scorecardresearch
 

पानी जैसे दूध से भी जमेगा हलवाई जैसा गाढ़ा दही, बस अपनाएं ये 2 जादुई ट्रिक्स!

गर्मियों में क्या आपकी दही भी पानी जैसा पतला जमता है? तो अब आपको चिंता करनी छोड़ देनी चाहिए. कुछ आसान किचन हैक की मदद से आप पतले दूध से भी हलवाई जैसा गाढ़ा और मलाईदार दही जमा सकते हैं.

Advertisement
X
दूध को गाढ़ा करने के लिए आप 1 चम्मच मिल्क पाउडर मिला सकते हैं.  (Photo: ITG)
दूध को गाढ़ा करने के लिए आप 1 चम्मच मिल्क पाउडर मिला सकते हैं. (Photo: ITG)

गर्मियों में जैसे-जैसे तापमान बढ़ता है, वैसे-वैसे लोगों का झुकाव ठंडी-ठंडी चीजों की ओर बढ़ने लगता है. सभी कुछ ठंडा और जूसी पीना या खाना चाहते हैं. इनमें से ही एक ठंडा-ठंडा दही होता है. इस तपते मौसम में अगर थाली में ठंडी, गाढ़ी और मलाईदार दही मिल जाए, तो खाने का मजा दोगुना हो जाता है. दही, गर्मी के मौसम में ज्यादातर घरों के लोगों की जरूरत बन जाता है.

लोग दही को किसी न किसी रूप में खाते ही हैं. ये न केवल स्वाद बढ़ाती है बल्कि सेहत के लिए भी वरदान है. लेकिन जब दही को घर पर जमाने की बात आती है तो बहुत ही मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. अक्सर लोगों की शिकायत होती है कि घर में दूध पतला होने के कारण दही पानी जैसा जमता है या फिर उसमें बाजार जैसा गाढ़ापन नहीं आ पाता. लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि आप इस समस्या से छुटकारा पा सकते हैं. कुछ छोटी और बेहद असरदार किचन ट्रिक्स अपनाकर आप पतले दूध से भी ऐसी शानदार दही जमा सकते हैं जिसे आप चाकू से काट सकें.

1. दूध को उबालने का सही तरीका: जब भी जही जमाने की बात आती है तो सबसे पहले दूध उबालने का सही तरीका आना जरूरी है. जान लें कि सिर्फ एक उबाल आते ही गैस बंद करना सही नहीं है. दूध को 5–10 मिनट तक धीमी आंच पर उबलने दें, ताकि उसका एक्स्ट्रा पानी खत्म हो जाए और दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाए. यही गाढ़ापन दही को बेहतर टेक्शचर देता है.

2. दूध को गाढ़ा बनाने का आसान तरीका: अगर आपका दूध बहुत पतला है, तो भी आप हलवाई जैसा गाढ़ा दही जमा सकते हैं. इसके लिए एक छोटी सी ट्रिक काम आती है. एक कटोरी में 1 चम्मच मिल्क पाउडर या कॉर्न फ्लोर लें और उसमें थोड़ा पानी या दूध मिलाकर स्मूद घोल बना लें.

जब दूध उबल रहा हो, तब इसे धीरे-धीरे उसमें डालें और अच्छे से मिला दें. इससे दूध गाढ़ा हो जाता है और दही ज्यादा क्रीमी और गाढ़ा जमती है.

3. चुनें सही बर्तन और जामन:  अब बारी आती है दही जमाने के लिए सही बर्तन चुनने की. दही जमाने के लिए बर्तन बहुत मायने रखता है. अगर आपके घर पर मिट्टी का बर्तन हो तो दही जमाने के लिए उसका इस्तेमाल करें, क्योंकि ये एक्स्ट्रा नमी सोख लेता है और दही को गाढ़ा बनाता है.

Advertisement

जामन कितना और कैसा हो ये भी जरूरी है. हमेशा ताजा और अच्छा जामन चुनें. पहले बर्तन में थोड़ा जामन डालकर चारों तरफ फैला दें, ताकि दही हर जगह बराबर जमे.

4. दूध का सही तापमान और मिक्सिंग: इसके बाद दूध का तापमान भी दही जमने के लिए बहुत जरूरी है. अगर आप दही जमाना चाहते हैं तो ध्यान रखें दूध न बहुत गर्म हो, न ठंडा बस हल्का गुनगुना हो. अगर आप दूध को उंगली डालकर 10 सेकंड तक सह सकें तो समझ जाएं ये दही जमाने के लिए परफेक्ट है.

अब इस दूध को थोड़ा ऊंचाई से बर्तन में डालें, ताकि हल्का झाग बने. फिर चम्मच या मथनी से हल्का सा मिला दें. यही झाग ऊपर मलाई की अच्छी परत बनाने में मदद करता है.

5. सेट होने का समय और फाइनल टिप: दूध डालने के बाद बर्तन को ढककर 8–10 घंटे के लिए गर्म जगह पर रख दें. बीच में इसे हिलाएं नहीं, वरना दही पानी छोड़ सकती है. जब दही जम जाए, तो 1–2 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. इससे दही और अच्छी तरह सेट हो जाती है और स्वाद भी बढ़ जाता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement