यूपी में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का आज दूसरा दिन है. यात्रा गाजियाबाद से बागपत में प्रवेश कर चुकी है. जनता ने फूल और मालाओं से राहुल गांधी का स्वागत किया. इसके साथ ही कई किसान संगठनों ने भी भारत जोड़ो यात्रा का समर्थन किया और राहुल गांधी के साथ कदमताल की.
भारत जोड़ो यात्रा का बागपत में राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने तिरंगा लहराकर स्वागत किया और राहुल गांधी के समर्थन में नारेबाजी की. इसके अलावा सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं ने राहुल गांधी से मुलाकात की और अग्निवीर योजना के खिलाफ अपनी बात उनके सामने रखी.
हास्य कलाकार ने दिया समर्थन
इनके अलावा हास्य कलाकार राजीव निगम ने भारत जोड़ो यात्रा को अपना समर्थन दिया और राहुल गांधी के साथ चले. इस अवसर पर राजीव निगम ने कहा कि देश को हम अपने अपने तरीके से जोड़ने का काम कर रहे हैं. आज उसी क्रम में राहुल गांधी जी के इस अभियान को हमारा समर्थन है. हम उन्हें इस राष्ट्रहित में किए जा रहे शुभ कार्य के लिए बधाई और शुभकामनाएं देते हैं. सिविल सोसायटी के लोगों ने भी भारत जोड़ो यात्रा में शिरकत की और राहुल से मुलाकात की.
कश्मीर में खत्म होगी राहुल की यात्रा
बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण 3 जनवरी से शुरू हुआ. गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर से भारत जोड़ो यात्रा ने यूपी में प्रवेश किया था. आज यात्रा बागपत में पहुंच गई है. यात्रा पांच जनवरी को शामली और छह जनवरी को कैराना से होकर हरियाणा के सोनीपत जिले में प्रवेश में कर जाएगी. छह जनवरी से 10 जनवरी तक भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा में रहेगी. इसके बाद यह यात्रा 11 जनवरी को पंजाब में प्रवेश करेगी और एक दिन के लिए 19 जनवरी को हिमाचल प्रदेश से भी गुजरेगी. भारत जोड़ो यात्रा 20 जनवरी को जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी और फिर 30 जनवरी को राहुल गांधी तिरंगा फहराकर समापन करेंगे.