मुंबई लोकल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए सेंट्रल रेलवे ने 29 जून 2026 से मेन लाइन की 12 नॉन-एसी लोकल ट्रेनों को एसी लोकल सेवाओं में बदलने का फैसला किया है. इसके साथ ही सेंट्रल रेलवे पर एसी लोकल ट्रेनों की कुल संख्या बढ़कर 120 हो जाएगी, जिनमें मेन लाइन पर 92 और हार्बर लाइन पर 28 सेवाएं शामिल होंगी. नई एसी लोकल ट्रेनें टिटवाला, कल्याण, ठाणे, घाटकोपर, कुर्ला और सीएसएमटी के बीच संचालित होंगी. सोमवार से शनिवार तक ये सेवाएं एसी रेक के साथ चलेंगी, जबकि रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिन इन्हें नॉन-एसी रेक से चलाया जाएगा. रेलवे का कहना है कि इस फैसले से यात्रियों को अधिक आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी और एसी लोकल की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी.