महाराष्ट्र के पुणे से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. बीटेक सेकेंड ईयर के एक छात्र की बास्केटबॉल रिंग पर पुश-अप करते वक्त रिंग टूटने से गंभीर रूप से घायल होकर मौत हो गई. मृतक छात्र का नाम विपुल वर्मा है, जो उत्तर प्रदेश के अयोध्या का रहने वाला था. घटना की जानकारी मिलते ही उसके माता-पिता पुणे के लिए रवाना हो गए हैं.
घटना के बाद टोलानी इंस्टीट्यूट के छात्रों में आक्रोश देखने को मिला. डीसीपी श्वेता खेडकर ने आश्वासन दिया है कि इस मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
यह घटना पुणे के तलेगांव स्थित इंदुरी इलाके में हुई. मिली जानकारी के मुताबिक, विपुल वर्मा बास्केटबॉल कोर्ट से गुजर रहा था, तभी उसने रिंग पर पुश-अप करने की कोशिश की. इसी दौरान भारी लोहे की रिंग अचानक टूटकर उसके सिर पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. खून ज्यादा बहने की वजह से वह बेहोश हो गया.
हॉस्पिटल पहुंचने में हुई देरी
छात्रों का आरोप है कि उसे अस्पताल पहुंचाने में कुछ मिनटों की देरी हुई. बाद में उसे तलेगांव के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
यह भी पढ़ें: पुणे: तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि, कई जगह गिरे पेड़, देखें वीडियो
घटना के बाद टोलानी इंस्टीट्यूट में छात्रों ने आक्रोश जताया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई. मौके पर बड़ी तादाद में पुलिस बल तैनात किया गया है, जिससे कोई अप्रिय घटना न हो. इस पूरे मामले पर सीनियर अधिकारी नजर रखे हुए हैं.
इस दुखद घटना से छात्रों में शोक की लहर है. पुलिस उपायुक्त श्वेता खेडकर ने आजतक से फोन पर बातचीत के दौरान कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.