scorecardresearch
 

जालंधर-अमृतसर ब्लास्ट को सीएम भगवंत मान ने बताया साजिश, बीजेपी पर लगाया आरोप

पंजाब के जालंधर और अमृतसर में बीएसएफ के ठिकानों के पास दो धमाके हुए हैं, जिनमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां जांच कर रही हैं और पूरे राज्य में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. उधर सीएम भगवंत मान ने इस ब्लास्ट को राजनीतिक साजिश बताया है

Advertisement
X
पंजाब सीएम भगवंत मान ने धमाकों को राजनीतिक साजिश से प्रेरित बताया है
पंजाब सीएम भगवंत मान ने धमाकों को राजनीतिक साजिश से प्रेरित बताया है

पंजाब के जालंधर और अमृतसर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के ठिकानों के पास एक के बाद एक दो धमाकों से इलाके दहल गए हैं. इनमें से एक धमाका सीमावर्ती राज्य में बीएसएफ मुख्यालय के बिल्कुल करीब हुआ. हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है और पूरे राज्य में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

क्या बोले सीएम भगवंत मान?
बता दें कि ये दोनों धमाके जालंधर और अमृतसर में हुए हैं. पहला धमाका जालंधर के बीएसएफ चौक पर बीएसएफ मुख्यालय के पास हुआ, तो वहीं दूसरा धमाका दो अमृतसर में हुआ वह भी आर्मी कैंप के बाहर हुआ. इन दोनों धमाकों से पंजाब में बड़ी हलचल पैदा हो गई है. वहीं धमाकों को लेकर पंजाब सीएम भगवंत मान ने कहा कि, 'ये धमाके भाजपा की साजिश हैं. मैं भाजपा से कहना चाहता हूं कि इस तरह की हरकतें बंद करे.'

पंजाब पुलिस मुख्यालय की सुरक्षा बढ़ाई गई
उधर, इन धमाकों के बाद पंजाब पुलिस मुख्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. मुख्यालय की ओर जाने वाली सड़क के दोनों तरफ बुलेटप्रूफ गेट लगाए गए हैं. पहले यहां आमतौर पर केवल 2 से 3 पुलिसकर्मी तैनात रहते थे, लेकिन पंजाब के मौजूदा हालात को देखते हुए अब कमांडो तैनात किए गए हैं. डीजीपी, एडीजीपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के आने-जाने वाले रास्ते को कई स्तर की बुलेटप्रूफ सुरक्षा के घेरे में रखा गया है. गेट के आसपास किसी को खड़े होने या रुकने की अनुमति नहीं है, जबकि मुख्यालय पर भारी हथियारों से लैस सुरक्षाकर्मी तैनात हैं.

Advertisement

बीजेपी पर लगाए आरोप
वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा, 'भाजपा एक सांप्रदायिक पार्टी है. बंगाल चुनाव अब खत्म हो चुके हैं और अब वे कह रहे हैं कि पंजाब की बारी है. ये धमाके भाजपा की साजिश हैं. मैं भाजपा से कहना चाहता हूं कि इस तरह की हरकतें बंद करे. जहां-जहां भाजपा चुनाव लड़ना चाहती है, वहां इस तरह की घटनाएं होने लगती हैं.' उन्होंने आगे कहा, 'क्या भाजपा ऐसे धमाकों के जरिए वोट लेना चाहती है? पंजाब में जो कुछ हो रहा है, वह भाजपा की तैयारी का हिस्सा है.'

शिरोमणि अकाली दल ने सीएम के बयान को बताया राष्ट्र विरोधी
शिरोमणि अकाली दल ने पंजाब में धमाकों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. शिरोमणि अकाली दल ने सीएम के बयान को “राष्ट्रविरोधी” करार दिया है. अकाली दल की ओर से कहा गया कि बिना किसी जांच के मुख्यमंत्री इस तरह का आरोप कैसे लगा सकते हैं. पार्टी ने सवाल उठाया कि क्या सीएम मान अपने इस बयान के जरिए राष्ट्रविरोधी तत्वों को फायदा पहुंचाना चाहते हैं?

अकाली दल ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री के पास किसी तरह की खुफिया या पुख्ता जानकारी है तो उसे सार्वजनिक करें और एजेंसियों के सामने रखें. पार्टी नेताओं ने कहा कि इस तरह के संवेदनशील मामलों में राजनीतिक आरोप लगाने से पंजाब का माहौल खराब हो सकता है. साथ ही अकाली दल ने राज्य सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.
 

Advertisement

बता दें कि जालंधर के बीएसएफ चौक पर बीएसएफ मुख्यालय पर भीड़भाड़ वाले इलाके में खड़ी एक स्कूटर में ब्लास्ट हुआ था. चश्मदीदों ने बताया कि ब्लास्ट के कुछ ही देर बाद स्कूटर में आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

घटना के कुछ घंटों बाद, मंगलवार देर रात अमृतसर के खासा इलाके में बीएसएफ ठिकानों के पास स्थित एक आर्मी कैंप के बाहर दूसरा धमाका हुआ. शुरुआती शक के आधार पर माना जा रहा है कि मोटरसाइकिल पर सवार किसी हमलावर ने कथित तौर पर उस जगह पर ग्रेनेड फेंका था. यह इलाका अटारी-वाघा अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement