scorecardresearch
 
Advertisement

Parliament Budget Session Live: 'अमेरिका से डील नहीं, ढील हुई है...', अखिलेश यादव ने ट्रेड डील पर सरकार को घेरा

aajtak.in | नई दिल्ली | 10 फरवरी 2026, 5:18 PM IST

Parliament Session Live Updates: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ कांग्रेस की अगुवाई में विपक्षी दलों ने अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया है. कांग्रेस ने अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस लोकसभा के महासचिव को सौंप दिया है. ताजा अपडेट्स के लिए पेज को रिफ्रेश करते रहें...

Parliament Proceedings Live Parliament Proceedings Live

लोकसभा में जारी गतिरोध के बीच अब मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. कांग्रेस स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस लोकसभा के महासचिव को सौंप दिया है. इससे पहले, लोकसभा में गतिरोध खत्म करने की कोशिश में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सभी दलों के फ्लोर लीडर्स के साथ बैठक भी की.

फ्लोर लीडर्स की बैठक में विपक्षी दलों के आठ सांसदों का निलंबन खत्म करने की शर्त पर गतिरोध खत्म करने के लिए तैयार होने की बात सामने आ रही है. गौरतलब है कि मंगलवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही जोरदार हंगामे के कारण पहले 12 और फिर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी.

5:18 PM (17 मिनट पहले)

Lok Sabha Live: घोषणाएं आगे दौड़ती हैं, योजनाएं पीछे रह जाती हैं- राहुल कसवां

Posted by :- Bikesh Tiwari

राजस्थान के चुरू से कांग्रेस के सांसद राहुल कसवां ने कहा कि घोषणाएं आगे दौड़ती हैं, योजनाएं पीछे रह जाती हैं और जवाबदेही सधे हुए शब्दों में गायब हो जाती है. उन्होंने कैपिटल एक्सपेंडिचर से लेकर योजनाओं के लिए आवंटन और खर्च के आंकड़े गिना सरकार को कठघरे में खड़ा किया. राहुल कसवां ने दावा किया कि केंद्र सरकार योजनाओं पर अपना पूरा-पूरा बजट भी खर्च नहीं कर पा रही है. सरकार ने अभी अच्छी घोषणा की है कंटेंट क्रिएटर्स लैब की, लेकिन ट्रेनर्स कहां से आएंगे.
 

4:47 PM (48 मिनट पहले)

Lok Sabha Live: ठेकेदारों के पक्ष में है ये बजट- अनिल देसाई

Posted by :- Bikesh Tiwari

मुंबई दक्षिण मध्य से शिवसेना यूबीटी के सांसद अनिल यशवंत देसाई ने बजट को ठेकेदारों के पक्ष में बताते हुए कहा कि महाराष्ट्र के संदर्भ में हमारी चिंता भ्रष्टाचार को लेकर है. उन्होंने मुंबई अर्बन ट्रांसपोर्ट से लेकर पुणे मेट्रो प्रोजेक्ट तक, तमाम परियोजनाएं गिनाईं और कहा कि ये महाराष्ट्र के हित की योजनाएं हैं लेकिन इनमें ठेकेदारों को फायदा पहुंचाया जा रहा है. विकसित भारत के लिए बैंकिंग सेक्टर को लेकर उच्चस्तरीय कमेटी के गठन की बात है. आज आईडीबीआई जैसे बैंकों के कर्मचारी चिंतित हैं कि क्यों प्राइवेटाइजेशन किया जा रहा है. प्राइवेट बैंक जनहित नहीं, प्रॉफिट की चिंता करते हैं.

