scorecardresearch
 

चंडीगढ़ में 20 साल के युवक की बर्बरता से हत्या... उसे चाकुओं से गोदा जा रहा था, लोग वीडियो बना रहे थे

पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ के दड़बा इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां 20 साल के युवक की सरेआम चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई. यहां 18 फीट रोड पर हुई इस वारदात में युवक मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन आसपास मौजूद लोग बचाने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते रहे. युवक करीब 25 मिनट तक सड़क पर तड़पता रहा.

Advertisement
X
जान बचाने को लेकर चीखता-चिल्लाता रहा युवक. (Photo: Screengrab)
जान बचाने को लेकर चीखता-चिल्लाता रहा युवक. (Photo: Screengrab)

चंडीगढ़ से बेहद खौफनाक कांड सामने आया है. यहां दड़बा इलाके में मंगलवार की शाम 20 साल के युवक की सरेआम घेरकर चाकुओं से हत्या कर दी गई. घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग मदद करने के बजाय वीडियो बनाते रहे. घायल युवक करीब 25 मिनट तक सड़क पर तड़पता रहा, लेकिन कोई उसे बचाने आगे नहीं आया.

यह वारदात दड़बा की गैस कॉलोनी स्थित 18 फीट रोड पर हुई. शाम के समय करीब सवा छह बजे चार से पांच युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते युवक पर हमला कर दिया. मृतक की पहचान सूरज के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, किसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया.

इस वारदात का जो वीडियो सामने आया है, वो बेहद डरावना और खौफनाक है. उसमें देखा जा सकता है कि आरोपी किस तरह युवक को घेरकर लगातार चाकुओं से हमला कर रहे हैं. इस दौरान सूरज लगातार चीखता रहा. वह खुद को बचाने के लिए भागने और बचने की कोशिश करता रहा, लेकिन हमलावर उसे लात-घूंसों से पीटते हुए बार-बार चाकू मारते रहे. वारदात के दौरान वहां लोग मौजूद थे, मगर किसी ने बीच-बचाव नहीं किया.

यह भी पढ़ें: जमीन खरीदने की खुशी में मिठाई बांटने निकला था युवक, अंगौछे से गला घोंटकर कर दी गई हत्या

Advertisement

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ लोग हमले का वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे, जबकि घायल युवक सड़क पर तड़प रहा था. स्थानीय लोगों ने बाद में पुलिस को सूचना दी.

सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

शुरुआती जांच में रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो की जांच कर रही है. हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है. इस घटना ने इलाके में दहशत फैला दी. साथ ही यह सवाल भी खड़ा हो गया है कि जब एक युवक सड़क पर जान बचाने की गुहार लगा रहा था, तब लोग मदद करने के बजाय वीडियो बनाने में क्यों लगे रहे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement