Summer Curd Recipes: गर्मियों का मौसम शुरू हो चुका है. इस मौसम में ठंडा दही शरीर को राहत देने का काम करता है. दही में प्रोटीन और कैल्शियम भरपूर मात्रा में होता है, इसलिए यह वजन कम करने वाली डाइट में भी शामिल किया जा सकता है. प्रोटीन पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती. वहीं दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स डाइजेशन को बेहतर बनाने में मदद करते हैं जो गर्मियों में काफी फायदेमंद होते हैं. आज इस खबर में दही से बनने वाली 2 आसान रेसिपीज के बारे में बताएंगे जो गर्मियों में आपके पेट को ठंडा रखने और डाइजेशन को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकती हैं.
बूंदी रायता
बूंदी रायता गर्मियों में खाने के लिए एक आसान और ठंडक देने वाली डिश है. इसमें गाढ़ा दही और हल्की भीगी हुई बूंदी का इस्तेमाल किया जाता है. यह डाइजेशन के लिए भी अच्छा माना जाता है और रोज के खाने के साथ आसानी से खाया जा सकता है.
इंग्रेडिएंट्स (ingredients)
2 कप गाढ़ा दही
½ कप रोस्टेड बूंदी
½ चम्मच भुना जीरा पाउडर
¼ चम्मच काली मिर्च पाउडर
1 बड़ा चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
1 बड़ा चम्मच बारीक कटा पुदीना
स्वादानुसार नमक
जरूरत के अनुसार 2 चम्मच पानी
बूंदी रायता बनाएं कैसे?
सबसे पहले एक बाउल में दही को अच्छी तरह फेंट लें ताकि वह स्मूद हो जाए.
अगर दही ज्यादा गाढ़ा लगे तो उसमें थोड़ा पानी मिलाकर कंसिस्टेंसी ठीक कर लें.
अब बूंदी को 2–3 मिनट के लिए हल्के गर्म पानी में भिगो दें और फिर हल्के हाथ से दबाकर पानी निकाल दें.
भीगी हुई बूंदी को दही में डालें और उसमें भुना जीरा पाउडर, काली मिर्च और नमक मिलाएं.
अच्छी तरह मिलाकर ऊपर से हरा धनिया और पुदीना डाल दें.
इसे 20 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें और फिर ठंडा-ठंडा सर्व करें.
कढ़ी पकौड़ा
कढ़ी पकौड़ा दही और बेसन से बनने वाला एक स्वादिष्ट और हल्का व्यंजन है. दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स डाइजेशन के लिए अच्छे होते हैं, वहीं बेसन में प्रोटीन होता है. हल्के पकौड़ों के साथ बनी कढ़ी खाने में टेस्टी लगती है और पेट के लिए ज्यादा भारी भी नहीं होती.
इंग्रेडिएंट्स (ingredients)
1 कप गाढ़ा दही
2 चम्मच बेसन
3 कप पानी
½ चम्मच हल्दी पाउडर
1 चम्मच जीरा
1 चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
½ कप बेसन का घोल (पकोड़े बनाने के लिए)
1 बड़ा चम्मच कटा हरा धनिया
1 बड़ा चम्मच तेल
स्वादानुसार नमक
कढ़ी पकौड़ा कैसे बनता है?
सबसे पहले एक बाउल में दही और बेसन को अच्छी तरह फेंट लें ताकि उसमें गांठें न रहें.
अब इसमें पानी मिलाकर अच्छी तरह घोल तैयार कर लें.
एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें जीरा और कद्दूकस किया हुआ अदरक डालें.
इसके बाद दही वाला मिश्रण डालें और लगातार चलाते रहें ताकि गांठें न बनें.
अब इसमें हल्दी और नमक डालकर धीमी आंच पर पकने दें जब तक कढ़ी थोड़ी गाढ़ी न हो जाए.
पकौड़े बनाने के लिए बेसन का थोड़ा गाढ़ा घोल तैयार करें और छोटे-छोटे पकौड़े एयर फ्रायर में 5–7 मिनट तक पकाएं.
तैयार पकोड़ों को कढ़ी में डालकर 5 मिनट तक पकाएं.
ऊपर से हरा धनिया डालें और गरमागरम सर्व करें.