प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटैलियन पीएम जॉर्जिया मेलोनी को भारत आने का न्योता दिया. वहीं, नीट यूजी 2026 पेपर लीक विवाद के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी में चार अधिकारियों की नियुक्तियां हुईं. इन खबरों के अलावा, केरलम के नए सीएम सतीशन ने राज्य में दूध की कीमतों में चार रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया. पढ़ें बुधवार शाम की बड़ी खबरें.
PM मोदी ने मेलोनी को दिया भारत आने का न्योता, स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप का किया ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोम में इटली की PM जॉर्जिया मेलोनी के साथ ज्वॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की. पीएम मोदी ने संबोधन में भारत-इटली संबंधों को स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप तक अपग्रेड करने की घोषणा की. साथ ही उन्होंने इटैलियन PM मेलोनी को भारत आने का न्योता भी दिया. दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, AI, स्पेस में सहयोग पर चर्चा की.
NTA में बड़ा बदलाव, चार अधिकारियों की हुई नियुक्ति, कई पदों पर निकली वैकेंसी
NEET UG 2026 पेपर लीक विवाद के बाद N T A अपनी व्यवस्था मज़बूत करने में जुट गया है. शिक्षा मंत्रालय के निर्देश पर एन टी ए में 4 वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति हुई है. इनमें 2 संयुक्त सचिव और 2 डायरेक्टर स्तर के अधिकारी शामिल हैं. इनकी जिम्मेदारी एजेंसी में पारदर्शिता बढ़ाने की होगी. CTO और CFO जैसे पदों पर भी भर्तियां शुरू हुई हैं.
केरलम में दूध के दाम चार रुपये बढ़े, नए सीएम सतीशन ने दी मंजूरी
केरलम में रहने वाले लोगों के लिए 1 जून से दूध खरीदना महंगा हो जाएगा. राज्य की सहकारी डेयरी संस्था मिल्मा ने दूध की कीमत में 4 रुपये प्रति लीटर बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है. अब हर लीटर दूध के लिए लोगों को पहले से ज्यादा पैसे देने होंगे. यह फैसला 1 जून से लागू होगा. दूध के दाम बढ़ने की जानकारी मिल्मा के चेयरमैन के एस मणि ने दी.
BCCI का बड़ा ऐलान, घरेलू सीजन में होंगे 1788 मैच, रणजी-ईरानी कप और विज्जी ट्रॉफी में कई बड़े बदलाव
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने 2026-27 घरेलू सीजन का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. इस बार पुरुष और महिला वर्ग के अलग-अलग आयु वर्गों में कुल 1788 मुकाबले खेले जाएंगे. दलीप ट्रॉफी से सीजन की शुरुआत होगी, जबकि रणजी ट्रॉफी, कूच बिहार ट्रॉफी और अंडर ट्वेंटी थ्री टूर्नामेंट्स में कई बड़े बदलाव किए गए हैं.
मोहम्मद शमी को बड़ी राहत, पत्नी हसीन जहां को झटका, चेक फ्रॉड केस में कोर्ट से मिली क्लीन चिट
क्रिकेटर मोहम्मद शमी को अलीपुर कोर्ट ने चेक फ्रॉड केस में क्लीन चिट दी है. कोर्ट ने 2018 के इस चर्चित केस में मोहम्मद शमी को उनकी पत्नी हसीन जहां की ओर से लगाए गए सभी आरोपों से बरी कर दिया. सुनवाई के बाद मोहम्मद शमी ने कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है. हालांकि दोनों के बीच मेंटेनेंस विवाद अभी भी सुप्रीम कोर्ट में जारी है.
CBSE के री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर मची अफरा-तफरी, आवेदन की तारीख बढ़ी, अब इस दिन तक कर सकते हैं आवेदन
CBSE ने 12वीं की कॉपियों के रीइवैल्यूएशन को लेकर बोर्ड ने आवेदन करने की तारीख आगे बढ़ा दी है. अब स्टूडेंट्स 12वीं की कॉपियों के री-इवैल्यूशन और स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए 23 मई तक आवेदन कर सकते हैं. बोर्ड ने यह फैसला छात्रों को आ रही तकनीकी परेशानियों के बाद लिया. कई छात्रों ने पोर्टल क्रैश और दूसरी गड़बड़ियों की शिकायत की थी.
चंद्रयान-3 का बड़ा खुलासा- चंद्रमा की सतह दो लेयर वाले केक जैसी
इसरो ने चंद्रमा को लेकर बड़ा खुलासा किया है. चंद्रयान थ्री मिशन से पता चला है कि चांद की सतह धूल का ढेर नहीं है, बल्कि दो अलग-अलग परतों वाली केक जैसी संरचना है. ऊपरी परत सिर्फ कुछ सेंटीमीटर मोटी है, जबकि उसके नीचे की परत ज्यादा सख्त है. ये खोज चंद्रयान थ्री के विक्रम लैंडर के उस हॉप के दौरान हुई, जो 2 सितंबर 2023 को की गई थी.
TMC सांसद काकोली घोष को मिली Y कैटेगरी सिक्योरिटी, CISF के जवान रहेंगे सुरक्षा में शामिल
केंद्र सरकार ने तृणमूल कांग्रेस यानी टीएमसी सांसद काकोली घोष दस्तीदार को 'Y' कैटेगरी की सुरक्षा मुहैया कराई है. केंद्र सरकार ने उनको CISF की सशस्त्र सुरक्षा मुहैया कराई है. अधिकारियों के मुताबिक यह सुरक्षा 19 मई से लागू कर दी गई है. यह फैसला गृह मंत्रालय द्वारा इंटेलिजेंस ब्यूरो की थ्रेट असेसमेंट रिपोर्ट के आधार पर लिया गया.
Gullak Season 5 Trailer: मिश्रा परिवार के घर में आई दरार, क्या मरम्मत में दांव पर लग जाएंगे रिश्ते?
TVF की सीरीज गुल्लक के सीजन 5 का ट्रेलर रिलीज हो गया है. इस शो के साथ मिश्रा परिवार एक बार फिर आपकी स्क्रीन पर दस्तक देने के लिए तैयार है. टीजर में आप किरदार संतोष मिश्रा और उनके घर के सदस्यों को जिंदगी में आगे बढ़कर बड़े बदलावों का सामना करते देखेंगे. शो का नया सीजन 5 जून को रिलीज होने वाला है. इसे आप सोनी लिव पर देख पाएंगे.
दिल्ली, UP और MP... अगले 7 दिन गर्मी का रेड अलर्ट, मौसम वैज्ञानिक दे रहे ये चेतावनी
देश के उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत में इन दिनों भीषण गर्मी जारी है. यहां के इलाके हीटवेव की चपेट में हैं. यह स्थिति अगले 7 दिनों तक बनी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश के लिए अगले तीन दिनों का रेड अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में तापमान 47℃ से भी ऊपर जाने का अनुमान है.