4:13 PM (एक घंटा पहले)

Lok Sabha Live: 'बंगाल ने BJP को दिया ट्रिपल डिफीट', लोकसभा में बोले अभिषेक बनर्जी

Posted by :- Bikesh Tiwari

टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने अपराजिता बिल का मुद्दा उठाया और कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं के साथ रेप जैसे घृणित अपराध के मामलों में सख्त कार्यवाही के लिए कानून बनाकर राज्यपाल के जरिये मंजूरी के लिए केंद्र को भिजवा दिया. इस पर सरकार अब तक कोई फैसला नहीं ले सकी है. उन्होंने गरीबों की स्थिति से स्मार्ट सिटी मिशन तक, सरकार को कठघरे में खड़ा किया और उच्च शिक्षा के लिए बजट आवंटन पर भी सवाल खड़े किए. पीएम केयर्स को लेकर जानकारी मांगिए, तो पीएमओ कहता है कि ये प्राइवेट फंड है, इसकी जानकारी नहीं दी जा सकती. डॉक्टर आंबेडकर से लेकर महात्मा गांधी और स्वामी विवेकानंद को कोट किया और कहा कि आजकल भारत में टैक्स कमाई के पीछे नहीं, नहीं जिंदगी के पीछे चलता है. अभिषेक बनर्जी ने पेंशन से हेल्थकेयर तक टैक्स के आंकड़े गिनाए और कहा कि मौत के बाद शोक सभा में अगरबत्ती जलाने के लिए भी परिवार को टैक्स देना पड़ता है. जन्म से अंतिम संस्कार तक, हर कदम पर टैक्स रिफॉर्म नहीं है. 2016, 2021 और 2024 पश्चिम बंगाल में बीजेपी को तीन शिकस्त मिली. इस सरकार ने पांच साल से हमारे सारे फंड फ्रीज करके रखे हैं. हमने स्वनिर्भर बंगाल की तरह काम करके दिखाया है. मेमेरी इरेज नहीं की जा सकती. जब बैलट सन्नाटा तोड़ेगा, हम विजेता बनकर निकलेंगे. 

3:48 PM (एक घंटा पहले)

'उत्तर प्रदेश से आता हूं, जहां प्रधान संसदीय क्षेत्र है...', अखिलेश ने उठाया बनारस का मुद्दा

Posted by :- Bikesh Tiwari

अखिलेश ने कहा कि गरीब की थाली खाली है. इस बजट ने पेवन साटने की जगह और चीथड़े कर दिए. मंडियों में कोई खरीद नहीं हो रही है. शाहजहांपुर में हमने मेडिकल कॉलेज बनवाया था. ये प्रचार में बहुत आगे हैं. हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज की ये बात करते हैं, लेकिन अस्पतालों में उपचार नहीं है. दवाई नहीं है. दिल्ली में एम्स के लिए पांच हजार करोड़ रुपये और आयुष्मान में पूरे देश के लिए 4000 करोड़ रुपये. स्वास्थ्य को लेकर गरीब हमेशा परेशान रहता है. उत्तर प्रदेश से आता हूं, जहां प्रधान संसदीय क्षेत्र है. राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की मूर्ति थी वहां, उसे बुलडोजर से तोड़वा दिया. मणिकर्णिका घाट सदियों से हमारी सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी रही, वहां बुलडोजर से केवल एक नहीं, गिनती करेंगे तो लगभग सौ मंदिरों को तोड़ने का काम इसी सरकार में हुआ है. जो घंटा बजता था, नेपाल नरेश ने गिफ्ट किया था, वह घंटा भी लापता है. गंगा को लेकर हमारे कानों में अभी भी वो बातें गूंजती हैं कि मां गंगा ने मुझे बुलाया है. 11 साल से मां गंगा बह रही हैं. वह आज किस हालत में हैं. कोई कह रहा था कि गंगा बहेंगी तो अब दूर तक जाएंगी. वो ये नहीं जानते कि कभी कभी उल्टी गंगा भी बहती है. उल्टी गंगा बहेंगी तो यूपी तक आते आते साफ हो जाएंगे. इसी राजधानी में यमुना के किनारे रिवर फ्रंट बनाने की बात कही गई. यमुना की सफाई का कोई इंतजाम सरकार ने नहीं किया. देश का सबसे अच्छा रिवर फ्रंट लखनऊ में गोमती किनारे बना है. 26 जनवरी को इसी वर्ष एक अखबार में देखा कि रिवर वाटर में हाई यूरेनियम को लेकर एक्सपर्ट्स चेतावनी दे रहे हैं. आर्सेनिक लेवल का सोच ही नहीं सकते. जो संपन्न हैं, वो पानी साफ करने की मशीन खरीद सकते हैं. हमारा गरीब क्या करेगा. जिसका पानी खराब हो, सरकार को मालूम है नहीं मालूम है, प्राइवेट कंपनियां जिन्हें पानी बेचना है, वो बता रही है कि क्या क्या है. अगर गलत है, तो सरकार को एक्शन लेना चाहिए गलत प्रचार के लिए. सरकार को कोई नमस्कार न करे, उसको नहीं डरा सकते. नमस्कार नहीं कर सकते, तो आदाब तो कर ही देते वहां जाकर. जो लोग पिछड़े, पीडीए की बात निकली है, किस तरह विश्वविद्यालयों में नियुक्तियां हो रही हैं, उसी पर कुछ कहना चाहता हूं. जिस तरह से आरक्षण पर खिलवाड़ हो रहा है, उसकी कोई कल्पना नहीं कर सकता था. विकसित भारत तभी विकसित माना जाएगा, जब सभी को बराबरी का हक मिलेगा. अभी सुप्रीम कोर्ट ने 16 जनवरी को माइग्रेशन को लेकर हाईकोर्ट का फैसगला पलट दिया और कहा कि ज्यादा नंबर पाने पर आरक्षित वर्ग का अभ्यर्थी अनारक्षित वर्ग में चयनित किया जाएगा. इस बजट से न आर्थिक गैर बराबरी दूर हो रही है, ना सामाजिक गैरबराबरी दूर हो रही है.

