scorecardresearch
 

नटवर के बाद सोनिया और राहुल पर फूटा बराड़ बम, CWC सदस्य ने कहा- मां-बेटे जाएं दो साल की छुट्टी पर

सोनिया और राहुल गांधी को 2 साल के लिए छुट्टी पर जाने की नसीहत देने के बाद कांग्रेस नेता जगमीत सिंह बराड़ अपने बयान से पलट गए हैं. बराड़ ने दिल्ली आकर कहा कि उन्‍होंने पार्टी को मजबूत करने के लिए आलाकमान को देश भ्रमण की सलाह दी थी.

Advertisement
X
सोनिया गांधी और राहुल गांधी
सोनिया गांधी और राहुल गांधी

सोनिया और राहुल गांधी को 2 साल के लिए छुट्टी पर जाने की नसीहत देने के बाद कांग्रेस नेता जगमीत सिंह बराड़ अपने बयान से पलट गए हैं. बराड़ ने दिल्ली आकर कहा कि उन्‍होंने पार्टी को मजबूत करने के लिए आलाकमान को देश भ्रमण की सलाह दी थी.
सीडब्ल्यूसी के सदस्य जगमीत सिंह बराड़ ने आरोप लगाया कि मीडिया में उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया.

इससे पहले, बराड़ ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी को कहा कि लोकसभा में करारी हार के बाद मां और बेटा 2 साल के लिए पार्टी के कामकाज से छुट्टी ले लें. बराड़ ने ये भी कहा कि पार्टी के सभी मौजूदा महासचिव भी अपनी-अपनी कुर्सी छोड़ें और नए लोगों को पार्टी चलाने का मौका दें.

बराड़ ने लोकसभा चुनावों में पार्टी को मिली करारी हार का ठीकरा सोनिया और राहुल पर फोड़ा. पंजाब से सांसद रह चुके जगमीत सिंह बराड़ ने पार्टी में नए सिरे से बदलाव की जरूरत पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि हार के बाद पार्टी को नए नेतृत्व की जरूरत है. हालांकि, मामला तूल पकड़ने पर बराड़ ने 'यू-टर्न' ले लिया. उन्‍होंने कहा, 'मैंने किसी को छुट्टी पर जाने के लिए नहीं कहा है.' (फोटो:कांग्रेस नेता जगमीत सिंह बराड़)

इससे पहले पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह ने अपनी किताब 'ONE LIFE IS NOT ENOUGH' में सोनिया-राहुल पर आरोप लगाए थे. नटवर ने 2004 में सोनिया के प्रधानमंत्री नहीं बनने की मजबूरियों की पोल खोली थी. कभी गांधी परिवार के बेहद करीबी रहे नटवर सिंह ने सोनिया को जिद्दी और तानाशाह तक कह दिया था.

Advertisement

जारी है नटवर का विरोध
नटवर सिंह की किताब पर अभी बवाल नहीं थमा है. कांग्रेस नेता राज बब्बर ने नटवर पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि नटवर अपने नाम की तरह ही व्यवहार कर रहे हैं.

कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने ट्वीट किया, 'जैसा नटवर का नाम, वैसा काम'. सिंघवी ने कहा, 'नटवर के लिए एक जिंदगी काफी नहीं है, वो बुढ़ापे में बीजेपी में जाने की तैयारी में हैं.

नटवर बम पर हालांकि, राहुल गांधी ने चुप्पी नहीं तोड़ी है. संसद पहुंचने पर नटवर की किताब पर पूछे सवाल का राहुल ने कोई जवाब नहीं दिया.

नटवर के खिलाफ बैंगलोर में यूथ कांग्रेस ने प्रदर्शन किया और पूर्व विदेश मंत्री का पुतला फूंका. प्रदर्शनकारियों ने नटवर सिंह को झूठा करार दिया और उनके खिलाफ नारेबाजी की.

एक दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस मसले चुप्पी तोड़ते हुए कहा था, 'मैं खुद किताब लिखूंगी'. 'आज तक' के सवाल पर सोनिया गांधी ने कहा, 'मेरी किताब से सच सामने आएगा. मैं अपनी सास का गोलियों से छलनी शरीर और पति का कत्ल देख चुकी हूं. ऐसे में ऐसी बातें मुझे दुखी कैसे कर सकती हैं.'

Advertisement
Advertisement