ज्ञानवापी परिसर में ASI का तीसरे दिन का सर्वे खत्म हो गया है. सर्वे के बाद परिसर से बाहर निकले हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर जैन ने कहा कि हम अपने दावे के नजदीक पहुंच गए हैं. वहीं, पाकिस्तान में रविवार को दर्दनाक रेल हादसा हुआ. रावलपिंडी जा रही हजारा एक्सप्रेस की 10 बोगियां पटरी से उतर जाने से पलट गईं, जिससे कम से कम 33 लोगों की मौत हो गई और 80 घायल हो गए. पढ़िए रविवार शाम की 5 बड़ी खबरें...
'हम अपने दावे के बेहद नजदीक', ज्ञानवापी में तीसरे दिन के सर्वे के बाद बोले हिंदू पक्ष के वकील
ज्ञानवापी परिसर में ASI का तीसरे दिन का सर्वे खत्म हो गया है. सर्वे के बाद परिसर से बाहर निकले हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर जैन ने कहा कि हम अपने दावे के नजदीक पहुंच गए हैं, ASI लगातार अपना काम कर रही है. हालांकि अभी इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता. सभी चीजें रिपोर्ट में शामिल होंगी, लेकिन एएसआई इस सर्वे को कल भी जारी रखेगी. हिंदू वकील सुभाष चंदन चतुर्वेदी ने कहा कि सर्वे सही दिशा में जा रहा है. एएसआई की टीम अपने तय किए गए स्थानों पर काम कर रही है. प्रारंभिक काम पूरा कर लिया गया है. कल भी सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक सर्वे की प्रक्रिया जारी रहेगी.
नूंह हिंसा में घिरे AAP लीडर जावेद अहमद, बजरंग दल नेता प्रदीप शर्मा की हत्या में मुख्य आरोपी, पार्टी ने बताया- झूठी है FIR
हरियाणा के नूंह-मेवात में हिंसा के दौरान हुई बजरंग दल के नेता प्रदीप शर्मा की मौत के मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता जावेद अहमद घिरते नजर आ रहे हैं. पुलिस ने हत्या के इस मामले में हरियाणा AAP माइनोरिटी सेल अध्यक्ष जावेद अहमद को मुख्य आरोपी बनाया है. इतना ही नहीं उनसे पूछताछ भी हो चुकी है. हालांकि, AAP नेता ने खुद पर लगे आरोपों को झूठा बताया है.
पाकिस्तान: कराची से रावलपिंडी जा रही हजारा एक्सप्रेस पटरी से उतरी, 33 की मौत, 80 घायल
पाकिस्तान में रविवार को दर्दनाक रेल हादसा हुआ. रावलपिंडी जा रही हजारा एक्सप्रेस की 10 बोगियां पटरी से उतर जाने से पलट गईं, जिससे कम से कम 33 लोगों की मौत हो गई और 80 घायल हो गए. जियो टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह दुर्घटना रविवार को शहजादपुर और नवाबशाह के बीच स्थित सहारा रेलवे स्टेशन के पास हुई.
अजित पवार के साथ मंच शेयर कर बोले अमित शाह- पहली बार आप सही जगह पर बैठे हैं, लेकिन...
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के पुणे से सेंट्रल रजिस्ट्रार ऑफ कोऑपरेटिव सोसाइटी (CRCS) कार्यालय के डिजिटल पोर्टल की शुरुआत कर दी है. यहां शाह ने हाल ही में NCP नेता अजित पवार के गठबंधन सरकार में शामिल होने पर स्वागत किया. अमित शाह ने कहा, अजित दादा उप मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार आए हैं और मैं इनके साथ पहली बार मंच पर कार्यक्रम कर रहा हूं. इसलिए मैं दादा को एक बात कहना चाहता हूं कि बहुत समय के बाद आप सही जगह पर बैठे हो. यही जगह सही थी, लेकिन बहुत देर दी है आपने.
'मणिपुर-हरियाणा से घबराकर भागे लोगों ने पश्चिम बंगाल में ली शरण...', मंत्री का दावा
बंगाल के मंत्री फिरहाद हकीम ने दावा किया कि तनावग्रस्त मणिपुर और हरियाणा से भागे कई लोग बंगाल के जिलों में आ रहे हैं. उन्होंने कई लोगों के यहां पर शरण लेने का दावा किया है. उन्होंने इंडिया टुडे से बात करते हुए कहा, ''सैकड़ों लोगों की जान चली गई, करीब 63 हजार लोग मणिपुर से भाग गए हैं. उनमें से ज्यादातर लोग बंगाल आ रहे हैं. वहीं हरियाणा में भी वे बंगाल में, बंगाल के कई हिस्सों में शरण ले रहे हैं.