 

Advertisement
3:43 PM (एक घंटा पहले)

Lok Sabha Live: 'जिन्होंने गोली चलवाई, वो राम मंदिर बनवा रहे', बोले अखिलेश

Posted by :- Bikesh Tiwari

वित्त मंत्री को सदन के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए. मनरेगा को लेकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए. राम जी को हमारे यहां बैठाना चाहिए, ये पीछे बैठाए हुए हैं. इस पर सत्ता पक्ष से किसी ने रामभक्तों पर गोली चलवाने की घटना का जिक्र किया. अखिलेश यादव ने कहा कि जिन्होंने गोली चलवाई, वो राम मंदिर बनवा रहे हैं. जाकर पता करो. अखिलेश ने किसानों की आय दोगुनी करने के वादे से लेकर काउ मिल्क प्लांट और गो सेवा तक, सरकार पर जमकर वार किए. उन्होंनेै कहा कि आय कितनी दोगुनी हुई है, सरकार बताए. क्या कारण है कि एफडीआई में लगातार कमी आ रही है. रुपये के मूल्य में डॉलर के मुकाबले क्यों लगातार गिरावट आ रही है. इस डील और ढील के बाद हमारा रुपया कहां होगा, सरकार ये जरूर बताए. 

3:40 PM (एक घंटा पहले)

Lok Sabha: सरकार उद्योगपतियों के साथ- अखिलेश

Posted by :- Bikesh Tiwari

सरकार उद्योगपतियों के साथ खड़ी है. जो लेबर कोड लाए गए हैं, वह लेबर नहीं उद्योगपतियों के पक्ष में हैं. एयर पॉल्यूशन को लेकर पहले ही कह चुका हूं. शहरी विकास क्योटो को देखा है. स्वास्थ्य और शिक्षा का बजट केवल 10 और 14.2 परसेंट ही बढ़ाया गया है, पिछले साल का पूरा बजट खर्च ही नहीं हो पराया है. सरकार बताए. प्रधानमंत्री ने जो गांव गोद लिया था, उसे अनाथ छोड़ दिया है, हर साल रियल वेजेज दो परसेंट कम हो रही हैं. सरकार बताएगी कि इसके पीछे कारण क्या हैं. मेक इन इंडिया और पीएलआई योजना सफल नहीं हुई और बेरोजगारी बढ़ रही है. ये बजट दिशाहीन है, 2047 तक विकसित भारत नहीं बनेगा, लेकिन गरीबो से अन्याय होगा. एआई और बजट, बीजेपी सबसे ज्यादा खर्च करती है दूसरों को बदनाम करने में.

