केरल के पठानमथिट्टा जिले के अडूर इलाके में एक ऑटो रिक्शा चालक द्वारा महिला को नशीला पेय पिलाकर यौन उत्पीड़न करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक एजेंसी के मुताबिक पुलिस ने इस मामले में आरोपी विनोद को गिरफ्तार कर लिया है, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था.
पुलिस के अनुसार, आरोपी विनोद अडूर का ही रहने वाला है और वह ऑटो रिक्शा चालक के रूप में काम करता था. पीड़िता 28 वर्षीय महिला है, जो अपने पति से अलग होकर विनोद के घर के पास ही रह रही थी. इसी दौरान महिला का आरोपी के ऑटो रिक्शा से नियमित रूप से आना-जाना होता था, जिसके चलते दोनों के बीच परिचय बढ़ गया था.
मामले की शुरुआत इस साल फरवरी में हुई बताई जा रही है. आरोप है कि विनोद ने एक दिन महिला को नशीला जूस पिलाया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई. इसी स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी ने उसका यौन उत्पीड़न किया. इतना ही नहीं, पुलिस का कहना है कि आरोपी ने इस कृत्य का वीडियो भी बना लिया और बाद में उसे दिखाकर महिला को डराने-धमकाने लगा.
पुलिस आरोपी से कर रही है पूछताछ
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लगातार महिला को धमकी देता था कि यदि उसने किसी को बताया तो वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा. इस डर के कारण पीड़िता लंबे समय तक चुप रही. हालांकि बाद में उसने अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मामला सामने आया.
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब आरोपी ने कथित तौर पर महिला के साथ मारपीट भी की. इसके बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर अडूर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. शुरुआती जांच के बाद मामला दर्ज किया गया, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचता रहा और छिपता रहा. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी में देरी को देखते हुए पीड़िता ने जिला पुलिस प्रमुख से भी संपर्क किया, जिसके बाद मामले की जांच को तेज किया गया. तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार रात आरोपी विनोद को गिरफ्तार कर लिया.
अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और इस दौरान मोबाइल फोन तथा अन्य डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है, ताकि वीडियो और अन्य साक्ष्यों की पुष्टि की जा सके. पुलिस ने बताया कि आरोपी को जल्द ही रिमांड पर लेकर अदालत में पेश किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.