प्रीमियम पेट्रोल अक्सर महंगी और लग्जरी गाड़ियों या हेवी इंजन वाली गाड़ियों में इस्तेमाल होती है. खासकर हाई कम्प्रेशन इंजन वाली कारों के लिए यह एक आदर्श इंधन होता है. मिडिल ईस्ट में जंग के बीच भारत में इस प्रीमियम पेट्रोल की कीमत प्रति लीटर 2.30 रुपये बढ़ गई है. ऐसे में समझते हैं कि यह नॉर्मल पेट्रोल से कैसे अलग है और इसकी खासियत क्या है.
प्रीमियम पेट्रोल की हाई ऑक्टेन संख्या इसे सामान्य पेट्रोल से अलग करती है. आमतौर पर, प्रीमियम पेट्रोल का ऑक्टेन नंबर 91 या उससे अधिक होता है. हाई ऑक्टेन नंबर के अलावा, प्रीमियम पेट्रोल में कुछ एडिटिव्स भी होते हैं. ये एडिटिव्स हाई कम्प्रेशन इंजन को स्मूथ तरीके से चलाने में मदद करते हैं और गंदगी जमा नहीं होने देते. इसके इस्तेमाल से इंजन में आवाज नहीं होती है.
नॉर्मल और प्रीमियम पेट्रोल में क्या अंतर है
अब सवाल उठता है कि यह ऑक्टेन नंबर क्या है. ऑक्टेन नंबर फ्यूएल की एंटी-नॉकिंग क्वालिटी होती है. यह समय से पहले इंजन में फ्यूएल इग्नीशन को रोकता है. आसाना शब्दों में कहें तो हाई ऑक्टेन नंबर से इंजन में नॉकिंग कम होती है. नॉकिंग का मतलब होता है इंजन में फ्यूएल का समय से पहले इग्नीशन. इसलिए हाई ऑक्टेन वाला पेट्रोल हाई परफॉर्मिंग या लग्जरी कारों के लिए आदर्श है. इसलिए प्रीमियम पेट्रोल सामान्य पेट्रोल से महंगा होता है.
प्रीमियम पेट्रोल ज्यादा क्षमता यानी हैवी इंजन वाले वाहनों के लिए बेहतर होते हैं. क्योंकि, इसके इस्तेमाल से इन गाड़ियों में इंजन का परफर्मेंस बेहतर होता है और इंजन की आवाज कम होती है. वहीं सामान्य कारों के लिए प्रीमियम पेट्रोल का इस्तेमाल खास फायदेमंद नहीं होता है.
क्यों नॉर्मल से मंहगा होता है प्रीमियम पेट्रोल
वहीं नॉर्मल पेट्रोल की ऑक्टेन रेटिंग प्रीमियम पेट्रोल की तुलना में कम होती है. सामान्य पेट्रोल की ऑक्टेन रेटिंग 87 होती है. साथ ही, प्रीमियम पेट्रोल के विपरीत, सामान्य पेट्रोल में कोई एडिटिव्स नहीं होते हैं. इन कारणों से ही सामान्य पेट्रोल की कीमत प्रीमियम पेट्रोल की तुलना में कम होती है.
यह भी पढ़ें: प्लास्टिक, पेंट, "प्लास्टिक, पेंट, टूथपेस्ट, वैसलीन... तेल-गैस के कुओं से निकले क्रूड से बनती हैं ये 50 चीजें
सामान्य कारों के लिए किफायती होने के कारण नॉर्मल पेट्रोल सबसे अच्छा विकल्प है. नॉर्मल गाड़ियों के लिए प्रीमियम पेट्रोल का इस्तेमाल ज्यादा जरूरी नहीं है. प्रीमियम पेट्रोल से हाई-परफॉर्मेंस इंजन वाली कारों में माइलेज में थोड़ा सुधार हो सकता है, लेकिन सामान्य कारों में यह अंतर नहीं दिखता है. प्रीमियम पेट्रोल में मिलाए गए एडिटिव्स समय के साथ इंजन को साफ रखने में मदद कर सकते हैं और इस वजह से इंजन से कम आवाज आती है और गाड़ी स्मूथ तरीके से चलती है.