scorecardresearch
 

Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 16 मई 2022 की सुबह की टॉप खबरें और अन्य समाचार

वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद में सर्वे लगातार तीसरे दिन भी जारी है. वहीं, देश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण के नए मामलों में कमी आई है.

Advertisement
X
साल का पहला चंद्रग्रहण आज (फाइल फोटो)
साल का पहला चंद्रग्रहण आज (फाइल फोटो)

वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद में सर्वे लगातार तीसरे दिन भी जारी है. वहीं, देश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण के नए मामलों में एक दिन पहले की अपेक्षा कमी आई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बुद्ध पूर्णिमा के दिन नेपाल के लुम्बिनी जा रहे हैं. इसके अलावा साल का पहला चंद्रग्रहण आज लगा है. मौसम विभाग ने दिल्ली एनसीआर में आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है.

1- ज्ञानवापी में आज लगातार तीसरे दिन सर्वे, कुएं की होगी वीडियोग्राफी, 2 किमी के दायरे में सुरक्षा तैनात

वाराणसी में आज ज्ञानवापी मस्जिद (Gyanvapi masjid survey) का लगातार तीसरे दिन सर्वे किया गया. माना जा रहा कि आज सर्वे का काम पूरा हो जाएगा. सर्वे के लिए टीम पहुंच गई है. उधर, सर्वे के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.  2 किलोमीटर के दायरे में फोर्स तैनात की गई है.

2- भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2202 केस, कल की तुलना में 11.5% कम

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2202 केस सामने आए हैं. हालांकि, शनिवार की तुलना में रविवार को 11.5% कम केस दर्ज किए गए हैं. वहीं, रविवार को 27 लोगों ने अपनी जान गंवा दी. जबकि शनिवार को कोरोना से 13 मौत दर्ज की गई थीं. देश में अब तक कोरोना वायरस के 4,31,23,801 केस सामने आ चुके हैं. सबसे ज्यादा केस दिल्ली में (613 केस) में आए हैं.

Advertisement

3- नेपाल में डिप्लोमेसी, लखनऊ में डिनर... योगी कैबिनेट के साथ PM मोदी करेंगे संवाद

नेपाल की यात्रा से लौटते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ के मेहमान बनेंगे. सीएम आवास में पीएम मोदी मुख्यमंत्री योगी के कैबिनेट के सहयोगियों के साथ डिनर करेंगे और उन्हें गुड गवर्नेंस के टिप्स के देंगे, अपनी सरकार का एजेंडा मंत्रियों को बताएंगे और उन्हें अपनी सरकार की प्राथमिकताएं भी बताएंगे.

4- साल का पहला चंद्र ग्रहण आज, जानें समय, सूतक काल और भारत पर इसका असर

ज्योतिर्विद शैलेंद्र पांडेय के मुताबिक ये चंद्र ग्रहण सुबह 7.02 से शुरू हो चुका है जो दोपहर 12.20 पर खत्म होगा.  इस चंद्र ग्रहण की कुल अवधि करीब 5 घंटे से ज्यादा रहेगी. ये एक पूर्ण चंद्र ग्रहण है जो भारत में दिखाई नहीं देगा. यहां दिखाई ना देने की वजह से भारत में इसका सूतक भी मान्य नहीं होगा. यानी पूजा-पाठ या किसी भी तरह के शुभ कार्यों पर किसी तरह की पाबंदी नहीं होगी.

5- दिल्ली में आंधी-तूफान की संभावना, केरल में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जानें आज का मौसम

देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव से लोग परेशान हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में अभी कुछ दिनों तक भीषण गर्मी से राहत नहीं मिलती दिख रही है. अगर आज के तापमान की बात करें तो दिल्ली में 16 मई को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. वहीं, दिल्ली में आज आंधी-तूफान चलने की भी संभावना है.

Advertisement

 

Advertisement
Advertisement