आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), 26 फरवरी, 2026 की खबरें और समाचार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इजरायल दौरे के दौरान भारत और इजरायल के बीच 16 अहम समझौते हुए. वहीं, केंद्र सरकार ने तेल बेचने वाली कंपनियों को 1 अप्रैल 2026 से देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल बेचने का निर्देश दिया है. पढ़ें गुरुवार शाम की बड़ी खबरें.
AI, साइबर सिक्योरिटी और UPI... पीएम मोदी के दौरे पर भारत-इजरायल के बीच 16 समझौते
PM मोदी के इज़रायल दौरे के दौरान गुरुवार को भारत और इज़रायल के बीच कई क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर हुए. ये समझौते एग्रीकल्चर, जियोफिजिकल एक्सप्लोरेशन, फिशरी, AI, एजुकेशन और साइबर सिक्योरिटी जैसे क्षेत्रों को कवर करते हैं. यरुशलम में PM मोदी और इज़रायली PM नेतन्याहू की मौजूदगी में प्रेस बयान से पहले इन पर हस्ताक्षर हुए.
1 अप्रैल से देश भर में एथेनॉल ब्लेंड E20 पेट्रोल बेचना अनिवार्य, तेल कंपनियों को जारी हुआ निर्देश
केंद्र सरकार ने तेल बेचने वाली कंपनियों को 1 अप्रैल 2026 से देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल बेचने का निर्देश दिया है. इस पेट्रोल में अधिकतम 20% इथेनॉल होगा और इसका न्यूनतम रिसर्च ऑक्टेन नंबर यानी RON 95 होना ज़रूरी होगा. यह आदेश केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने जारी किया है.
चुनावी खर्च की सीमा तय करने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, केंद्र और चुनाव आयोग को नोटिस
सुप्रीम कोर्ट ने राजनीतिक दलों के चुनावी खर्च पर सीमा तय करने की मांग वाली जनहित याचिका पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को छह हफ्तों में जवाब देने को कहा है. गैर सरकारी संगठन कॉमन कॉज की याचिका में चुनावी दौर में अनियंत्रित धनबल से लोकतंत्र प्रभावित होने और असंतुलित प्रतिस्पर्धा की बात कही गई.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में आज भारत का सामना ज़िम्बाब्वे से होगा. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले में ओस से निपटने के लिए अमेरिका से मंगाए गए ‘Dew Cure’ केमिकल का इस्तेमाल किया जाएगा. यह केमिकल मेजर लीग बेसबॉल के मैदानों पर भी व्यापक रूप से इस्तेमाल होता है.
अचानक अमेरिका के दो बड़े अधिकारियों से मिले पीयूष गोयल, ट्रेड डील पर बताई एक-एक बात
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को मज़बूत करने के लिए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लटनिक और अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर से मुलाकात की है. गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक तस्वीर शेयर कर इसके बारे में जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि कि दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को लेकर हुई चर्चा सार्थक रही.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहली बार LCH प्रचंड में भरेंगी उड़ान... देखेंगी वायुसेना की 'वायु शक्ति'
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 फरवरी को राजस्थान के जैसलमेर एयर फोर्स स्टेशन पर देश के पहले स्वदेशी लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर LCH प्रचंड में उड़ान भरेंगी. यह पहली बार है जब कोई राष्ट्रपति स्वदेशी लड़ाकू हेलिकॉप्टर में को-पायलट बनकर उड़ान भर रही हैं. उड़ान के दौरान वे 'वायु शक्ति-2026' व्यायाम क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण भी करेंगी.
UP सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपनी जापान यात्रा के आखिरी दिन यामानाशी में हाई स्पीड मैग्लेव ट्रेन का सफर किया. चुंबकीय शक्ति से हवा में तैरते हुए यह ट्रेन 500 से 600 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जापान यात्रा के दूसरे दिन यामानाशी प्रांत में ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट का दौरा भी किया.
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने Rail Tech Portal और e-RCT को लॉन्च कर दिया है. सरकार का कहना है कि इससे रेलवे में इनोवेशन को तेज़ किया जाएगा और क्लेम से जुड़ी प्रक्रिया को डिजिटल बनाया जाएगा. Rail Tech Portal का मकसद रेलवे की रोजमर्रा की समस्याओं को सीधे टेक कंपनियों, स्टार्टअप और रिसर्च टीमों से जोड़ना है.
महिलाओं के लिए बड़ी पहल, PM मोदी HPV वैक्सीनेशन कैंपेन की करेंगे शुरुआत
PM मोदी 28 फरवरी को राजस्थान के अजमेर से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस वैक्सीनेशन अभियान की औपचारिक शुरुआत करेंगे. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर जैसी रोकथाम योग्य बीमारी को जड़ से खत्म करना है. इस अभियान के तहत बालिकाओं को Gardasil 4 की खुराक दी जाएगी.
होली से पहले उत्तराखंड-हिमाचल में बरसेंगे बादल, उत्तर-पश्चिम भारत में बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग ने होली से पहले उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है. वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में आने वाले दिनों में गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है. अगले 7 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 2°C से 4°C तक की बढ़ सकता है.