गैंगरेप मामले में देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी है, इसी को लेकर आम आदमी पार्टी आज जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन करेगी, इसके अलावा पढ़ें वो खबरे जो दिनभर में बन सकती हैं सुर्खियां...
गैंगरेप मामले में AAP का विरोध प्रदर्शन
दिल्ली में रविवार को हुए गैंगरेप को लेकर देशभर में लगातार विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहा है. आज भी देश के अलग अलग हिस्सों में इसे लेकर विरोध प्रदर्शन होंगे. आम आदमी पार्टी (एएपी) आज जंतर मंतर पर इसके विरोध में प्रदर्शन करेगी. इसके अलावा इस मामले में कुछ और अपडेट होने की उम्मीद है.
21 दिसंबर से डरने की जरूरत नहीं
अमेरीका की स्पेस एजेंसी नासा ने कहा है कि 21 दिसंबर 2012 को दुनिया का आखिरी दिन नहीं होगा. इसको गलत साबित करने के लिए वैज्ञानिकों ने मिथक पर से पर्दा उठाया है. काफी लोगों का मानना है कि माया कैलेंडर में 21 दिसंबर आखिरी तारीख है जिससे दुनिया खत्म हो जाएगी. हालांकि भारतीय कैलेंडर 31 दिसंबर के बाद 1 जनवरी दिखाता है. उसी तरह माया कैलेंडर एक चक्र की तरह चलता है. इसके बाद माया कैलेंडर अगली तारीख दिखाएगा. अंत साल का होता है कैलेंडर का नहीं.
हिमाचल के मुख्यमंत्री को लेकर फैसला
हिमाचल प्रदेश में सरकार बनाने को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी आज पार्टी नेताओं से मिलेंगी. कांग्रेस कोर ग्रुप शीत सत्र और गुजरात व हिमाचल प्रदेश के चुनाव के बाद के राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा करेगा.
मोदी की जीत का जश्न
गुजरात में मोदी की जीत का जश्न आज भी जारी रहने की उम्मीद है. गुरुवार को मोदी लगातार तीसरी बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने जिससे पूरे प्रदेश में जश्न का माहौल दिखा. 26 दिसंबर को मोदी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.
रिलीज हो रही है 'दबंग-2'
आज सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'दबंग-2' रिलीज हो रही है. 'दबंग-2' सलमान खान और सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म 'दबंग' का सीक्वल है. अरबाज खान ने इस फिल्म को निर्देशित किया है. फिल्म में करीना का आइटम गीत 'फेवीकोल' इन दिनों सुर्खियां बटोर रहा है. बता दें कि सेंसर बोर्ड ने फिल्म 'दबंग-2' से बिना कोई सीन काटे हुए यू/ए सर्टिफिकेट दिया है.