3:11 PM (2 घंटे पहले)

बजट में यूपी को कुछ नहीं मिला, किसान कहां जाएगा- अखिलेश यादव

Posted by :- Bikesh Tiwari

अखिलेश यादव ने बजट लको दिशाहीन बताते हुए कहा कि इसमें गरीब, पिछड़े, दलित के लिए कुछ नहीं है. हम इतने बजट ला रहे हैं, हमारी पर कैपिटा इनकम नहीं बढ पा रही. सरकार को कम से कम फ्री राशन पाने वालों की पर कैपिटा इनकम तो बताना ही चाहिए. यूपी जैसे प्रदेश की डबल इंजन की सरकार को बहुत कुछ कहा जाता है. यूपी के लिए कोई खास योजना ऐसी नहीं आई है, जिससे यूपी के 25 करोड़ लोगों को मुख्य धारा से जोड़ा जाए. यूपी से प्रधानमंत्री आते हैं, भारत सरकार के बजट से कोई भी एक्सप्रेसवे नहीं बना है. जो बने भी हैं, उस क्वालिटी के नहीं हैं, जैसे विकसित भारत की क्वालिटी होनी चाहिए. भ्रष्टाचार पर सवाल उठाने वालों को देखना चाहिए. अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से कोई एक्सप्रेसवे बन रहा था. बनने के साथ-साथ उसका नाम भी बदल दिया. पहले चंबल फिर अटल जी के नाम पर... लग रहा वह बस कागजों पर बन रहा था. किसानों की आय दोगुनी करने की बात थी. इस डील के बाद हमारे किसानों का हाल क्या होगा. जब सब कुछ विदेश से ही आएगा, किसान क्या उगाएगा और क्या बेच पाएगा. सरकार ने एग्री इंफ्रा, मंडिया तैयार करने की बात कही थी. किसानों को आज भी एमएसपी की कानूनी गारंटी सरकार नहीं दे पाई. सरकार हर्टिकल्चर क्रॉप्स और दुग्ध उत्पादन के आंकड़े गिनाती है. एमएसपी की गारंटी कब देंगे. अगर किसान को लाभ नहीं मिलेगा, अपवना घर कैसे चलाएगा, बच्चों को कैसे पढ़ाएगा, बेटियों को विदा कैसे करेगा. आज सोने के भाव कहां पहुंच गए. पहले गरीब सोचता था कि बिटिया की विदाई में सोने का कुछ दे देंगे. यही सरकार चलती रही तो चांदी दूर, लोहे पर पीतल का पानी चढ़ाकर भी वह  बेटी की विदाई नहीं कर पाएगा. 

3:04 PM (2 घंटे पहले)

Lok Sabha: अमेरिका से डील नहीं, ढील हुई है- अखिलेश

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में अखिलेश यादव बजट पर बोल रहे हैं. उन्होंने कहा कि शशि थरूर अभी बोल रहे थे. काफी आंकड़े गिनाए, उसी से मिलते-जुलते आंकड़े मेरे पास भी हैं. उन्होंने कहा कि बजट आने से पहले और बजट आने के बाद पूरे देश में अमेरिका से डील को लेकर बात चल रही थी. बीजेपी ने दावे किए कि हमने दुनिया में कई देशों से फ्री ट्रेड डील कर ली है. उनसे जानना चाहूंगा कि कितने देश बचे हैं, जिनसे फ्री ट्रेड डील नहीं कर पाए हैं. कुछ लोग रुपये को लेकर उम्र पर सवाल उठाते थे, इस डील के बाद रुपया कहां जाएगा. यही डील करनी थी, तो पहले ही क्यों नहीं कर ली गई. ये डील नहीं, ढील हुई है. देश जानना चाहता है कि 18 बड़ा है या जीरो. बजट पहले बना या पहले डील हुई. 
 

