरूरी मील होता है. लेकिन अक्सर समझ नहीं आता कि ऐसा क्या बनाया जाए जो हेल्दी और टेस्टी होने के साथ-साथ आसानी से भी बन जाए. ऐसे में सूजी और सब्जियों से बनी सूजी वेज इडली आपके लिए एक परफेक्ट ऑप्शन है. जहां नॉर्मल इडली बनाने के लिए दाल-चावल को रात भर भिगोना पड़ता है, वहीं सूजी वेज इडली में ऐसा कुछ नहीं करना पड़ता. आज हम आपको घर पर आसानी से हेल्दी और टेस्टी सूजी वेज इडली बनाने का आसान तरीका बताएंगे.
इंग्रेडिएंट्स (ingredients)
1.5 कप सूजी
1 कप दही
1/2 कप कद्दूकस की हुई गाजर
2 बड़े चम्मच बारीक कटी बीन्स
थोड़े से उबले हुए मटर
1 छोटा चम्मच राई
1 छोटा चम्मच चना दाल
10-12 करी पत्ते
1 बड़ा चम्मच तेल
बारीक कटा हरा धनिया
1-2 बारीक कटी हरी मिर्च
1 छोटा चम्मच इनो
पानी आवश्यकतानुसार
नमक स्वादानुसार
सूजी वेज इडली बनाने के लिए एक कड़ाही में 1 चम्मच तेल गर्म करें. इसमें राई, चना दाल और करी पत्ते का तड़का लगाएं. अब इसमें सूजी डालें और मीडियम गैस पर 2-3 मिनट के लिए हल्का सा भून लें. (ध्यान रहे, सूजी का रंग नहीं बदलना चाहिए, बस उसकी नमी निकल जाए).
भुनी हुई सूजी को एक बड़े बर्तन में निकालें और ठंडा होने दें. अब इसमें दही और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा घोल बना लें. इसे ढककर 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें ताकि सूजी फूल जाए.
तय समय बाद घोल में गाजर, बीन्स, मटर, हरी मिर्च और हरा धनिया मिलाएं. अगर घोल ज्यादा गाढ़ा लग रहा हो तो थोड़ा पानी और डालकर इडली बैटर जैसी कंसिस्टेंसी तैयार कर लें.
इडली मेकर या कुकर में 1-2 गिलास पानी डालकर गर्म होने के लिए रखें. इडली के सांचों में थोड़ा सा तेल या घी लगाकर ग्रीस कर लें.
अब घोल में 1 चम्मच ईनो डालें और उसके ऊपर एक चम्मच पानी डालें. इसे हल्के हाथ से एक ही दिशा में मिलाएं. ईनो डालने के बाद बैटर को ज्यादा देर न रखें.
बैटर को इडली के सांचों में भरें. इडली मेकर में रखकर इसे 10-12 मिनट तक स्टीम होने दें. चेक करने के लिए एक टूथपिक या चाकू डालकर देखें, अगर वह साफ बाहर आए तो इडली तैयार है.
इडली को सांचों से निकालने से पहले 2 मिनट ठंडा होने दें. इसे आप गरमा-गरम नारियल की चटनी या सांभर के साथ परोसें.