रूसी राष्ट्रपति पुतिन 12 से 13 सितंबर को BRICS सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली आएंगे. वहीं, अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हुआ. इन खबरों के अलावा, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को नीट यूजी रीएग्जाम को लेकर हाई लेवल बैठक की. पढ़ें बुधवार शाम की बड़ी खबरें.
सितंबर में भारत आएंगे रूसी राष्ट्रपति पुतिन, BRICS शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 12 - 13 सितंबर को BRICS शिखर सम्मेलन 2026 में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली आएंगे. क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने मंगलवार को इस हाई-प्रोफाइल यात्रा की पुष्टि की है. भारत और रूस के बीच गहराते रणनीतिक और रक्षा सहयोग के बीच पुतिन की यह यात्रा काफी अहम मानी जा रही है.
अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम इंडिया में बड़ा उलटफेर, ऋषभ पंत ODI टीम से बाहर... टेस्ट की उपकप्तानी भी गई
अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज़ के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है. विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत को वनडे टीम से बाहर कर दिया गया, जबकि टेस्ट टीम की उपकप्तानी भी उनसे लेकर केएल राहुल को सौंप दी गई. शुभमन गिल दोनों फ़ॉर्मेट में कप्तान रहेंगे. टीम इंडिया ये सीरीज 6 जून से मुल्लांपुर में टेस्ट और 14 जून से वनडे सीरीज़ खेलेगी.
NEET री-एग्जाम को लेकर सरकार अलर्ट, धर्मेंद्र प्रधान ने की हाई लेवल बैठक
NEET UG 2026 के री-एग्जाम को लेकर केंद्र सरकार ने तैयारियां तेज कर दी है. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की अध्यक्षता में मंगलवार को हाई लेवल की मीटिंग हुई. इस बैठक में परीक्षा की सुरक्षा, पारदर्शिता और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. मंत्री ने जोर दिया कि इस बार एग्जाम बिना किसी गलती से आयोजित की जानी चाहिए.
भारतीय नौसेना को मिलेगा नया अदृश्य हथियार, दुश्मन हो जाएगा बेकार
भारत अब दुनिया के चुनिंदा देशों की उस एलीट क्लब में शामिल होने जा रहा है, जिनके पास HPM तकनीक है. भारतीय नौसेना ने टॉन्बो इमेजिंग कंपनी को ADITI 3.0 प्रोजेक्ट के तहत स्वदेशी HPM सिस्टम विकसित करने, एकीकृत करने और नौसैनिक प्लेटफॉर्म्स पर लगाने का कॉन्ट्रैक्ट दिया है. HPM एक डायरेक्टेड एनर्जी वेपन है.
दिलजीत की 'मैं वापस आऊंगा' के ट्रेलर में दिखे 'उजैर बलोच', एक झलक देखकर क्रेजी हुए धुरंधर फैन्स
दिलजीत दोसांझ की फिल्म मैं वापस आऊंगा का ट्रेलर रिलीज हो गया है. फिल्म में भारत पाकिस्तान के बंटवारे में अधूरी रह गई एक लव स्टोरी है. ट्रेलर दिखाता है कि दिलजीत दोसांझ के दादाजी दुनिया छोड़ने के करीब हैं और आखिरी लम्हों में वो अपनी अधूरी लव स्टोरी याद कर रहे हैं. इम्तियाज अली ने फिल्म को डायरेक्ट किया है.
उत्तराखंड के पूर्व CM बीसी खंडूरी का निधन, PM मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया शोक
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी का मंगलवार को निधन हो गया. 91 वर्षीय वरिष्ठ बीजेपी नेता ने देहरादून में लंबी बीमारी के बाद अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर के बाद राजनीतिक और सैन्य जगत में शोक की लहर दौड़ गई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने खंडूरी के निधन पर गहरा दुख जताया.
चित्तौड़गढ़ में चरम पर गर्मी, पारा 46 डिग्री पार... लू का रेड जोन बना पश्चिमी राजस्थान
राजस्थान में भीषण गर्मी पड़ रही है. पारा 46°C के पार पहुंच गया है. पिलानी और चित्तौड़गढ़ में सबसे ज्यादा गर्मी दर्ज की गई, जहां तापमान 46.2°C तक पहुंच गया है. मौसम विभाग ने मंगलवार, 19 मई को 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 5 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं पश्चिमी राजस्थान पूरी तरह लू के रेड जोन में आ गया है.
कौन हैं गुरनूर बरार? जिनकी टीम इंडिया में हुई सरप्राइज एंट्री, 6 फीट 5 इंच लंबाई... गिल, नेहरा और धवन से है गहरा कनेक्शन
तेज़ गेंदबाज़ गुरनूर बरार की टीम इंडिया में सरप्राइज़ एंट्री हुई है. बीसीसीआई चीफ़ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने उन्हें भविष्य का अहम खिलाड़ी बताया. 6 फ़ीट 5 इंच लंबे गुरनूर अपनी रफ़्तार, बाउंस और रिवर्स स्विंग से लगातार प्रभावित कर रहे हैं. पंजाब के इस गेंदबाज़ की घातक बॉलिंग विरोधी बल्लेबाज़ों के पसीने छुड़ा सकती है.
उमर खालिद की जमानत याचिका खारिज, SC की बड़ी टिप्पणी के बावजूद लोअर कोर्ट से राहत नहीं
दिल्ली दंगों में साजिश रचने से जुड़े यूएपीए मामले में दिल्ली की एक कोर्ट ने पूर्व JNU छात्र नेता उमर खालिद की अंतरिम जमानत याचिका खारिज कर दी. कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश समीर बजाज ने उमर खालिद की 15 दिनों की अंतरिम जमानत की मांग ठुकरा दी. कोर्ट ने कहा कि अंतरिम जमानत के लिए उमर की ओर से दिए गए कारण संतोषजनक नहीं हैं.
अमेरिका में अडानी के खिलाफ दर्ज केस खत्म, $10 अरब निवेश के वादे के बाद फैसला
अमेरिकी सरकारी वकीलों ने कोर्ट को बताया कि मामले की समीक्षा के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया कि आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त आधार नहीं हैं. इसके बाद कोर्ट ने गौतम अडानी और सागर अडानी के खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज करने का आदेश दिया. इस मामले को अब दोबारा नहीं खोला जा सकता.