फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया के महासचिव मनोज यादव ने बताया कि मौजूदा इजरायल-अमेरिका और ईरान युद्ध क्षेत्र में करीब 23,000 भारतीय नाविक विभिन्न जहाजों पर फंसे हुए हैं, जिनमें सैकड़ों नाविक ईरान के बंदरगाहों के पास उच्च जोखिम वाले इलाकों में हैं. उन्होंने कहा कि वो करीब 150 नाविकों से सीधे संपर्क में हैं, जो बंदर अब्बास, लवान आइलैंड और सिर्री आइलैंड के आसपास मौजूद 14 जहाजों पर हैं. यूनियन ने सरकार को पत्र लिखकर इन जहाजों को भारतीय नौसेना की सुरक्षा में निकालने की मांग की है. नाविक पिछले एक महीने से जहाजों पर फंसे हैं, जहां रोजाना उनके ऊपर से मिसाइलें गुजरती हैं. कई बंदरगाहों पर आवाजाही पर रोक और संचार बाधित होने के कारण भोजन की कमी और परिवार से संपर्क टूटने जैसी गंभीर समस्याएं सामने आ रही हैं.