scorecardresearch
 

Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 15 अप्रैल 2026 की सुबह की बड़ी खबरें और अन्य समाचार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच 40 मिनट तक फोन पर बात हुई है. वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले गए मैच में सीएसके ने बाजी मारी.

Advertisement
X
पीएम मोदी को ट्रंप के कॉल की वजह क्या है. (File Photo: AP)
पीएम मोदी को ट्रंप के कॉल की वजह क्या है. (File Photo: AP)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच ईरान और होर्मुज के मसले पर 40 मिनट तक बातचीत हुई. वहीं,  इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 22वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 32 रनों से हराकर शानदार जीत हासिल की. इन खबरों के अलावा, दिल्ली में जनगणना के पहले चरण हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन की शुरुआत 16 अप्रैल से होगी. पढ़ें बुधवार सुबह की बड़ी खबरें.

राष्ट्रपति ट्रंप ने PM मोदी को लगाया फोन, ईरान और होर्मुज पर 40 मिनट तक हुई चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच 40 मिनट फ़ोन पर बातचीत हुई. दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग में प्रगति की समीक्षा की और वेस्ट एशिया के हालात खासकर होर्मुच पर चर्चा की. भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी से कहा कि अमेरिका भारत से प्यार करता है.

CSK vs KKR, IPL 2026 Highlights: ग्रीन, रिंकू, नरेन सब फेल... CSK ने केकेआर को 32 रनों से रौंदा

IPL 2026 का 22वां मुकाबला मंगलवार को चेन्नई सुपरकिंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया. CSK ने इस मैच में 32 रनों से जीत हासिल की. ये भिड़ंत एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई में हुई, जहां टॉस जीतकर KKR की टीम ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. चेन्नई ने 192 रन बनाए थे. इसके जवाब में उतरी केकेआर 7 विकेट खोकर 160 रन ही बना सकी.

Advertisement

दिल्ली में 16 अप्रैल से जनगणना का पहला चरण, जमा होगा घरों और इमारतों का डेटा

दिल्ली में जनगणना के पहले चरण हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन की शुरुआत 16 अप्रैल से होगी. सभी इमारतों और घरों से जुड़ी जानकारी एकत्र की जाएगी. जनगणना टीमें पहले चरण में 16 अप्रैल से 15 मई तक NDMC और दिल्ली के कैंटोनमेंट इलाकों में डेटा एकत्र करेंगी. वहीं दूसरा चरण 16 मई से 15 जून तक MCD के अंतर्गत आने वाले इलाकों में पूरा किया जाएगा.

US टैरिफ हुआ कम... भारत ने किया कमाल, IMF ने बढ़ाया ग्रोथ का अनुमान

इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड यानी आईएमएफ ने भारत के विकास पूर्वानुमान को और भी बढ़ा दिया है. IMF ने कैलेंडर वर्ष 2026 के लिए भारत के विकास पूर्वानुमान को 30 बेसिस पॉइंट बढ़ाकर 6.5 प्रतिशत कर दिया है. IMF ने कहा कि मिडिल ईस्‍ट में तनाव और ग्‍लोबल इकोनॉमी के दबाव के बीच भारत उभरते हुए एशिया के ज्‍यादातर देशों से बेहतर प्रदर्शन कर रहा है.

16 अप्रैल को संसद में महिला आरक्षण संशोधन बिल पर चर्चा, सरकार ने विपक्ष से मांगा समर्थन

महिला आरक्षण संशोधन बिल को लेकर संसद में हलचल तेज हो गई है. लोकसभा में इस बिल पर 16 और 17 अप्रैल को चर्चा और वोटिंग कराई जाएगी. इसके लिए कुल 18 घंटे का समय निर्धारित किया गया है. मोदी सरकार की ओर से इसे प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि महिला आरक्षण को जल्द लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाया जा सके.

Advertisement

ओडिशा: स्कूल में बासी खाना खाने से 100 छात्र बीमार, एक छात्रा की मौत... जांच के आदेश

ओडिशा के मयूरभंज में एक आदिवासी आवासीय स्कूल में मंगलवार को 100 से ज़्यादा छात्र बीमार पड़ गए. उनमें से 5वीं कक्षा की एक छात्रा की मौत हो गई. इस मामले की मुख्यमंत्री ने जांच के आदेश दिए हैं. छात्रों के माता-पिता ने दावा किया कि बच्चों ने बासी चावल, मसले हुए आलू और चटनी खाई थी, जिसके बाद उन्हें दस्त और उल्टी की शिकायत होने लगी.

मणिपुर के बिष्णुपुर में भारी तनाव! सादे कपड़ों में सुरक्षाकर्मियों को देख भड़के लोग, झड़प में 18 घायल

मणिपुर में बिष्णुपुर के थिनुंगेई इलाके में मंगलवार को तनाव फैल गया, जब प्रदर्शनकारियों ने सादे कपड़ों में सुरक्षाकर्मियों को ले जा रही तीन गाड़ियों को रोक लिया. इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने दो गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया. इस घटना में 5 महिलाओं समेत 18 लोग घायल हो गए. सुरक्षा बलों ने बाद में कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया.

ओडिशा में गर्मी का कहर! टिटलागढ़ में 41.7 डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा

भारत के कई हिस्सों में गर्मी का असर अब बढ़ गया है. मंगलवार को ओडिशा में भीषण गर्मी पड़ी. राज्य में कम से कम 8 जगहों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहा. संबलपुर और हीराकुड में 41.5 और टिटलागढ़ में 41.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि झारसुगुड़ा और भवानीपटना में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement