scorecardresearch
 

Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 23 फरवरी 2026 की शाम की टॉप खबरें और अन्य समाचार

इजरायल भारत को आयरन डोम की तकनीक दे सकता है. वहीं, तिरुमाला लड्डू विवाद को लेकर सुब्रमण्यम स्वामी की ओर से दाखिल की गई याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज किया.

Advertisement
X

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), 23 फरवरी, 2026 की खबरें और समाचार: इजरायल भारत को आयरन डोम की तकनीक दे सकता है. वहीं,  तिरुमाला लड्डू विवाद को लेकर सुब्रमण्यम स्वामी की ओर से दाखिल की गई याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज किया. इन खबरों के अलावा, तमिलनाडु की फाइनल मतदाता सूची में ड्राफ्ट लिस्ट के मुकाबले 23 लाख 30 हजार 624 मतदाताओं का इजाफा हुआ है. पढ़ें सोमवार शाम की बड़ी खबरें.

भारत को मिलेगी आयरन डोम की तकनीक! PM मोदी के इजरायल दौरे पर डिफेंस डील संभव

इज़रायल के मुंबई स्थित महावाणिज्य दूत यानिव रेवाच ने संकेत दिया है कि PM मोदी की इज़रायल यात्रा के दौरान दोनों देश अपने रक्षा समझौतों का विस्तार करेंगे. इस डील का सबसे अहम हिस्सा इजरायल की 'आयरन डोम' मिसाइल डिफेंस सिस्टम की तकनीक का हस्तांतरण हो सकता है. रेवाच ने कहा, "हमारा लक्ष्य  भारत में विनिर्माणऔर आयरन डोम जैसी तकनीकों को साझा करना शामिल है."

तिरुमाला लड्डू विवाद: सुब्रमण्यम स्वामी को SC से झटका, प्रशासनिक और SIT जांच साथ चलेंगी

तिरुपति बालाजी वेंकटेश्वर मंदिर के चर्चित तिरुमाला लड्डू विवाद पर उठे विवाद मामले में बीजेपी के पूर्व सांसद सुब्रमण्यम स्वामी द्वारा दाखिल की गई याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है. स्वामी ने याचिका में उस प्रशासनिक कमेटी पर रोक लगाने की मांग की थी जो आंध्रप्रदेश सरकार ने मिलावटी प्रसाद की जांच को लेकर बनाई है.

Advertisement

तमिलनाडु में SIR के बाद जारी फाइनल मतदाता सूची, ड्राफ्ट लिस्ट से 23 लाख नाम ज्यादा

तमिलनाडु की फाइनल मतदाता सूची में ड्राफ्ट लिस्ट के मुकाबले 23 लाख 30 हजार 624 मतदाताओं का इजाफा हुआ है. राज्य में ताजातरीन अंतिम मतदाता सूची में पांच करोड़ 67 लाख 07 हजार 380 मतदाता हैं. इनमें पुरुष 2 करोड़ 77 लाख 38 हजार 925, महिलाएं 2 करोड़ 89 लाख 60 हजार 838 और थर्ड जेंडर के 7,617 वोटर पंजीकृत हुए हैं.

कोहरा अभी टला नहीं! पंजाब में डेंस फॉग का अलर्ट जारी... देश के कई हिस्सों में बारिश, जानें मौसम

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 24 फरवरी 2026 को पंजाब के कुछ इलाकों में सुबह घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है.  मौसम विभाग के अनुसार भारत के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं और अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई गई है. मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है.

बांग्लादेश में तारिक रहमान के PM बनते ही सेना में बड़ा फेरबदल, भारत से रक्षा सलाहकार को वापस बुलाकर दिया प्रमोशन

बांग्लादेश में तारिक रहमान के प्रधानमंत्री पद संभालने के कुछ दिनों बाद सेना में बड़ा फेरबदल किया गया है. भारत में रक्षा सलाहकार रहे ब्रिगेडियर जनरल हफीजुर को प्रमोशन दिया गया है और उन्हें मेजर जनरल बनाया गया. मेजर जनरल नामित कैसर राशिद चौधरी को डायरेक्टरेट जनरल ऑफ फोर्सेस इंटेलिजेंस का डायरेक्टर जनरल नियुक्त किया गया है.

Advertisement

बैंक फ्रॉड केस में अनिल अंबानी को झटका, हाईकोर्ट ने चार हफ्ते की मोहलत ठुकराई

उद्योगपति अन‍िल अंबानी को बॉम्बे हाई कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. कोर्ट ने उस सिंगल बेंच के आदेश को रद्द कर दिया है, जिसमें बैंकों की फ्रॉड प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई थी. सोमवार को चीफ जस्टिस श्रीय चंद्रशेखर और जस्टिस गौतम ए. अंखाड़ की डिवीजन बेंच ने सिंगल बेंच के फैसले को 'गलत और त्रुटिपूर्ण' करार दिया.

गहन जांच के बाद ही फ्रंटलाइन स्क्वाड्रन में शामिल होंगे तेजस विमान, हादसों के बाद एयरफोर्स का फैसला

भारतीय वायुसेना इस साल अप्रैल में स्वदेशी तेजस Mk1A विमान का गहन तकनीकी आकलन करेगी. 2024 से तीन विमान खोने के बाद अब वायुसेना पूरी सावधानी के साथ इस नए और एडवांस वर्जन को अपनाना चाहती है. इस परीक्षण के बाद ही ये तय होगा कि विमान को वायुसेना के बेड़े में कब शामिल किया जाएगा.

लाल किला-दिल्ली असेंबली को बम से उड़ाने की धमकी, खालिस्तानी ग्रुप के नाम से आया धमकी भरा ई-मेल

दिल्ली पुलिस को सोमवार को दिल्ली विधानसभा और लाल किला को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ई-मेल मिला. यह धमकी कथित तौर पर एक खालिस्तानी ग्रुप के नाम से भेजी गई. धमकी मिलने के तुरंत बाद दिल्ली विधानसभा परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया. बॉम्ब स्क्वाड ने पूरे इलाके की गहन जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.

Advertisement

इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष को दिल्ली पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया, AI समिट प्रोटेस्ट में एक्शन तेज

इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में इंडियन यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने IYC के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है. इस बारे में यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है. इस मामले में पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की पसमांदा मुस्लिमों को OBC का दर्जा देने की याचिका, कहा- 'ये कोर्ट का काम नहीं'

सुप्रीम कोर्ट ने पसमांदा मुसलमानों को OBC में शामिल करने की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया है. अदालत ने कहा कि किसी नई जाति या समुदाय को आरक्षण की सूची में डालना सरकार और संसद का काम है, अदालत का नहीं. कोर्ट ने बताया कि ओबीसी का दर्जा सिर्फ जाति के आधार पर नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक कारकों के आधार पर तय होता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement