दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक इमारत में भीषण आग लग गई. इस हादसे में अब तक 9 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं. मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार और सोमवार को भी बारिश की संभावना जताई है. रविवार को हल्की बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है. चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट पर भी दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया है. वहीं, व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान फायरिंग करने वाले आरोपी कोल टॉमस एलन के वकीलों ने वॉशिंगटन की एक अदालत में उसे ‘सुसाइड वॉच’ से हटाने की मांग की है. पढ़ें रविवार सुबह की टॉप खबरें...
दिल्ली के विवेक विहार में भीषण अग्निकांड, AC में ब्लास्ट से 9 लोगों की मौत- VIDEO
दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक इमारत में भीषण आग लग गई. इस हादसे में अब तक 9 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं. शुरुआती जांच में बिल्डिंग में आग लगने का कारण एसी ब्लास्ट बताया जा रहा है. आग किस मंजिल या हिस्से से शुरू हुई, इसकी जांच की जा रही है. फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है.
दिल्ली की गर्मी पर लगेगा 'ब्रेक'! बादल-बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी, जानें अगले हफ्ते का हाल
मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार और सोमवार को भी बारिश की संभावना जताई है. रविवार को हल्की बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है. लोगों को सलाह दी गई है कि वो मौसम के बदलाव को देखते हुए अलर्ट रहें. पंजाब के कुछ हिस्सों में भी आज आंधी और तूफान जैसी स्थिति बनी हुई है.
पश्चिम बंगाल के फलता में भी री-पोलिंग के आदेश... 21 मई को दोबारा डाले जाएंगे वोट
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट पर भी दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया है. यह फैसला चुनाव में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद लिया गया है. इससे पहले शनिवार को ही दक्षिण 24 परगना ज़िले के 15 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान संपन्न हुआ. आयोग का कहना है कि वोटिंग प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए यह ज़रूरी कदम है.
केंद्र सरकार ने नीति आयोग में दो नए सदस्य नियुक्त किए हैं. इनके नाम हैं डॉ. आर. बालासुब्रमण्यम और डॉ. जोरम अनिया. इन दोनों की नियुक्ति के साथ नीति आयोग में पूर्णकालिक सदस्यों की कुल संख्या सात हो गई है. 24 अप्रैल 2026 को सरकार ने नीति आयोग का पुनर्गठन किया था. उस दिन अशोक कुमार लाहिड़ी को उपाध्यक्ष बनाया गया था.
वॉशिंगटन फायरिंग के आरोपी को 'सुसाइड वॉच' से हटाने की मांग, सख्त जेल नियमों पर सवाल
व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान फायरिंग करने वाले आरोपी कोल टॉमस एलन के वकीलों ने वॉशिंगटन की एक अदालत में उसे ‘सुसाइड वॉच’ से हटाने की मांग की है. एलन के वकीलों ने जेल में उसके बुनियादी अधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाया है. उसे अपने सेल से बाहर निकलने की भी अनुमति केवल सुरक्षा कर्मियों की निगरानी में ही दी जा रही है.
आईपीएल 2026 के 44वें मुकाबले में शनिवार को चेन्नई सुपरकिंग्स ने मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से हरा दिया. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मुंबई की टीम ने 160 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे चेन्नई ने 19वें ओवर में ही चेज कर लिया. इस मैच में चेन्नई के कार्तिक शर्मा ने भी अपना पहला आईपीएल अर्धशतक लगाया.