scorecardresearch
 

Moong Dal Khichdi Recipe: लंच में बनाएं प्रोटीन से भरपूर मूंग दाल की खिचड़ी, वजन घटाने और एनर्जी पाने का है रामबाण इलाज!

वैसे तो अक्सर पेट खराब होने या बुखार के समय घरों में आमतौर पर मूंग दाल की खिचड़ी बनाई जाती है. अगर आप वजन घटाना चाहते हैं तो आपके लिए यह बेस्ट लंच ऑप्शन है. मूंग दाल में भरपूर प्रोटीन होता है और इसे खाने से शरीर में एनर्जी भी बनी रहती है. आइए शेफ संजीव कपूर स्टाइल में झटपट मूंग दाल खिचड़ी बनाते हैं, जो टेस्टी भी होगी और खाने से वेट लॉस में भी मदद मिलेगी.

Advertisement
X
वजन घटाने के लिए घर का खाना बेस्ट है. (PHOTO:ITG)
वजन घटाने के लिए घर का खाना बेस्ट है. (PHOTO:ITG)

Moong Dal Khichdi Recipe: हेल्दी रहने के लिए फैंसी डाइट जरूरी नहीं है, बल्कि भारतीय खाना भी वजन घटाने और सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है. बीमार होने पर ही लोग खिचड़ी बनाते हैं, लेकिन बहुत कम लोग यह जानते हैं कि मूंग दाल की खिचड़ी सिर्फ पाचन के लिए अच्छी नहीं होती है, बल्कि वो हमारी ओवरऑल हेल्थ को भी कई गुना फायदा पहुंचाती है.

मूंग दाल की खिचड़ी खाने के फायदे

मूंग दाल और चावल दोनों को साथ में खाना पेट के लिए हल्का होता है और आसानी से डाइजेस्ट भी हो जाते हैं. मूंग दाल की खिचड़ी खाने से गैस, अपच या एसिडिटी जैसी समस्याओं में आराम मिलता है.

बुखार, सर्दी-जुकाम या कमजोरी के दौरान अक्सर डॉक्टर खिचड़ी खाने की सलाह देते हैं, क्योंकि यह शरीर को एनर्जी देती है और डाइजेस्टिव सिस्टम पर प्रेशर नहीं डालती है. 

मूंग दाल में भरपूर मात्रा में प्रोटीन होता है, जो मसल्स को मजबूत बनाने और शरीर की मरम्मत में मदद करता है. इसलिए शाकाहारी लोगों के लिए यह बेहतरीन प्रोटीन सोर्स भी माना जाता है. 

मूंग दाल की खिचड़ी कम कैलोरी और कम फैट होने की वजह से यह वजन घटाने वालों के लिए बेस्ट है. इसे खाने से पेट लंबे समय तक भरा रहता है, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती है.

Advertisement

शेफ संजीव कपूर स्टाइल में बनाएं खिचड़ी

खिचड़ी के लिए इंग्रेडिएंट्स

  • 1 कप चावल
  • ¾ कप धुली मूंग दाल
  • नमक स्वादानुसार
  • ½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
  • ¼ छोटा चम्मच हींग
  • 4 कप पानी

तड़के के लिए इंग्रेडिएंट्स

  • 2 बड़े चम्मच घी 
  • 1 छोटा चम्मच जीरा
  • ¼ छोटा चम्मच हींग
  • 2–3 साबुत सूखी लाल मिर्च (टूटी हुई)
  • 6–8 करी पत्ते
  • 2 बड़े चम्मच बारीक कटा लहसुन
  • 1 बड़ा चम्मच बारीक कटा अदरक
  • 2–3 हरी मिर्च (कटी हुई)
  • 2 प्याज (बारीक कटे हुए)
  • 2 छोटे टमाटर (बारीक कटे हुए)
  • 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • ½ छोटा चम्मच अमचूर पाउडर
  • हरा धनिया 

खिचड़ी बनाने का तरीका

  1. सबसे पहले चावल और मूंग दाल को एक बड़े बर्तन में निकाल लें, 2 से 3 बार अच्छी तरह धो लें. फिर पानी डालकर 30 से 40 मिनट के लिए भिगो दें.
  2. भीगे हुए दाल–चावल का पानी निकाल लें और इन्हें प्रेशर कुकर में डालें. अब इसमें नमक, हल्दी, हींग और 4 कप पानी डालें. फिर इसे गैस पर चढ़ा दें और 3 से 4 सीटी आने तक पकाएं.
  3. दूसरी तरफ आप एक नॉन-स्टिक पैन में घी गर्म करें. जीरा डालें और चटकने दें. अब उसमें हींग,सूखी लाल मिर्च और करी पत्ते डालकर कुछ सेकंड भूनें.
  4. लहसुन, अदरक और हरी मिर्च को डालकर अच्छी तरह से 1 से 2 मिनट पकाएं. अब आप उसमें प्याज डालें और उनको सुनहरे होने तक पकाएं. 
  5. फिर टमाटर डालें और उनको नरम होने दें. प्याज-टमाटर पर लाल मिर्च पाउडर और अमचूर डालकर अच्छी तरह मिलाएं.
  6. जब कुकर का प्रेशर पूरी तरह निकल जाए, तो पकी हुई खिचड़ी को तड़के वाले पैन में डालकर ऊपर से हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिलाएं. 
  7. गरमागरम खिचड़ी को सर्विंग बाउल में निकालें, ऊपर से थोड़ा घी डालकर खाएं. 
---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement