scorecardresearch
 

PM मोदी 19 जनवरी को आ सकते हैं मुंबई, BMC चुनाव से पहले बढ़ाएंगे कार्यकर्ताओं का मनोबल!

बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनाव से पहले बीजेपी और एकनाथ शिंदे गुट अभी से तैयारियों में जुट गया है. संभावना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 जनवरी को मुंबई आ सकते हैं और कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन कर सकते हैं. पीएम के दौरे को देखते हुए फडणवीस और शिंदे गुट जनसभा की तैयारियों में भी लग गया है. माना जा रहा है कि पीएम पार्टी कार्यकर्ताओं की मीटिंग को भी संबोधित कर सकते हैं.

Advertisement
X
दिसंबर 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागपुर का दौरा किया था. (फोटो- PTI)
दिसंबर 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागपुर का दौरा किया था. (फोटो- PTI)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 19 जनवरी को मुंबई आने की संभावना है. पीएम मोदी के मेट्रो लाइन 2ए, 7 और सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) जैसी बड़ी इंफ्रा परियोजनाओं का उद्घाटन करने की उम्मीद है. इस दौरे को बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है. माना जा रहा है कि आगामी बीएमसी चुनावों से पहले पीएम मोदी मुंबई में पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए पार्टी की बैठक को संबोधित कर सकते हैं.

दरअसल, महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली MVA सरकार गिरने के बाद एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में बीजेपी गठबंधन ने सरकार बनाई है. राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद पीएम मोदी की ये पहली मुंबई यात्रा होगी.

सीएम एकनाथ शिंदे और डीसीएम देवेंद्र फडणवीस भी पीएम के संभावित दौरे की तैयारियों में जुट गए हैं. इसके लिए उन्होंने मुंबई के विधायकों और सांसदों के साथ बैठक की है. मुंबई भाजपा इकाई ने भी पीएम मोदी के मुंबई दौरे के दौरान उनके भव्य स्वागत के लिए कमर कस ली है. 

पीएम की सभा से माहौल बनाने की कोशिश में बीजेपी

कहा जा रहा है कि पीएम का दौरा भाजपा और मुख्यमंत्री शिंदे की 'बालासाहेबंची शिवसेना' का शक्ति प्रदर्शन होगा और महा विकास अघाड़ी के उद्धव गुट, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस के खिलाफ एक माहौल बनाने की कोशिश शुरू की जाएगी.

Advertisement

2017 में बीजेपी ने जीती थी 82 सीटें

बता दें कि 2017 में बीएमसी की 227 सीटों पर चुनाव हुआ था. इसमें शिवसेना ने 84 सीटों पर जीत हासिल की थी. जबकि बीजेपी को कुल 82 सीटें मिली थीं. शिवसेना पिछले 25 वर्षों से देश के सबसे अमीर नगर निगम पर शासन कर रही है. उद्धव गुट से अलग होने के बाद बीजेपी ने सीएम शिंदे के गुट से हाथ मिलाया है और दोनों आगामी बीएमसी चुनाव जीतने की तैयारी में लग गए हैं.

 

Advertisement
Advertisement