2:52 PM (2 घंटे पहले)

Parliament Live: 'यह बजट कॉर्पोरेट केंद्रित', राज्यसभा में बोले नीरज डांगी

Posted by :- Bikesh Tiwari

राज्यसभा में बजट पर चर्चा के दौरान राजस्थान से कांग्रेस के सांसद नीरज डांगी ने सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि यह बजट कॉर्पोरेट केंद्रित भी है. इस बजट में सरकार ने जीवन रक्षक दवाओं पर टैक्स घटाने की बात कही है, लेकिन बेतहाशा एमआरपी निर्धारण पर लगाम लगाने के लिए किसी कदम की चर्चा इसमें नहीं है. राज्यों के बजट में भी कटौती की गई हैं. आम आदमी, जनता, गरीबों को पूरी तरह नजरअंदाज करने का काम किया गया है. ये बजट किसी भी प्रकार से किसान, युवा के हित में नहीं है.

Advertisement
2:36 PM (2 घंटे पहले)

Lok Sabha Live: अमेरिका के साथ ट्रेड डील नुकसानदेह- थरूर

Posted by :- Bikesh Tiwari

शिक्षित युवाओं की बेरोजगारी दर उच्च स्तर पर बनी हुई है. देश का विकास स्लोगन और हेडलाइंस से नहीं होता. स्मार्ट सिटी की घोषणा के बाद डेडलाइंस लगातार बढ़ती रहीं, लेकिन जमीन पर कुछ भी नहीं बदला है. यूएस ट्रेड डील पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि हमारा ट्रेड सरप्लस 45 बिलियन डॉलर है और हमने यह डील कर ली कि अगले पांच साल में 500 बिलियन डॉलर के अमेरिकी सामान खरीदेंगे. यह ट्रेड डेफिसिट लॉन्ग टर्म में बहुत नुकसानदायक होगा. गारंटीड परचेज कमिटमेंट भारत के हित में नहीं है. वाणिज्य और विदेश मंत्री को टाइमलाइन और अन्य सवालों के जवाब देने चाहिए. हमको मालूम है जन्नत की हकीकत लेकिन, दिल बहलाने के लिए गालिब ये खयाल अच्छा है. विकसित भारत स्लोगन से नहीं, अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की डिलीवरी से बनेगा. ये हमारा कर्तव्य है.

2:22 PM (3 घंटे पहले)

लोकसभा स्पीकर के अविश्वास प्रस्ताव पर राहुल के साइन क्यों नहीं? कांग्रेस ने बताई वजह

Posted by :- Bikesh Tiwari

विपक्ष की ओर से लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस पर 119 सांसदों के हस्ताक्षर हैं. लेकिन लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के हस्ताक्षर नहीं हैं. कांग्रेस ने इसकी वजह भी बताई है.

यह भी पढ़ें: स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव, 119 विपक्षी सांसदों के साइन लेकिन राहुल का नाम नहीं

2:18 PM (3 घंटे पहले)

Lok Sabha: किसानों की आय दोगुनी नहीं कर सके, सम्मान निधि ही बढ़ा दीजिए- थरूर

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में बजट पर चर्चा की शुरुआत करते हुए कांग्रेस सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर ने मनरेगा से लेकर कृषि तक, बजट आवंटन को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा किया. उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी कर नहीं सके, कम से कम किसान सम्मान निधि ही दोगुनी कर दीजिए. यह पिछले छह साल से छह हजार पर ही अटका पड़ा है. शशि थरूर ने बजट में उड़ान योजना का जिक्र नहीं होने पर भी सवाल उठाए. 

