राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह मौसम बदलता हुआ नजर आया. सुबह-सुबह हल्की बारिश देखने को मिली, जिसके बाद बीते कई दिनों से मार्च में ही गर्मी झेल रहे लोगों को राहत मिली हैं. मौसम सुहाना होता हुआ नजर आ रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है.
15 मार्च 2026 को दिल्ली में आसमान ज्यादातर बादलों से घिरा रहेगा. सुबह से दोपहर तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. पालम क्षेत्र में भी सुबह-सुबह बारिश दर्ज की गई है.
दिल्ली में आज अधिकतम तापमान और 29°C से 31°C और न्यूनतम तापमान 17°C से 19°C के बीच रहने की संभावना है. 16 मार्च को भी आसमान में बादल छाए रह सकते हैं.
15 से 19 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज के साथ बिजली गिरने और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
पंजाब-हरियाणा में भी बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 15 से 19 मार्च के दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी बारिश होने वाली है. इस बीच उत्तर प्रदेश, पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में भी हल्की बारिश, गरज-चमक और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की संभावना है.
वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है.