एक भारतीय नागरिक ने कनाडा सीमा के रास्ते लोगों को अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश कराने की साजिश में अपनी भूमिका स्वीकार की है, जिसकी उम्र 22 साल बताई जा रही है. अमेरिकी न्याय विभाग ने गुरुवार को बताया कि शिवम नाम का एक युवक अक्टूबर 2024 से जून 2025 तक अवैध मानव तस्करी नेटवर्क का संचालन कर रहा था.
आरोप है कि वह कनाडा से लोगों को गैरकानूनी तरीके से अमेरिका पहुंचाने के लिए ड्राइवरों की व्यवस्था करता था. खास तौर पर उत्तरी न्यूयॉर्क के आसपास मौजूद गुप्त ठिकानों और न्यूयॉर्क के प्लैट्सबर्ग स्थित होटलों तक लोगों को पहुंचाने का काम किया जाता था.
जानकारी के मुताबिक, शिवम यह काम पैसों के लिए करता था और उसकी मदद करने वाले ड्राइवरों को भी भुगतान किया जाता था.
100 अमेरिकी डॉलर का भुगतान
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पिछले साल जनवरी में शिवम ने भारत और ब्रिटेन के 12 लोगों को कनाडा के रास्ते अमेरिका में अवैध रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए थे.
माना जा रहा है कि इसके लिए 100 अमेरिकी डॉलर का भुगतान किया गया, उसी महीने अमेरिकी बॉर्डर पेट्रोल एजेंट्स ने सीमा के पास दो गाड़ियों को रोकने की कोशिश की. हालांकि, दोनों वाहन सुरक्षाकर्मियों से बचने के लिए तेज रफ्तार में भाग निकले, जिसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया.
आरोप है कि इन वाहन में कुल 12 लोग सवार थे, जिन्हें अवैध तरीके से अमेरिका लाया जा रहा था. शिवम ने इस मामले में अपनी भूमिका स्वीकार की है और उसे सितंबर में सजा सुनाई जाएगी. शिवम को इसके लिए कम से कम 5 साल और अधिकतम 15 साल तक की जेल की सजा हो सकती है.