2:13 PM (3 घंटे पहले)

Lok Sabha Live: पटरी पर लौटी लोकसभा, बजट पर चर्चा शुरू

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा की कार्यवाही पटरी पर लौट आई है. लोकसभा में दो बजे जब कार्यवाही शुरू हुई, बजट पर चर्चा शुरू हो गई है. लोकसभा में कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बजट पर चर्चा की शुरुआत की है. आसन पर कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी आए हैं.
 

2:09 PM (3 घंटे पहले)

Lok Sabha: स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस पर 119 सांसदों के हस्ताक्षर

Posted by :- Bikesh Tiwari

यह भी पढ़ें: स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष ने दिया अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस, 119 सांसदों के हस्ताक्षर

Advertisement
1:30 PM (4 घंटे पहले)

Lok Sabha: स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ कांग्रेस लाई अविश्वास प्रस्ताव

Posted by :- Bikesh Tiwari

कांग्रेस ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है. कांग्रेस अब स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आई है. मुख्य विपक्षी पार्टी ने इससे संबंधित नोटिस लोकसभा सचिवालय को सौंप दिया है. लोकसभा के महासचिव को सौंपे गए नोटिस के बाद ओम बिरला ने खुद को सदन की कार्यवाही के संचालन से अलग कर लिया है और मंगलवार को वह सदन की कार्यवाही का संचालन करने आसन पर नहीं आए. 

1:20 PM (4 घंटे पहले)

किरेन रिजिजू ने फ्लोर लीडर्स के साथ की बैठक, कांग्रेस की डिमांड- हटे सांसदों का सस्पेंशन

Posted by :- Bikesh Tiwari

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में गतिरोध खत्म करने के लिए सभी दलों के फ्लोर लीडर्स के साथ बैठक की. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक विपक्ष इस बात पर गतिरोध खत्म करने के लिए तैयार हो गया है. हालांकि, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक वर्जन नहीं आया है. 

1:12 PM (4 घंटे पहले)

...जब PM की सीट की ओर बढ़ रही थीं महिला सांसद, रिजिजू ने जारी किया वीडियो

Posted by :- Bikesh Tiwari

कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक एआई वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी की संसद में गैरहाजिरी की आलोचना की गई. इसके जवाब में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने संसद के भीतर का वीडियो पोस्ट कर कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया है.

1:05 PM (4 घंटे पहले)

Budget Session live: राज्यसभा में भोजनावकाश, कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित

Posted by :- Bikesh Tiwari

राज्यसभा में भोजनावकाश हो गया है. सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है. सदन में शून्यकाल और प्रश्नकाल की कार्यवाही चली. इसके बाद सभापति सीपी राधाकृष्णन ने कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी.

 

12:10 PM (5 घंटे पहले)

Budget Session live: लोकसभा में जोरदार हंगामा, रिजिजू बोले- बजट पर चर्चा शुरू करें

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में विपक्ष के सांसद वेल में आकर जोरदार हंगामा कर रहे हैं. जोरदार हंगामे के बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि पहले भी आग्रह कर चुका हूं, बजट पर चर्चा शुरू होने दें. चेयर की ओर से इसके लिए कांग्रेस के शशि थरूर का नाम भी पुकारा जा चुका है. सपा, टीएमसी और बाकी दलों के नेताओं को भी बोलना है, लेकिन कांग्रेस ही अपना काम शुरू नहीं कर रही है. सदन का काफी समय पहले ही बर्बाद हो चुका है, अब और नहीं होना चाहिए.
 

Advertisement
12:05 PM (5 घंटे पहले)

‘लोकतंत्र का सबसे काला पल’, लोकसभा हंगामे पर BJP की महिला सांसदों ने विपक्ष को घेरा

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में बजट सत्र में विपक्ष के हंगामे पर बीजेपी की महिला सांसदों ने स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखा है. बीजेपी सांसदों ने विपक्ष पर सदन की मर्यादाओं का उल्लंघन करने का आरोप लगाया और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

यह भी पढ़ें: ‘लोकतंत्र का सबसे काला पल’, लोकसभा हंगामे पर BJP की महिला सांसदों ने विपक्ष को घेरा

12:05 PM (5 घंटे पहले)

Budget Session live: राज्यसभा में चल रहा प्रश्नकाल

Posted by :- Bikesh Tiwari

राज्यसभा में शून्यकाल के बाद अब प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू हो गई है. सदस्य लोकहित से जुड़े विषयों पर प्रश्न पूछ रहे हैं, जिनका सरकार की ओर से संबंधित विभाग के मंत्री जवाब दे रहे हैं.
 

