प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और 'वन नेशन, वन इलेक्शन' भारतीय जनता पार्टी के एजेंडे में शामिल हैं. उन्होंने यह भी कहा है कि इन मुद्दों पर देश में गंभीर और सकारात्मक चर्चा चल रही है और हम सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. वह बीजेपी के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये संबोधित कर रहे थे.
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में विपक्षी कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने आपातकाल जैसे दौर में, कांग्रेस की सरकार के समय कई तरह की परेशानियां और उत्पीड़न झेले हैं. पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी के कई कार्यकर्ताओं ने अपनी जान तक कुर्बान की है. पश्चिम बंगाल और केरल जैसे राज्यों में हिंसा को राजनीतिक संस्कृति बना दिया गया है.
उन्होंने आगे कहा कि हमारा मिशन अभी भी जारी है. देश जानता है कि बीजेपी हर चुनौती का ईमानदारी से सामना करने की कोशिश कर रही है और आगे भी करती रहेगी. पीएम मोदी ने कहा कि पहले भी सकारात्मक परिणाम मिले हैं और भविष्य में भी मिलते रहेंगे. उन्होंने अंग्रेजों के जमाने के कानून खत्म करने से लेकर नए संसद भवन के निर्माण तक, अपनी सरकार के दौरान हुए काम भी गिनाए.
यह भी पढ़ें: 'बीजेपी की हैट्रिक और शाही परिवार के नामदार के पराजय की सेंचुरी लगेगी', असम में बोले PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि सामान्य वर्ग के गरीबों को 10 प्रतिशत आरक्षण, तीन तलाक पर प्रतिबंध लगाने वाला कानून, नागरिकता संशोधन कानून और अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण जैसे कई कार्य बीजेपी के ईमानदार प्रयासों का परिणाम हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी देश की एकमात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जहां कार्यकर्ता पार्टी को अपनी मां मानते हैं. पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी का स्थापना दिवस सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं होता.
यह भी पढ़ें: 'TMC का भय, BJP का भरोसा...', बंगाल में PM नरेंद्र मोदी बोले- इस बार चुनाव में दो विकल्प हैं
उन्होंने कहा कि यह हर कार्यकर्ता के लिए भावनात्मक अवसर होता है. पीएम मोदी ने कहा कि यह दिन हमें राष्ट्र सेवा का अवसर देने के लिए पार्टी के प्रति आभार व्यक्त करने का मौका देता है. गौरतलब है कि वन नेशन, वन इलेक्शन के तहत लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं के चुनाव एक साथ कराने का प्रस्ताव है. वहीं समान नागरिक संहिता का उद्देश्य पूरे देश में विवाह, गोद लेने जैसे मामलों में सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून लागू करना है.