12:03 PM (5 घंटे पहले)

Lok Sabha: लोकसभा की कार्यवाही फिर शुरू, हंगामे के बीच लिए जा रहे लिस्टेड बिजनेस

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा की कार्यवाही फिर से शुरू हो गई है. आसन पर पीसी मोहन आए हैं. विपक्षी सदस्य वेल में आकर हंगामा कर रहे हैं. हंगामे के बीच ही सदन में लिस्टेड बिजनेस लिए जा रहे हैं.
 

11:50 AM (5 घंटे पहले)

Parliament Live: इंडिया ब्लॉक के फ्लोर लीडर्स की बैठक, संसद के लिए बनाई रणनीति

Posted by :- Bikesh Tiwari

इंडिया ब्लॉक में शामिल दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक हुई. इस बैठक में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद थे. इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने इस बैठक में संसद के चालू सत्र को लेकर रणनीति पर मंथन किया.


 

11:19 AM (6 घंटे पहले)

'पूर्व सेना प्रमुख झूठ नहीं बोल रहे', नरवणे की किताब को लेकर सरकार पर राहुल का हमला

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जनरल नरवणे की किताब को लेकर एक बार फिर केंद्र सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने आजतक से बातचीत में कहा कि या तो नरवणे साहब पर यकीन करें या पेंगुइन पर विश्वास करें. जाहिर तौर पर मैं तो जनरल नरवणे पर ही विश्वास करूंगा.

यह भी पढ़ें: 'पूर्व सेना प्रमुख झूठ नहीं बोल रहे', नरवणे की किताब को लेकर सरकार पर राहुल का हमला

Advertisement
11:16 AM (6 घंटे पहले)

Budget Session: आसन पर नहीं आए ओम बिरला

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा में कार्यवाही की शुरुआत हुई, तब आसन पर डिप्टी स्पीकर पैनल के पीसी मोहन आए. कार्यवाही की शुरुआत कराने सदन में आज ओम बिरला नहीं आए. ऐसा चालू सत्र में पहली बार हुआ है,, जब स्पीकर ने कार्यवाही शुरू कराने के लिए आसन पर आने से परहेज किया. चालू सत्र के दौरान गतिरोध के बावजूद हर रोज कार्यवाही शुरू कराने स्पीकर ओम बिरला खुद आसन पर आते रहे हैं. चालू सत्र के दौरान ऐसा पहली बार हुआ है, जब स्पीकर आसन पर नहीं आए और डिप्टी स्पीकर पैनल के किसी सदस्य ने दिन की कार्यवाही शुरू कराई.

11:12 AM (6 घंटे पहले)

Parliament Live: 2 मिनट के भीतर स्थगित हुई लोकसभा की कार्यवाही

Posted by :- Bikesh Tiwari

लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के बाद दो मिनट भी नहीं चल सकी. सदन की कार्यवाही जैसे ही शुरू हुई, विपक्षी सदस्य हंगामा करते हुए वेगल में आ गए. वेल में आकर हंगामा कर रहे सदस्यों से पीठासीन ने अपनी चेयर पर जाने की अपील की. पीठासीन की ओर से बार-बार अपील किए जाने के बाद बावजूद भी जब विपक्षी सदस्य अपनी चेयर पर नहीं लौटे, तब उन्होंने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी. लोकसभा दो मिनट भी नहीं चल सकी और कार्यवाही स्थगित हो गई. 

Advertisement
Advertisement